{"_id":"5e4efcac8ebc3ef2a00495f7","slug":"bhoot-part-one-the-haunted-ship-review-by-pankaj-shukla-vicky-kaushal-film-fails-to-scare","type":"photo-gallery","status":"publish","title_hn":"Bhoot Part One Review: जारी है धर्मा प्रोडक्शंस की ‘कलंक कथा’, अब विकी कौशल की पिटी घोस्ट स्टोरी","category":{"title":"Reviews","title_hn":"रिव्यूज","slug":"movie-review"}}
Bhoot Part One Review: जारी है धर्मा प्रोडक्शंस की ‘कलंक कथा’, अब विकी कौशल की पिटी घोस्ट स्टोरी
कलाकार : विकी कौशल, भूमि पेडनेकर, आशुतोष राणा आदि
निर्देशक : भानु प्रताप सिंह
निर्माता : करण जौहर, हीरू जौहर, अपूर्व मेहता और शशांक खेतान
रेटिंग : **
साल की पहली रात घोस्ट स्टोरीज से काली करने के बाद निर्माता करण जौहर के दोबारा डरावनी फिल्मों को हाथ भी न लगाने की कसम खाए ज्यादा दिन नहीं बीते हैं। लेकिन, क्या करें इस फिल्म का जो उससे पहले ही बन चुकी थी। करण के लिए हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया और धड़क निर्देशित कर चुके शशांक खेतान ने अपने सहायक रहे भानु प्रताप सिंह के कंधे पर रखकर हॉरर की गोली चलाई है। इसमें आवाज तो बहुत है लेकिन गोली चलाते समय शशांक न हवा के बहाव का अंदाजा लगा पाए और न गोली के वजन का।
2 of 5
नौ साल पहले कोलंबो से गुजरात के अलंग यार्ड जा रहा पानी का जहाज एमवी विजडम मुंबई के जुहू समुद्री तट पर आ लगा था। इस सच्ची घटना में हॉरर का तड़का लगाकर भानु प्रताप सिंह ने एक कहानी लिखी जो धर्मा प्रोडक्शंस की क्रिएटिव टीम को इतनी पसंद आई कि उन्होंने इस पर 114 मिनट की फिल्म बनाने का फैसला ले लिया। लेकिन, भानु प्रताप की न तो कहानी में दम है और न ही उनके निर्देशन में।
गनीमत रही फिल्म के सिनेमैटोग्राफर पुष्कर सिंह और एडिटर बोधादित्य बनर्जी के हुनर की कि दर्शक फिल्म आखिर तक देखने को रुका ही रहे। नहीं तो फिल्म ऐसी है कि इंटरवल के बाद बार-बार एक ही बात दोहराती रहती है और अपने हीरो विकी कौशल के साथ साथ दर्शकों के धैर्य का भी इम्तिहान लेती रहती है।
3 of 5
विकी कौशल
जुहू बीच आ पहुंचे एक जहाज पर हुए हादसों की कहानी को फिल्म के नायक पृथ्वी की निजी जिंदगी के हादसे के साथ पिरोकर फिल्म आगे बढ़ती है। पृथ्वी का काम सर्वेयर का है लेकिन चूंकि उसके आगे चलकर इस तथाकथित डरावनी कहानी का हीरो बनना है सो फिल्म के शुरू में ही दिखा दिया जाता है कि वह अपने काम से काम कम और दूसरों को बचाने के लिए हीरो बनने में ज्यादा दिलचस्पी रखता है।
दोस्त उसका पूछता भी है कि क्या तू सुपरहीरो है? काश ये सवाल धर्मा की क्रिएटिव टीम अपने आप से भी पूछ पाती। थोक में मिले मिर्ची म्यूजिक अवार्ड्स से धर्मा का कलंक धुलने वाला नहीं। धर्मा की नए सिरे से ओवरहॉलिंग की जरूरत है नहीं तो वह दिन दूर नहीं जब उन राम गोपाल वर्मा की फैक्ट्री जैसी हालत धर्मा की भी हो जाए, जिनको खास धन्यवाद देकर भूत पार्ट वन: द हॉन्टेड शिप शुरू होती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
4 of 5
भूमि पेडनेकर
विकी कौशल को पिछले साल रिलीज हुई फिल्म उरी द सर्जिकल स्ट्राइक के लिए अभिनय का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुका है। इस पुरस्कार को उन्होंने इतनी गंभीरता से ले लिया कि यहां भी पूरी फिल्म में उरी जैसा ही चेहरा बनाए रहे। यहां तक कि अपनी दिवंगत बीवी और बेटी को देखकर जब उनकी आंखों से आंसू निकलते हैं तो दर्शक पल भर को भी उनके दुख में शामिल नहीं हो पाते। एकाध दृश्यों को छोड़ दें तो विकी का सपाट चेहरा उनके अवसाद को कम उनकी अभिनय क्षमता के दायरे की पोल ज्यादा खोलता है।
18 साल पहले फिल्म राज में प्रोफेसर अग्नि स्वरूप बने आशुतोष राणा फिर से भूत पार्ट वन: द हॉन्टेड शिप में ऐसे प्रोफेसर बने है जिसे आत्माओं के बारे में हर जानकारी है। लेकिन, राज के विपरीत यहां उनका किरदार न दमदार है न असरदार। फिल्म में बस वह नाम भर को शामिल रह पाते हैं। हां, भूमि पेडनेकर का स्टारडम असर दिखाने लगा है। वह जितनी देर परदे पर दिखती हैं, दर्शकों को खूब भाती हैं। पृथ्वी के पास लौटने की कोशिश करने वाले दृश्य में उनका अभिनय भी खरा दिखता है।
विज्ञापन
5 of 5
सिनेमैटोग्राफी और संपादन को छोड़ फिल्म का बाकी तकनीकी पक्ष भी फिल्म की खास मदद नहीं करता है। फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स औसत हैं। बैकग्राउंड म्यूजिक न डरा पाता है और न किसी तरह की सिहरन पैदा करता है। सेट डिजाइनिंग में भी ऐसा कुछ अतिरिक्त प्रयास नहीं है जिसे दर्शक नोटिस कर सकें।
लोग हॉरर फिल्म देखने आते हैं। करण जौहर उनको एक थ्रिलर फिल्म दिखाने की कोशिश करते हैं। जिसे दर्शक पूरी फिल्म में भूत समझते रहते हैं। वह भूत है ही नहीं। और, जो भूत है उसे देखकर डर कम हंसी ज्यादा आती है। हिंदी फिल्म में जो विलेन को मारे, वही हीरो होता है और यहां हीरो वाला काम विकी कौशल ने नहीं उनकी कुल्हाड़ी ने संयोग से कर डाला है। डर इस फिल्म को देखकर लगे न लगे, लेकिन दर्शकों को ये डर जरूर हो सकता है कि अभी करण जौहर भूत पार्ट टू और पार्ट थ्री लेकर भी आने वाले हैं। अमर उजाला के मूवी रिव्यू में फिल्म भूत पार्ट वन: द हॉन्टेड शिप को मिलते हैं दो स्टार।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।