लोगों को अहिंसा का मंत्र सिखाने वाले महात्मा गांधी की आज यानी 30 जनवरी 2020 को 73वीं पुण्यतिथि है। गांधी जी के आदर्शों और विचारों को कोई नहीं भूल पाया। गांधी जी के विचारों पर ना सिर्फ किताबें लिखी गई हैं बल्कि बॉलीवुड में भी कई फिल्में बनाई गई हैं। इन फिल्मों में महात्मा गांधी का किरदार निबाने वाले अभिनेताओं ने भी लोगों का दिल जीता है। फिल्मों और कलाकारों के माध्यम से बॉलीवुड ने गांधी जी के विचारों को अजर- अमर कर दिया। इस पैकेज में आपको बताते हैं उन अभिनेताओं के बारे में भी जिन्होंने गांधी जी के किरदार में जान फूंक दी।
इन कलाकारों ने निभाया महात्मा गांधी का किरदार, बेन किंग्सले को मिल चुका है 'ऑस्कर'
जेएस कश्यप
महात्मा गांधी का किरदार सबसे पहले पर्दे पर जेएस कश्यप ने ही निभाया। 1963 में आई फिल्म 'नाइट ऑवर्स टू रामा' की कहानी काल्पनिक है जो स्टेनली वोलपर्ट के इसी नाम से लिखे उपन्यास पर आधारित है। फिल्म के केंद्र में महात्मा गांधी के साथ उनकी हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे को भी रखा गया है। जेएस कश्यप को छोड़कर बाकी सभी कलाकार फिल्म में हॉलीवुड से आए।
दिलीप प्रभावलकर
'गांधीगिरी' का कॉन्सेप्ट हिट करने का क्रेडिट सिर्फ संजय दत्त और अरशद वारसी को ही नहीं, मराठी एक्टर दिलीप प्रभावलकर को भी जाता है। फिल्म 'लगे रहो मुन्नाभाई' में उन्होंने जितने प्यार और कूल अंदाज में बापू बनकर उनकी दी गई सीख को समझाया, वह वाकई काबिले तारीफ है।
बेन किंग्सले
बेन किंग्सले वो अंग्रेज हैं, जिसने बापू का किरदार निभाकर भारतीयों का दिल जीत लिया। 1982 में आई फिल्म 'गांधी' में मोहनदास करमचंद गांधी का किरदार निभाने के लिए बेन किंग्सले को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का ऑस्कर पुरस्कार भी मिल चुका है।
दर्शन जरीवाला
फिरोज अब्बास खान की फिल्म 'गांधी: माई फादर' में दर्शन जरीवाला ने बापू का किरदार निभाया। फिल्म गांधी और उनके बेटे हरिलाल गांधी के रिश्तों पर आधारित थी। जाहिर है पिता- बेटे के द्वंद्व को एक चर्चित शख्सियत की वेश-भूषा और उसके दायरे में रहते हुए निभाना जरीवाला के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। फिल्म में उनकी अदाकारी की समीक्षकों ने सराहना की थी।