'दिल की डायरी' में अनन्या पांडे:
नेपोटिज्म का आरोप लगाने वालों को अनन्या पांडे ने दिया जवाब, ट्रोलर्स को भी दे डाली सलाह
सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे लोग भी हैं, जो दूसरों को अनावश्यक डराते-धमकाते रहते हैं, मैं चाहती हूं कि इस बारे में लोगों को जागरुक किया जाए और उन्हें समझाया जाए। मैंने ‘सो पॉजीटिव’ नाम से एक अभियान भी इसी के चलते शुरू किया है, जहां मैं उन लोगों से बात करने की कोशिश करती हूं, जिन्हें सोशल मीडिया पर लोग डराते-धमकाते रहते हैं। आमतौर पर टीनएजर्स इस तरह का कुछ भी होने पर मन ही मन घुटना शुरू कर देते हैं। मेरा मानना है कि ऐसा कुछ भी होने पर तुरंत किसी ऐसे शख्स से बात करनी चाहिए, जिस पर आप विश्वास कर सकते हैं।
सोशल मीडिया पर शुरू हुआ यह ट्रेंड काफी खतरनाक है। इससे बच्चों के मानसिक विकास पर असर पड़ता है। मैं अपने इस अभियान के तहत खुद भी ऐसे लोगों से बात करती हूं और उन्हें अपनी समझ के हिसाब से इन सबका सामना करने की जुगत बताती हूं। हमने 'सो पॉजीटिव' का एक पेज बनाया है, जहां लोग सीधे संपर्क करके इस बारे में मुझसे बात कर सकते हैं। यह सही है कि मेरी उम्र अभी इतनी नहीं है कि मैं ज्यादा बड़ी-बड़ी बातें कर सकूं, लेकिन चूंकि डिजिटल दुनिया इतनी तेजी से फैल रही है लिहाजा हमें कहीं न कहीं से तो शुरुआत करनी ही चाहिए। सोशल मीडिया एक नशे की तरह फैल रहा है। मैं भी इंस्टाग्राम या फेसबुक पर लगातार नजर बनाए रखती हूं कि मेरे आस पास क्या हो रहा है, इंडस्ट्री में क्या चल रहा है। तमाम बातें इसी तरह मुझे पता चलती हैं।
परिवार किसी भी इंसान के लिए सबसे मजबूत सहारा होता है। आपको विरासत में जो कुछ मिला है, उसे और बेहतर बनाने की हमारी कोशिश होनी चाहिए। चर्चा में बने रहने के लिए अनावश्यक बातें जरूरी नहीं हैं। आपका नाम आपके काम से ही होना चाहिए। मेरे दादाजी देश के बड़े हार्ट सर्जन रहे, पिता ने अभिनय में नाम कमाया तो मेरी यह जिम्मेदारी है कि मैं अब इस परंपरा को आगे ले जाऊं। एक और बात जो मैं अमर उजाला की 'दिल की डायरी' कॉलम के लिए लिखना चाह रही हूं, वह यह कि माता-पिता को कभी अपने बच्चों पर किसी तरह का दबाव नहीं बनाना चाहिए, जैसे कि मेरे माता-पिता ने मेरे ऊपर करियर चुनने का कभी कोई दबाव नहीं बनाया। हर युवा को यह खुद तय करना चाहिए कि उसे जीवन में क्या बनना है। इसके बारे में माता-पिता से खुलकर बात करनी चाहिए, मुझे भरोसा है कि हर अभिभावक अपने बच्चे को उसका सपना पूरा करने में मदद जरूर करते हैं।
