साल 2020 पूरी दुनिया के लिए बहुत बुरा गुजरा है। इस साल में बहुत से ऐसे फिल्मी सितारे रहे जो इस दुनिया को अलविदा कह गए। लोग हर साल किसी न किसी कारण से चल बसते हैं लेकिन इस साल तो लोगों की जिंदगियां घर बैठे बैठे चली गईं। सुशांत सिंह राजपूत, इरफान खान और ऋषि कपूर जैसे कुछ ऐसे भी कलाकार इस साल में दुनिया से रुखसत हुए हैं जिनके अभिनय को देख कर दूसरे प्रेरणा लेते थे। आज हम ऐसे ही कुछ कलाकारों की अंतिम फिल्मों की यादें लेकर आए हैं।
Bye Bye 2020: इस साल गुजरे इन 10 नामचीन सितारों को भूल नहीं पाएंगे उनके फैंस, ये हैं आखिरी फिल्में
इरफान खान- अंग्रेजी मीडियम
हिंदी और हॉलीवुड की फिल्मों में काम करने वाले कलाकार इरफान खान के अभिनय के तो कायल बहुत से लोग रहे। उन्होंने अपने करियर में 'द लंचबॉक्स', 'पीकू', 'पान सिंह तोमर', 'मकबूल' जैसी हिंदी फिल्में भी कीं और साथ ही 'द लाइफ ऑफ पाई', 'द नेमसेक' जैसी अंतर्राष्ट्रीय फिल्मों में भी नाम कमाया। इरफान की अंतिम फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' रही जो इसी साल रिलीज हुई। यह फिल्म एक बेटी और पिता के रिश्ते को दिखाती है जिसमें पिता अपनी बेटी के सपनों को पूरा करने के लिए कंगाल तक होने के लिए तैयार है।
ऋषि कपूर- द बॉडी
इरफान खान के गुजरने के एक दिन बाद ही ऋषि कपूर की भी मौत हो गई। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लिए यह दोहरा सदमा दो दिन में बैक टू बैक आया। ऋषि ने अपने करियर की शुरुआत एक बाल कलाकार कलाकार के रूप में वर्ष 1970 में आई फिल्म 'मेरा नाम जोकर' से की। बाद में वह 'खेल खेल में', 'कभी-कभी', 'सरगम', 'चांदनी' जैसी कई फिल्में करके छा गए। जिस समय ऋषि कपूर की मौत हुई उससे पहले वह जूही चावला के साथ 'शर्माजी नमकीन' फिल्म की शूटिंग कर रहे थे, लेकिन यह फिल्म पूरी ही नहीं हो पाई। उनकी रिलीज हो चुकी अंतिम फिल्म 'द बॉडी' है जो इसी साल रिलीज हुई। इस फिल्म में ऋषि के साथ इमरान हाशमी मुख्य भूमिका में हैं।
सुशांत सिंह राजपूत- दिल बेचारा
युवा अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का जब देहावसान हुआ, उसके बाद तो पूरी फिल्म इंडस्ट्री में विरोधाभास फैल गया। सोशल मीडिया पर लोग फिल्म इंडस्ट्री को ही सुशांत की मौत का जिम्मेदार ठहराने लगे। बेशक इस केस की जांच पड़ताल अब तक चल रही है और पता लगाया जा रहा है कि सुशांत की मौत आत्महत्या थी या फिर हत्या। सुशांत के पास करने के लिए प्रोजेक्ट तो कई थे लेकिन उनकी अंतिम फिल्म 'दिल बेचारा' है जो ओटीटी पर रिलीज हुई। यह एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है जिसमें सुशांत के साथ संजना सांघी मुख्य भूमिका में नजर आईं।
सौमित्र चटर्जी- बेलाशुरू
सौमित्र चटर्जी ऐसे कलाकार रहे जिन्होंने बंगाली और हिंदी फिल्मों में बेहतरीन काम किया। वह सिर्फ एक अभिनेता ही नहीं, बल्कि नाटकों का निर्देशन भी करते थे और कविताएं भी लिखते थे। सौमित्र ने अपने फिल्मी करियर में 'असुख', 'शैडोज ऑफ टाइम', 'पांच अध्याय', 'हेमलॉक सोसायटी', 'रूपकथा नॉय' जैसी फिल्में दी। जब कोरोना वायरस ने देश में दस्तक दी, उससे पहले सौमित्र फिल्म 'बेलाशुरू' की शूटिंग कर रहे थे। लेकिन, जब कोरोना वायरस की वजह से लॉकडाउन हुआ तो काम रोकना पड़ा। अब सौमित्र की अंतिम फिल्म यही है। इसके निर्माता फिल्म को पूरी कैसे करेंगे? यह तो वही जानें।
