प्रगति मैदान सुरंग लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसकी बनावट से प्रभावित होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हफ्ते में एक दिन इसे लोगों के देखने के लिए खोलने का सुझाव दिया था। मौजूदा समय न केवल दिल्ली एनसीआर से बल्कि देश के कोने-कोने से दिल्ली आने वाले लोग इसे देखने आ रहे हैं। रविवार को वाहनों के लिए सुरंग बंद थी तो सैकड़ों लोगों ने पैदल ही सुरंग का भ्रमण किया और यहां बनीं कलाकृतियों को निहारा और सेल्फी खींची। पेश है अमर उजाला के संवाददाता आदित्य पाण्डेय की लाइव रिपोर्ट।
Pragati Maidan Tunnel: लोगों ने देखी सुरंग और खिंचवाई फोटो, तस्वीरों में देखें टनल में बनीं मनमोहक कलाकृतियां
उमस भरी दोपहर में भी दिखा उत्साह
स्थान-इंडिया गेट-प्रगति मैदान रोड
समय-दोपहर 12 बजे
इंडिया गेट सर्कल से सुरंग की तरफ जाने वाले रोड पर दिल्ली यातायात पुलिस की बैरीकेडिंग दिखाई दी, जिस पर लिखा था कि रविवार को सुरंग बंद है। यहां ट्रैफिक पुलिस कर्मी ने बताया कि पैदल जा सकते हैं। आगे बढ़कर सुरंग के मुख्य द्वार पर पहुंचे और यहां से पैदल ही सुरंग में प्रवेश किया। अंदर कई लोग परिवार के साथ घूमते नजर आए। पश्चिमी दिल्ली के ख्याला से दो भाई राजेश और संजीत कुमार सुरंग देखने आए थे। ये दोनों हाल ही में बिहार से नौकरी करने दिल्ली आए हैं। रविवार को छुट्टी थी तो ये सुरंग देखने आ गए। इन दोनों ने सुंरग के अंदर बनी कलाकृतियों की प्रशंसा की। राजेश ने कहा कि कलाकृतियां बहुत अच्छी हैं, लेकिन और अच्छा तब होता जब इन कृतियों के साथ यह भी लिखा होता कि यह देश के किस हिस्से से संबंधित हैं।
वहीं गाजीपुर से मुकेश शर्मा अकेले ही सुरंग देखने के लिए आए थे। उन्होंने सुरंग के एक छोर से दूसरे छोर का वीडियो रिकॉर्ड किया और कहा कि वह इसे अपने बच्चों को दिखाएंगे। बदरपुर से खुशी विश्नोई अपनी चाची और दो छोटे भाइयों के साथ सुरंग देखने के लिए आई थीं। उन्होंने सेल्फी खींची और अपने अनुभवों को साझा किया। खुशी ने कहा कि उनके पिता ने उन्हें सुरंग देखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि सुरंग में बनाई गईं कलाकृतियां देश की विविधता में एकता को दर्शाती हैं। गाजियाबाद राजनगर एक्सटेंशन से शुभम शर्मा अपने बड़े भाई व दो बहनों के साथ सुरंग देखने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने सुरंग में सेल्फी खींची। इनकी दोनों बहनों ने सुरंग में दौड़ लगाई, उनके पीछे बच्चे दौड़ लगाते और धमाचौकड़ी करते नजर आए।
हुआ मोबाइल टॉयलट का इंतजाम
सुरंग के अंदर दो मोबाइल टॉयलेट लगाए गए हैं। रविवार को सुबह ही ये दोनों टॉयलेट यहां स्थापित किए गए। इसकी देखरेख कर रहे गौतम ने बताया कि सेक्शन मशीनें आकर इन शौचालयों की सफाई करेंगी। अगले रविवार से पीने के पानी का भी इंतजाम हो जाएगा।
जारी है अभी मेंटीनेंस का काम
सुरंग में अभी मेंटीनेंस का काम जारी है। इसके भीतर डिजिटल दिशासूचक और मार्गदर्शक लगाए गए हैं। अब इसके अंदर सामान्य पट्टियां भी लगाई जा रहीं हैं। अभी इससे जुड़े तीन अंडरपास नहीं खोले गए हैं। इन्हें जल्द खोला जाएगा। इनकी साफ सफाई हो रही है।