टीवी और फिल्मों के जाने माने अभिनेता विक्रांत मैसी ने हिंदी सिनेमा में पक्षपात को लेकर चल रही बहस में अपने साथ हुई एक घटना का खुलासा किया है। उन्होंने बताया है कि उन्हें एक फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के जूरी पुरस्कार के लिए नामित किया गया था। लेकिन, एक बाहरी कलाकार होने की वजह से उन्हें उस पुरस्कार समारोह में आमंत्रित ही नहीं किया गया था। विक्रांत ने अपने साथ घटी इस घटना का खुलासा तब किया है जब सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या कर लेने के बाद कई बाहरी कलाकार अपने साथ हुए दुर्व्यवहार के बारे में बता रहे हैं।
दीपिका के इस हीरो को नॉमीनेशन के बाद भी नहीं मिला था फिल्मफेयर का निमंत्रण, बयां किया दिल का दर्द
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाल ही में भारत में सबसे बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म्स में से एक डिज्नी प्लस हॉटस्टार ने अपनी आने वालीं सात फिल्मों की घोषणा करने के लिए एक प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया था। इस कॉन्फ्रेंस में सिर्फ चार फिल्मों के ही प्रतिनिधियों को अपनी फिल्म का नेतृत्व करने के लिए बुलाया गया था। इस बात पर हिंदी सिनेमा के अभिनेता विद्युत जामवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करके अपनी नाराजगी जाहिर की थी। इस पोस्ट पर विक्रांत ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि पता नहीं यह सिस्टम कब सुधरेगा?
विक्रांत की तरफ से दी गई इस प्रतिक्रिया के बारे में वह कहते हैं, 'यह प्रतिक्रिया इंडस्ट्री में एक ढर्रे पर चलने वाले सिस्टम के बारे में थी। एक लोकप्रिय कलाकार के साथ फिल्म बनाना ठीक है क्योंकि फिल्म निर्माण भी एक व्यापार ही है। लेकिन, मैं अपने ट्वीट के जरिए कहना चाहता था कि दूसरे कलाकारों को भी ठीक वैसे ही मौका मिलना चाहिए। इस घटना का शिकार मैं खुद हो चुका हूं। मुझे एक फिल्म में काम करने के बाद सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के जूरी पुरस्कार के लिए नामित किया गया था। लेकिन, मुझे उस समारोह में बुलाया तक नहीं गया। तो क्या मुझे इससे दुखी होना चाहिए? नहीं! यह मेरे लिए मायने नहीं रखता। क्योंकि, सिस्टम ही ऐसा है। मैं सिर्फ अपने काम पर ध्यान देता हूं।'
बता दें कि विक्रांत ने यहां जिस घटना का जिक्र किया है वह वर्ष 2017 में आई कोंकणा सेन शर्मा के निर्देशन में बनी फिल्म 'ए डेथ इन द गंज' के बारे में थी। इस फिल्म में विक्रांत ने श्यामल चटर्जी का किरदार निभाया है जिसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्मफेयर जूरी पुरस्कार के लिए नामित किया गया था।
वहीं, इसी फिल्म के लिए विक्रांत को कैलेडोस्कोप इंडियन फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट परफॉर्मर के पुरस्कार से नवाजा गया था। विक्रांत को इसी साल की शुरुआत में रिलीज हुई दीपिका पादुकोण की फिल्म 'छपाक' में मुख्य अभिनेता की भूमिका निभाते हुए देखा गया था।
पढ़ें: फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद फ्लॉप रहा ये अभिनेता, देखें कितना बदल गया लुक