हिंदी सिनेमा में दिलीप कुमार इकलौते ऐसे सुपरस्टार रहे हैं जिनकी अदाकारी की शैली की विरासत को उनके बाद आने वाली कलाकारों की हर पीढ़ी ने आगे बढ़ाया है। अमिताभ बच्चन से लेकर शाहरुख खान तक ने दिलीप कुमार की अदाओं को अपने अभिनय में सहेजने की कोशिश की है। लेकिन, एक कलाकार ऐसे भी रहे जो परदे पर दिलीप कुमार बनकर ही नजर आते रहे और उन्होंने दिलीप कुमार के चलने फिरने, उठने बैठने से लेकर हर अदा की ऐसी कॉपी की कि एक बार तो जब सेट पर दिलीप कुमार की पत्नी आईं तो वह इस कलाकार को ही दिलीप कुमार समझ बैठीं। ये कलाकार है हिंदी सिनेमा के मशहूर स्टंट डायरेक्टर रवि दीवान, जिन्हें दिलीप कुमार ने पहली बार फिल्म ‘दुनिया’ से सेट पर देखा तो फिर कभी अपने से दूर नहीं जाने दिया।
EXCLUSIVE: सिर्फ एक मुलाकात में दिलीप कुमार ने बदल दी इस कलाकार की तकदीर, सायरा बानो भी धोखा खा गईं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिलीप कुमार से पहली मुलाकात
‘अमर उजाला’ से एक्सक्लूसिव बातचीत करते हुए रवि बताते हैं, ‘मैं तो फिल्म ‘दुनिया’ के सेट पर बतौर स्टंटमैन ही गया था। मैं काम कर रहा था तो दिलीप कुमार लगातार मुझे देखे जा रहे थे। मेरा शॉट खत्म हुआ तो उन्होंने मुझे अपने पास बुलाया और बातचीत की। उन्होंने अपना बॉडी डबल बनने की मुझे पेशकश की और उसके बाद से सारी फिल्मों में मैं ही उनका बॉडी डबल बना। उनकी महानता देखिए कि वह घर से लेकर सेट तक मुझे मिलने वाली सहूलियतें भी वैसी ही दिलाते थे जैसी उन्हें मिल रही होतीं। सुबह अपने घर पर बुलाते और अपनी मर्सीडीज में साथ लेकर सेट पर जाते।’
गाने के लिए खास बुलावा आया
रवि दीवान के पास दिलीप कुमार से जुड़ी तमाम बेशकीमती यादें हैं। बस उनकी दिलीप कुमार के साथ की इन यादों की तस्वीरें वो अपने घर में लगी आग में गंवा चुके हैं। यहां प्रकाशित फिल्म ‘धर्माधिकारी’ के सेट की तस्वीर में वह दिलीप कुमार के साथ खड़े दिखते हैं। रवि बताते हैं, ‘सिनेमा में बॉडी डबल का काम होता है खतरनाक दृश्यों में हीरो की जगह एक्शन करना। लेकिन दिलीप कुमार का मेरे पास एक बार फोन आया कि एक गाना करना है। आप यकीन नहीं करेंगे कि पूरे सात दिन मैंने दिलीप कुमार पर फिल्माया गया वह गाना शूट किया है। गाने के एक सीन में हम दोनों भी दिखते हैं। मैं शतरंज की चौसर पर और वह झूले पर।’
जब सायरा बानो खा गईं धोखा
दिलीप कुमार ने रवि दीवान को जो प्यार दिया, उसने रवि दीवान का करियर बदल दिया। वह स्टंटमैन से मशहूर स्टंट डायरेक्टर बने। वह कहते हैं, ‘मैं परदे पर भले दिलीप कुमार का डबल करता था लेकिन मुझे एहसास था कि लोग किसी भी कलाकार को उसकी अदाओं की वजह से पसंद करते हैं। मैंने धर्मेंद्र का भी बॉडी डबल किया है लेकिन दिलीप साब की मैंने एक एक बात सीखी थी। इन तौर तरीकों पर मेरी ये मेहनत देख वह खुश भी बहुत हुए। एक बात तो मैं फिल्म ‘कर्मा’ के सेट पर तैयार होकर पूरा दिलीप साब के गेटअप में ही बैठा था और सायरा (बानो) जी सेट पर आईं। उन्होंने आते ही मेरे कंधे पर हाथ रखा। तुरंत मैंने कहा कि सायरा जी, ये मैं हूं रवि दीवान।’
हिंदी सिनेमा में काम करने वाला जो भी शख्स दिलीप कुमार के करीब रहा है, वह जानता है कि दिलीप कुमार खाने के बहुत शौकीन थे। रवि दीवान बताते हैं, ‘दिलीप कुमार के लिए उनकी एक सहायिका नर्मदा खाना बनाती थी। दिलीप कुमार शूटिंग पर जहां भी जाते, नर्मदा उनके साथ जाती। शूटिंग चाहे देश में हो रही हो या विदेश में। दिलीप कुमार उसी के हाथ का बना खाना दोनों समय खाते थे। मुझे भी कई बार दिलीप कुमार ने अपने साथ बिठाकर खाना खिलाया है। ये उनकी इंसानियत का कमाल है। हिंदी सिनेमा में कहने को कितने भी सुपरस्टार हुए हों, पर असली सुपरस्टार एक ही ही हुआ और वह हैं दिलीप कुमार!’