देश में इन दिनों सीएए, एनआरसी, एनपीआर का विरोध और जेएनयू हिंसा जैसे मामले गरमा रहे हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों में इन मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। जिसमें बॉलीवुड की भी अपनी अलग ही भूमिका सामने आ रही हैं। बॉलीवुड की ओर से कई लोग इसके समर्थन में हैं तो वहीं कई लोग विरोध में भी हैं। देखा जाए तो इन मुद्दों को लेकर बॉलीवुड भी दो फाड़ नजर आ रहा है। ऐसे में अब बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
VIDEO: अमेरिका से अनुपम खेर ने 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' को लगाई लताड़, कहा- 'हां हम भक्त हैं'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अनुपम ने इन सभी मुद्दों के लेकर 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' को जमकर लताड़ लगाई है। अनुपम ने एक वीडियो के माध्यम से इन सभी प्रदर्शनकारियों पर अपना गुस्सा जाहिर किया है। अनुपम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में अनुपम देशवासियों से इन हालातों में एक रहने की अपील कर रहे हैं। साथ ही वीडियो के जरिए अनुपम ने जेएनयू हिंसा के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन में उतरे लोगों पर भी निशाना साधा है।
इस वीडियो में अनुपम कह रहे हैं, 'पिछले कुछ सालों में कुछ खास किस्म के लोगों ने सरकार गिराने की पूरी कोशिश की है। इन्हीं लोगों ने असहिष्णुता, भीड़ हिंसा जैसे कैम्पेन चलाकर सरकार के खिलाफ माहौल बनाया है। जब इन मुद्दों पर ये कुछ नहीं कर पाए तो ये गिने चुने लोग छात्रों की आड़ में उनका इस्तेमाल करके हमारे देश को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। ये वही लोग हैं जिन्हें देश की सेना से परेशानी है, राष्ट्रगान के लिए खड़े होना चाहिए या नहीं इस पर भाषण देते हैं।'
आगे अनुपम कहते हैं, 'ये आतंकवादियों को फांसी से बचाने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा आधी रात खटखटाते हैं। छात्र आंदोलनों में ये फ्री कश्मीर का पोस्टर लहराते हैं। यही चंद लोग देश को बदनाम कर रहे हैं हम और आप इन्हें ऐसा नहीं करने देंगे। ये खुद को बचाने हमें कई नामों से बुलाते हैं। हां हम भक्त हैं, हम अपने देश के भक्त हैं। हम इनके मंसूबे पूरे नहीं होने देंगे, मैं जानता हूं। वंदे मातरम, जय हिन्द।'
A post shared by Anupam Kher (@anupampkher) on
इस वीडियो के साथ कैप्शन में अनुपम ने लिखा है, 'हिंदुस्तान के लोगों से एक अपील! जब देश के कुछ लोग देश की अखंडता को भंग करने कोशिश करें तो ये हमारा फर्ज बनता है कि हम ऐसा न होने दें। पिछले कुछ दिनों से ऐसा ही माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है ऐसे तत्वों द्वारा। ये वो लोग हैं जो सबसे ज्यादा असहिष्णु है। इसलिए हमें संयम, दृढ़ता और एक साथ होकर ऐसे लोगों को बताना है कि भारत हमारा देश है, हमारा अस्तित्व है और हमारी ताकत है। हम इसे बिखरने नहीं देंगे। जय हिंद!!'