हिंदी सिनेमा के सुपस्टार और मिस्टर परफेक्शनिस्ट के नाम से मशहूर अभिनेता आमिर खान आज अपना 54वां जन्मदिन मना रहे हैं। आमिर पद्म श्री और पद्म भूषण सम्मान हासिल कर चुके हैं। उन्होंने 1984 में केतन मेहता की फिल्म 'होली' से बॉलीवुड में बतौर एक्टर अपने करियर की शुरुआत की थी, लेकिन उन्हें पहचान साल 1988 में आई फिल्म 'कयामत से कयामत तक' से मिली। आमतौर पर आमिर विवादों से बचते हैं लेकिन उनके कुछ बयान बॉलीवुड में कहीं न कहीं चर्चा की वजह बन जाते हैं।आमिर खान से जुड़े ये हैं छह चर्चित विवाद...
आमिर खान के इन छह विवादों ने खूब मचाया हंगामा, बिग बी से भी ले चुके हैं पंगा
जब देश के हालात पर जताई चिंता
अभिनेता आमिर खान को सबसे ज्यादा उस समय विवादों में घिरे जब उन्होंने असहिष्णुता (इनटोलेरेंस) के बारे में अपने विचार रखे थे। उस दौरान आमिर ने कहा था कि देश में मौजूद हालात से उनकी पत्नी बेहद चिंतित हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं जब घर पर किरण के साथ बात करता हूं, वह कहती हैं क्या हमें भारत से बाहर चले जाना चाहिए? किरण का यह बयान देना एक दुखद एवं बड़ा बयान है। उन्हें अपने बच्चे की चिंता है। ‘इसको लेकर उन्हें तीखी प्रतिक्रियाओं का सामना करना पड़ा। आमिर ने अपने बयान पर खूब सफाई दी लेकिन उनकी ब्रांड वैल्यू यहीं से घटनी शुरू हो गई।
पीके में आए धर्मगुरुओं के निशाने पर
आमिर को उनकी फिल्म 'पीके' को लेकर भी आलोचनाओं को झेलना पड़ा था। आमिर पर धार्मिक भावनाओं को आहत पहुंचाने और टिप्पणी करने को लेकर आम लोगों के साथ साथ धर्म गुरुओं का भी विरोध झेलना पड़ा। लेकिन जब फिल्म रिलीज हुई तो विवाद काफी हद तक खत्म हो गए। लोगों ने उनकी एक्टिंग की सराहना भी की।
नर्मदा बचाओ आंदोलन में भी कूदे
सामाजिक मुद्दों पर आमिर न सिर्फ खुलकर बात करते हैं बल्कि वह इसके लिए काम भी करते हैं। आमतौर पर मीडिया से दूर रहने वाले आमिर देश के कई बड़े आंदोलनों का हिस्सा भी बन चुके हैं। साल 2006 में उन्होंने नर्मदा बचाओ आंदोलन कमिटी को अपना खुला समर्थन दिया और आंदोलन में हिस्सा लेने पहुंचे। उस वक्त अपने इस कदम को लेकर उन्हें जबर्दस्त विरोध का सामना करना पड़ा।
वैक्स स्टेच्यू बनवाने से इंकार
आमिर ने मैडम तुसाद में अपना वैक्स स्टेच्यू बनाने की अनुमति देने से भी मना कर दिया था। उनका कहना था कि जिनको मेरी फिल्में देखनी हैं वे लोग जरूर देखेंगे। उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल भी किया गया।