मार्वल स्टूडियोज की नई फिल्म ‘डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मैडनेस ऑफ मल्टीवर्स’ के सामने अपने चौथे वीकेंड मे डटकर खड़ी हो गई फिल्म ‘केजीएफ चैप्टर 2’ अब लगता है कि कुछ नया कमाल करके मानेगी। फिल्म ने जिस तरह से अपने चौथे हफ्ते के पहले तीन दिन शानदार कलेक्शन किया है, उसने इस हफ्ते रिलीज होने जा रही अभिनेता रणवीर सिंह और हिंदी सिनेमा में बड़े परदे पर डेब्यू करने जा रही अभिनेत्री शालिनी पांडे की फिल्म ‘जयेशभाई जोरदार’ के लिए भी चुनौती पेश कर दी है। फिल्म ‘डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मैडनेस ऑफ मल्टीवर्स’ ने हालांकि देश के तमाम मल्टीप्लेक्स सिनेमाघरों पर कब्जा कर रखा है लेकिन दिल्ली, यूपी, ईस्ट पंजाब और बिहार के सिंगल सिनेमाघरों में फिल्म ‘केजीएफ चैप्टर 2’ का जलवा अपनी रिलीज के चौथे हफ्ते भी कायम दिख रहा है।
KGF Chapter 2 Day 25: चौथे वीकएंड पर केजीएफ 2 का नया धमाका, अब मिलेगी जयेशभाई जोरदार को तगड़ी चुनौती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘केजीएफ 2’ का धमाकेदार रविवार
फिल्म ‘केजीएफ चैप्टर 2’ ने अपनी रिलीज के 25वें दिन यानी चौथे रविवार को शुरुआती आंकड़ों के हिसाब से करीब 15 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया। इसके उलट इसके मुकाबले सिनेमाघरों में उतरी नई फिल्म ‘डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मैडनेस ऑफ मल्टीवर्स’ अपनी रिलीज के पहले रविवार को सिर्फ 25 करोड़ रुपये ही पूरे देश में सारी भाषाओं के संस्करणों को मिलाकर कमा पाई। फिल्म ‘केजीएफ चैप्टर 2’ का कुल घरेलू कलेक्शन अब 815 करोड़ रुपये के ऊपर निकल गया है। फिल्म के अकेले हिंदी संस्करण का योगदान करीब 415 करोड़ रुपये पहुंच चुका है।
शनिवार को दर्ज हुआ 55 फीसदी उछाल
रिलीज के चौथे शनिवार यानी 24वें दिन के आखिरी आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ‘केजीएफ चैप्टर 2’ ने इस दिन कुल 11.40 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इसमें हिंदी संस्करण की कमाई 5.55 करोड़ रुपये, कन्नड़ की 2.71 करोड़ रुपये, तमिल की 1.96 करोड़ रुपये, तेलुगू की 68 लाख रुपये और मलयालम की कमाई 50 लाख रुपये शामिल रही। फिल्म ने चौथे शनिवार को रिलीज के चौथे शुक्रवार के मुकाबले करीब डेढ़ गुना कमाई ज्यादा की। किसी भी फिल्म का रिलीज के चौथे हफ्ते में इस तरह का 55 फीसदी से ज्यादा का उछाल आश्चर्यजनक माना जाता है।
कन्नड़ और तमिल में भी चमक कायम
फिल्म ‘केजीएफ चैप्टर 2’ ने रिलीज के 25वें दिन यानी चौथे रविवार को बीते शनिवार से भी ज्यादा कमाई की। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने रविवार को करीब 14.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर किया है। इसमें हिंदी संस्करण की कमाई शुरुआती आंकड़ों के हिसाब से करीब 7.50 करोड़ रुपये रही और ये कलेक्शन शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्म ‘डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मैडनेस ऑफ मल्टीवर्स’ के हिंदी संस्करण से ज्यादा है। इसके अलावा फिल्म ‘केजीएफ चैप्टर 2’ ने रविवार को कन्नड़ में 3.90 करोड़ रुपये, तमिल में तीन करोड़ रुपये, तेलुगू में 90 लाख रुपये और मलयालम में 70 लाख रुपये शुरुआती आंकड़ों के हिसाब से कमाए।
चौथे हफ्ते 50 करोड़ के पार!
पहले हफ्ते में 523.75 करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्म ‘केजीएफ चैप्टर 2’ ने दूसरे हफ्ते में 158.75 करोड़ रुपये कमाए थे। तीसरे हफ्ते में इसका कलेक्शन 99.41 करोड़ रुपये रहा था। चौथे हफ्ते में भी इसका कलेक्शन 50 करोड़ रुपये के पार निकल जाने की उम्मीद दिख रही है। लगातार घटते स्क्रीन्स के बावजूद फिल्म ‘केजीएफ चैप्टर 2’ का अपनी कमाई में मजबूती बनाए रखना अब काफी दिलचस्प हो चला है। इस हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर यशराज फिल्म्स की रणवीर सिंह और शालिनी पांडे स्टारर ‘जयेशभाई जोरदार’ रिलीज हो रही है, अगर ये फिल्म जरा भी कमजोर हुई तो इसे भी फिल्म ‘केजीएफ चैप्टर 2’ की चुनौती झेलनी पड़ सकती है।