बिग बॉस ओटीटी की पूर्व प्रतियोगी और भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह जितना समय बिग बॉस के घर में रहीं उन्होंने अपने दर्शकों का मनोरंजन करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अक्षरा सिंह बीते रविवार को ही अपने कनेक्शन मिलिंद गाबा के साथ इस घर से बेघर हो गईं। घर से बाहर निकलने के बाद अक्षरा सिंह ने शो के साथ-साथ कंटेस्टेंट्स और शो के होस्ट करण जौहर को लेकर भी कई खुलासे किए। उन्होंने शो को फिक्स बताया और साथ ही करण जौहर पर भेदभाव का आरोप लगाया। अब अक्षरा ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर कई खुलासे किए हैं।
खुलासा: भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह पर होने वाला था एसिड अटैक, इस करीबी ने पीछे लगाए थे लड़के
एक्स बॉयफ्रेंड पर लगाए गंभीर आरोप
एक मीडिया से खास बातचीत के दौरान भोजपुरी सिनेमा की शेरनी कही जाने वाली अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने अपने एक्स बॉयफ्रेंड को लेकर कई खुलासे किए। अक्षरा ने अपने एक्स बॉयफ्रेंड पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि वो एक ऐसे रिश्ते में थीं जिसमें उनका दम घुटता था। अक्षरा ने बताया कि एक समय ऐसा था जब परिस्थिति उनके हाथ से बिलकुल निकल चुकी थी और वो डिप्रेशन में चली गईं थीं। लेकिन उस दौरान उनके पिता ने उनका साथ दिया और उन्होंने उस स्थिति में खुद की एक लड़ाई लड़ी।
एसिड लेकर भेजा था पीछे
अक्षरा सिंह ने खुलासा करते हुए बताया कि उनके एक्स बॉयफ्रेंड ने उनके पीछे कुछ लड़कों को एसिड लेकर भेजा था। अक्षरा ने कहा, ‘उन्होंने मेरे पीछे कुछ लड़कों को एसिड की बोतल लेकर भेजा था, जो मेरे पीछे पड़े हुए थे। जो लोग सड़कों पर नशा करके पड़े रहते हैं, उन्हें मेरे पीछे भेजा गया था। मैं बस भगवान से ये ही दुआ करती हूं कि किसी भी महिला को उस दौर से न गुजरना पड़े जिससे मैं गुजरी हूं’।
पिता ने बढ़ाया हौसला
अक्षरा सिंह ने अपने इस मुश्किल दौर के बारे में बताते हुए कहा कि अपने एक्स-बॉयफ्रेंड की वजह से उन्होंने जिंदगी में बहुत कुछ देखा है। अक्षरा ने कहा, ‘मेरे बॉयफ्रेंड ने मुझे बहुत सारी धमकियां दी थी। जिसके बाद मैंने अपने पिता से बात की और उन्होंने मुझे बहुत हिम्मत दी जिसके बाद मैंने हर चीज की फिक्र पीछे छोड़ दी। मेरे दिल से डर भी बिलकुल खत्म हो चुका था। मैंने जिंदगी में इतना कुछ देखा था कि मौत का खौफ भी खत्म हो चुका था। मुझे ऐसा लग रहा था क्या करोगे मारोगे ही ना, चलो मार लो। मेरे एक्स बॉयफ्रेंड ने मेरे पीछे कुछ लड़कों को एसिड लेकर भेजा था ताकि वो मेरा करियर खत्म कर सके’।
इंडस्ट्री ने नहीं दिया साथ
अक्षरा सिंह ने बताया कि उस दौरान इंडस्ट्री के किसी भी सदस्य ने सामने आकर उनकी मदद नहीं की। उन्होंने कहा, ‘कुछ लोग थे जिन्होंने मुझे हौंसला दिया, लेकिन उनमें से अधिकतर लोगों ने मुझे जज किया जो कुछ भी मेरे साथ हुआ उसकी वजह से। किसी ने मेरा साथ नहीं दिया। पूरी इंडस्ट्री एक साथ खड़ी थी और दूसरी तरफ मैं अकेली थी। मेरे पास काम तक नहीं था। हर कोई यही कोशिश कर रहा था कि वो मुझे इंडस्ट्री से कैसे बाहर निकाले। उस वक्त मैंने मुंबई में खुद को कैसे संभाला ये सिर्फ मैं और मेरा परिवार जानता है और समझता है’।