कभी हिंदी सिनेमा के नंबर वन ब्रांड रहे अभिनेता अक्षय कुमार की एक और फिल्म सीधे ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है। बॉक्स ऑफिस पर अक्षय की पिछली फिल्मों ‘बच्चन पांडे’ ‘सम्राट पृथ्वीराज’ और ‘रक्षाबंधन’ का जो हश्र हुआ है, उसके बाद से उनकी फिल्मों के निर्माता हिले हुए हैं। सीधे ओटीटी पर रिलीज होने वाली अक्षय कुमार की ‘लक्ष्मी’ और ‘अतरंगी रे’ के बाद ये तीसरी फिल्म होगी। फिल्म के मोशन पोस्टर के साथ ही इसके नाम का खुलासा फिल्म निर्माताओं ने गुरुवार को किया। इस फिल्म का नाम है, ‘कठपुतली’, हालांकि ये फिल्म बनी किसी और नाम से थी।
CuttPutlli: ‘रक्षाबंधन’ के बाद अक्षय कुमार की ये फिल्म ओटीटी पर रिलीज को तैयार, निर्माताओं ने इसलिए बदला नाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘अमर उजाला’ ने ही सबसे पहले खबर दी थी कि कोरोना संक्रमण काल में जब पूरा देश लॉकडाउन से जूझ रहा था तो अक्षय कुमार अपने खासमखास निर्माता वाशू भगनानी के साथ फिल्म ‘बेलबॉटम’ की पूरी यूनिट को चार्टर्ड प्लेन से लेकर ग्लासगो फिल्मसिटी पहुंच गए थे। ब्रिटेन में मिलने वाली फिल्म सब्सिडी का आकर्षण भी फिल्म निर्माता वाशू भगनानी को ग्लासगो ले गया। वाशू भगनानी ने वहां पूजा स्टूडियोज नाम से अपना एक स्टूडियो भी बना लिया, जहां इन दिनों उनकी अक्षय कुमार के साथ एक और फिल्म ‘छोटे मियां बड़े मियां’ की शूटिंग की तैयारियां चल रही हैं।
वाशू भगनानी ने सीधे ओटीटी को फिल्मे बेचने की शुरुआत वरुण धवन स्टारर फिल्म ‘कुली नंबर’ से की और अब उनकी एक और फिल्म सीधे ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है। गौरतलब है कि फिल्म ‘बेल बॉटम’ की रिलीज की तैयारियों के बीच ही वाशू भगनानी ने अक्षय कुमार की एक और फिल्म एनाउंस की थी जिसका नाम था, ‘मिशन सिंड्रेला’। बताया गया कि इसके लिए अक्षय कुमार को सौ करोड़ रुपये की फीस मिली। फिल्म में अक्षय के साथ दूसरा कोई दमदार कलाकार नहीं है और हीरोइन के नाम पर फिल्म में हैं वाशू भगनानी के बेटे जैकी की प्रेमिका के रूप में मशहूर रकुल प्रीत सिंह।
बॉक्स ऑफिस पर ‘बेल बॉटम’ खास कमाल नहीं दिखा पाई। इसी फिल्म के निर्देशक रंजीत तिवारी ही ‘मिशन सिंड्रेला’ के भी निर्देशक हैं। फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज करने के लिए वितरक नहीं मिले तो इसे सीधे ओटीटी पर रिलीज करने की तैयारी शुरू हुई। डिज्नी प्लस हॉटस्टार ने इसके ओटीटी अधिकार खरीदे लेकिन फिल्म देखने के बाद हॉटस्टार प्रबंधन के होश उड़ गए। चर्चा शुरू हुई कि इस फिल्म को सीरीज के रूप में रिलीज कर दिया जाए तो अक्षय कुमार ने किसी तरह ये सुनिश्चित किया कि फिल्म को फिल्म ही रहने दिए जाए और इसे सीरीज न बनाया जाए।
इस बीच अक्षय कुमार की बॉक्स ऑफिस वैल्यू आसमान से धरती पर आ चुकी है। उनकी इस साल रिलीज हुई तीनों फिल्में फ्लॉप हो चुकी हैं। करीब 175 करोड़ रुपये की लागत से बनी ‘मिशन सिंड्रेला’ का नाम इस बीच बदलकर ‘कठपुतली’ कर दिया गया है। चर्चाएं ये भी हैं कि ओटीटी पर बेचने से इसकी लागत निर्माताओं ने वसूल कर ली है। वाशू भगनानी और अक्षय कुमार अब इसके बाद सुपरहिट फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां बनाने जा रहे हैं, इसमें टाइगर श्रॉफ का भी अहम किरदार है और इस फिल्म के निर्देशक हैं अली अब्बास जफऱ।