हिंदी सिनेमा के दो बेहद सफल सितारों ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘फाइटर’ के प्री प्रोडक्शन का काम शुरू होने के साथ ही ऋतिक रोशन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कृष 4’ का काम भी शुरू हो गया है। फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी हो चुकी है और इसकी शूटिंग इसी साल शुरू हो जाने की तैयारी भी चल रही है। बताया जाता है कि ‘कृष 4’ का सारा काम संभालने के लिए ही ऋतिक रोशन ने प्रीति जिंटा के प्रोडक्शन हाउस की वेब सारीज में काम करने से मना कर दिया है।
ऋतिक रोशन पर ‘कृष 4’ की रिलीज डेट घोषित करने का दबाव, इसलिए छोड़ी प्रीति जिंटा की वेब सीरीज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऋतिक रोशन के डिजिटल डेब्यू को लेकर पिछले छह महीनों से लगातार खबरें आती रही हैं। ये सीरीज एक जासूस की कहानी है जो एक मिशन को पूरा करने के लिए एक होटल में नाइट मैनेजर के रूप में काम करता रहता है। ऋतिक रोशन यशराज फिल्म्स की ‘वॉर’ फिल्म में भी कबीर नामक जासूस के किरदार में नजर आ चुके हैं और जानकारी के मुताबिक कंपनी की अगली फिल्म ‘पठान’ में भी उनका ये किरदार वापसी करेगा।
एक जासूसी किरदार के रूप में पहले से मशहूर हो चुके ऋतिक रोशन के सामने दूसरी समस्या ‘नाइट मैनेजर’ की रीमेक को लेकर ये भी आ खड़ी हुई है कि उनकी होम प्रोडक्शन फिल्म को लेकर उनके पास रोज ही फोन आ रहे हैं। इस साल के तकरीबन सारे शुक्रवार नई फिल्मों की रिलीज के लिए रिजर्व हो चुके हैं। अगले साल के बड़े त्योहारों के लिए भी बड़ी फिल्मों की बुकिंग पूरी हो रही है। ऋतिक के करीबियों की मंशा है कि ऋतिक ‘कृष 4’ का जल्द से जल्द आधिकारिक एलान करें ताकि साल 2022 के आखिर या साल 2023 के शुरू के महीनों की कोई रिलीज डेट अभी से ब्लॉक की जा सके।
‘कृष’ की शूटिंग और पोस्ट प्रोडक्शन के लिए करीब दो साल का समय चाहिए और ‘बैंग बैंग’ व ‘वॉर’ के बाद ‘फाइटर’ में ऋतिक को निर्देशित कर रहे निर्देशक सिद्धार्थ आनंद भी ऋतिक को ‘कृष 4’ के लिए काफी मदद करने वाले हैं। इन्हीं सब तैयारियों को ध्यान में रखते हुए अब ‘नाइट मैनेजर’ सीरीज में काम कर पाना ऋतिक के लिए मुश्किल हो गया है। यह सीरीज हिंदी में प्रीति जिंटा अपने प्रोडक्शन हाउस के लिए बनाने वाली थीं। एक बड़ी ओटीटी कंपनी ने इसके पहले सीजन में काम करने के लिए ऋतिक को जानकारी के मुताबिक 75 करोड़ रुपये देने का वादा किया था।
डफ एंड फेल्प्स की सेलेब्रिटी ब्रांड वैल्यू लिस्ट के मुताबिक देश के टॉप 10 सेलेब्स में शामिल ऋतिक रोशन का करिश्मा फिल्म ‘सुपर 30’ के बाद से धीरे धीरे एक नए मुकाम की तरफ बढ़ रहा है। फिल्म ‘वॉर’ ने उन्हें किसी एक फिल्म के लिए हिंदी सिनेमा में सबसे ज्यादा रकम पाने वाला सितारा पहले ही बना दिया है। अब उनकी टीम चाहती है कि वह अपने इस ब्रांड को फिल्म ‘कृष 4’ से नई ऊंचाई पर ले जाएं। इस सीरीज की पहली फिल्म 2003 में ‘कोई मिल गया’ के नाम से रिलीज हुई थी। अंतरिक्ष से आए एक जीव से अलौकिक शक्तियां पाने वाले इस सुपरहीरो को लेकर उनके पिता राकेश रोशन तीन दो फिल्में ‘कृष’ और ‘कृष 3’ और बना चुके हैं। सीरीज की तीनों फिल्में सुपरहिट रही हैं।