मार्वल स्टूडियोज की नई फिल्म ‘एंट मैन एंड द वास्प क्वांटमैनिया' बीते हफ्ते सिनेमाघरों तक पहुंच चुकी है। समीक्षकों और दर्शकों को फिल्म खास पसंद भी नहीं आ रही है। फिल्म का पहले सप्ताहांत का कलेक्शन ऐसा है कि भारत में रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्मों की टॉप 10 सूची में भी ये फिल्म जगह बना पाने में नाकाम रही। सिर्फ ये फिल्म ही नहीं बल्कि मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (एमसीयू) की फिल्मों व सीरीज के अलावा स्टार वार्स फ्रेंचाइजी के हालिया शोज भी दर्शकों को उतना आकर्षित करने में सफल नहीं हो सके हैं, जितनी इनसे इनके बनाने वालों ने अपेक्षा की थी। इसी के चलते डिज्नी ने अपनी फिल्मों और सीरीज के रिलीज होने की रफ्तार पर ब्रेक लगाने का फैसला किया है और इस फैसले का असर जिन फिल्मों या सीरीज पर सबसे पहले पड़ता दिख रहा है, उसमें शामिल हैं, ‘ब्रह्मास्त्र 2’ ‘इको’, ‘आयरन हार्ट’ और ‘नोवा’।
Disney Crisis: ब्रह्मास्त्र 2 को लेकर डिज्नी में नए सिरे से मंथन, मार्वल की फिल्मों व सीरीज की रफ्तार पर लगाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संख्या नहीं अब गुणवत्ता पर ध्यान
डिज्नी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बॉब आइगर ने फैसला लिया है कि नए वित्तीय वर्ष में वह डिज्नी से निकलने वाले शोज और फिल्म की गुणवत्ता और कीमत पर ध्यान देंगे, न कि सिर्फ फिल्म और शोज की संख्या पर। मतलब साफ है कि आने वाले कुछ महीनों में डिज्नी के फ्रेंचाइजी शो और फिल्मों की संख्या में कमी देखने को मिलेगी। अपने एक बयान में बॉब आइगर ने कहा “फ्रेंचाइजी के कंटेंट असाधारण रूप से महंगे हो रहे हैं। हम स्क्रीन पर गुणवत्ता चाहते हैं लेकिन हमें उसकी लागत का भी ध्यान रखना होगा।”
घटेगी वेब सीरीज की संख्या
साल 2023 में डिज्नी ने अपने कई हिट शोज जैसे ‘व्हाट इफ’ का दूसरा सीजन, ‘इको’, ‘लोकी’ का दूसरा सीजन, ‘आयरन हार्ट’ और ‘अगाथा: कोवेन ऑफ केओस’ रिलीज करने वाला था लेकिन हॉलीवुड से मिली रही खबरों के मुताबिक नई परिस्थिति में केवल ‘लोकी’ का दूसरा सीजन और सेम्युल जैकसन अभिनीत ‘सीक्रेट इनवेजन’ ही साल 2023 में रिलीज़ होने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। इस प्लेटफॉर्म पर प्रसारण के लिए कतार में शामिल दूसरे शोज मसलन ‘इको’, ‘आयरन हार्ट’ और ‘नोवा’ का अब इस साल प्रसारण हो पाना मुश्किल है।
डिज्नी की नए प्रयोगों से तौबा
एनीमेशन के मामले में भी डिज्नी की बीते साल रिलीज हुई दोनों फिल्में ‘लाइट ईयर’ और ‘स्ट्रेंज वर्ल्ड’ का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। ऐसे में आइगर ने कंपनी की पुरानी फ्रेंचाइजी ‘टॉय स्टोरी’, ‘फ्रोजन’ और ‘जूटोपिया’ पर फिर से ध्यान देने के संकेत अपनी टीम को दिए हैं। डिज्नी के बैनर तले बने वाली फिल्मों की रफ्तार धीमी होने का असर भारत में भी पड़ने वाला है।
अभी तय नहीं ‘ब्रह्मास्त्र’ का शेड्यूल
जानकारी के मुताबिक डिज्नी की बीते साल रिलीज हुई फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट वन शिवा’ की सीक्वल ‘ब्रह्मास्त्र 2 पार्ट टू देव’ पर भी बॉब आइगर के इस फैसले का असर हो सकता है। निर्देशक अय़ान मुखर्जी की इस फिल्म के शूटिंग शेड्यूल पर अंतिम फैसला अभी डिज्नी के दफ्तर में होना बाकी है। डिज्नी के अगले कदम अगले छह महीने में रिलीज के लिए तैयार फिल्मों और वेब सीरीज के नतीजों पर काफी कुछ निर्भर करेंगे।