बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान का मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में बुधवार को निधन हो गया। वह 53 साल के थे और लंबे समय से न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर नाम के कैंसर से जंग लड़ रहे थे। उनके परिवार में पत्नी सुतापा और दो बेटे बाबिल और अयान हैं।
इरफान खान को याद कर भावुक हुए बॉलीवुड कलाकार, शेयर की यादें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इरफान खान के निधन से पूरा बॉलीवुड शोक में डूब गया है। इस बात पर किसी को यकीन ही नहीं हो रहा कि अभिनेता इरफान खान अब हम सबके बीच नहीं रहे। उनके साथ काम कर चुके अभिनेता बेहद दुखी हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि ये कैसे हो गया।
बीबीसी से बात करते हुए अभिनेता रघुबीर यादव कहते हैं, 'बेहद तकलीफ वाली खबर है जिस पर यकीन नहीं करना चाहता। मैंने और इरफान खान ने एक साथ फिल्म सलाम बॉम्बे में काम किया था। मेरा और इरफान का रिश्ता नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से था। वो बहुत ही मेहनती इंसान और साफ दिल वाले इंसान थे। मुझे अच्छे से याद है हम सलाम बॉम्बे फिल्म के लिए साथ ही रहा करते थे। अंधेरी के एक छोटे से मकान में। अपने किरदार को समझने के लिए हम दिन भर सड़कों पर घूमते रहते थे। दिन रात कई सारी बातें होती थीं, अभिनय को लेकर जिंदगी जीने के नजरियों को लेकर। हमने सलाम बॉम्बे के लिए एक वर्कशॉप किया था जहां हमारे साथ 150 छोटे बच्चे थे। उन बच्चों के साथ वक्त बिताना हम दोनों को ही बेहद पसंद था। हम खूब मस्ती करते हंसते और बहुत कुछ सीखते थे। आज वो सारे पल मेरी आंखों के सामने घूम रहे हैं। इतनी जल्दी इस तरह छोड़कर जाना बर्दाश्त नहीं हो रहा है।'
अभिनेत्री माही गिल उन्हें याद करते हुए भारी मन से कहती हैं, 'मुझे बेहद पीड़ा हो रही है, मैंने उनके साथ साहिब बीवी और गैंगस्टर, और पान सिंह तोमर जैसी फिल्में की हैं। मैं जब न्यू कमर थी तब वो मुझे हमेशा से ही प्रेरित करते रहे हैं। उन्होंने मेरी बहुत मदद की अभिनय को लेकर, वो बहुत अच्छे और सबकी मदद करने वाले इंसान थे। मुझे ये बात खाए जा रही है कि इस कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन है और मैं उनके आखिरी दर्शन भी नहीं कर सकी। उनसे एक बार मिल पाते, उन्हें एक बार देख पाते... इसका अफसोस मुझे जिंदगी भर रहेगा।'
फिल्म लंच बॉक्स में साथ में काम करने वाली अभिनेत्री निमरत कौर का कहना है कि, 'मुझे अंदाजा तो था कि उनकी तबीयत बेहद खराब है इसलिए मैं कल रात से प्रार्थना कर रही थी कि वो इस मुश्किल की घड़ी से निकल पाएं। उनके बारे में इस तरह बात करना मुझे बेहद अजीब लग रहा है क्योंकि ये बहुत दुखद है। बहुत बेहतरीन इंसान थे। हमेशा अपनी जड़ों से जुड़े हुए एक मध्यम परिवार से ताल्लुक रखते थे। वो बहुत मजाकिया भी थे। उनके आस पास हमेशा हंसी मजाक ही चलता था। उनकी सोच जिंदगी और लोगों को लेकर बहुत कमाल की थी। मैंने उनसे ये सभी खूबी सीखने की कोशिश की थी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वो बड़ा चेहरा हैं हिंदी सिनेमा का। बाहर हिंदी सिनेमा को उनके नाम और दर्जे से जाना जाता है। उनके जैसे अभिनेता को खोना हमारे हिंदी सिनेमा का बहुत बड़ा नुकसान है।'