जाने माने निर्माता, निर्देशक अनिल शर्मा के पिता और निर्माता के सी शर्मा का शनिवार की दोपहर यहां सांताक्रूज पश्चिम के खीरा नगर के हिंदू श्मशान भूमि में अंतिम संस्कार कर दिया गया। के सी शर्मा का निधन शुक्रवार की रात 8 बजे हृदयगति रुक जाने के चलते हुआ। वह 88 साल के थे। शुक्रवार की सुबह से ही उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और उन्हें डॉक्टरों को दिखाने जुहू के क्रिटी केयर अस्पताल भी ले जाया गया था।
K C Sharma Funeral Photos: दिग्गज निर्माता के सी शर्मा पंचतत्व में विलीन, छोटे बेटे कपिल शर्मा ने दी मुखाग्नि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
के सी शर्मा के निधन की खबर शनिवार सुबह फिल्म जगत के लोगों को लगी तो इस बारे में लोगों ने निर्देशक अनिल शर्मा को फोन करने शुरू किए। कुछ लोगों ने उनके घर पहुंचकर भी शोक संवेदना व्यक्त की। निर्माता के सी शर्मा के चार बेटे हैं, अनिल शर्मा, अनुज शर्मा, संजय शर्मा और कपिल शर्मा। अंतिम संस्कार के समय मुखाग्नि सबसे छोटे बेटे कपिल शर्मा ने दी। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सोमवार को चार बजे से छह बजे तक प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा।
निर्माता के सी शर्मा के अंतिम संस्कार के समय हिंदी फिल्म जगत से लेखक शक्तिमान, निर्माता विनोद बच्चन, अभिनेता अली खान, मुश्ताक खान और एक्शन मास्टर टीनू वर्मा के अलावा कुछ गिने चुने चेहरे ही नजर आए। के सी शर्मा खुद भी तमाम बड़े बजट की हिट फिल्में बना चुके हैं। उनके निर्देशक बेटे अनिल शर्मा ने भी धर्मेंद्र, अमिताभ बच्चन, रजनीकांत, सनी देयोल, गोविंदा और सलमान खान जैसे कई बड़े सितारों के साथ काम किया है।
निर्माता के सी शर्मा के बड़े बेटे अनिल शर्मा इन दिनों अपने करियर की लोकप्रिय फिल्म 'गदर- एक प्रेम कथा' का सीक्वल बना रहे हैं। इस फिल्म में सनी देओल और अमीषा पटेल के अलावा उनके बेटे उत्कर्ष शर्मा काम कर रहे हैं। उत्कर्ष शर्मा ने फिल्म 'जीनियस' से बतौर अभिनेता डेब्यू किया था। 'गदर- एक प्रेम कहानी' में भी वह बाल कलाकार के तौर पर नजर आ चुके है।
मूल रूप से मथुरा के रहने वाले निर्माता के सी शर्मा हस्त रेखा के काफी जानकार रहे हैं। मशहूर निर्माता निर्देशक बी आर चोपड़ा के बुलावे पर वह मथुरा से मुंबई आए। उन्होंने शांतिनिकेतन फिल्म्स नामक अपनी फिल्म निर्माण कंपनी की स्थापना की। इस कंपनी ने ‘श्रद्धांजलि’, ‘हुकूमत’ और ‘ऐलान ए जंग’ जैसी फिल्मों का निर्माण किया। के सी शर्मा के दो और बेटे अनुज शर्मा और संजय शर्मा भी बतौर निर्माता निर्देशक सक्रिय रहे हैं। सबसे छोटे बेटे कपिल शर्मा को अभिनय में रुचि रही है।