साल 2021 से ही देखने में आ रहा है कि बॉलीवुड की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा पा रही हैं, जबकि इसी दौरान रिलीज हुईं कई दक्षिण भारतीय फिल्मों ने जबरदस्त कारोबार किया है। कोरोना के समय में जहां कई फिल्में ठंडे बस्ते में पड़ी रहीं, जिससे मेकर्स को काफी नुकसान झेलना पड़ा और इसके बाद फ्लॉप की झड़ी लगने की वजह से बॉलीवुड सफल फिल्मों के लिए तरसता दिखाई दिखाई दिया। हालांकि कुछ फिल्में हिट भी रहीं। तो चलिए जानते हैं कि इस साल रिलीज हुई बॉलीवुड की फिल्मों में से कितनी रही हिट और कितनी फ्लॉप।
Bollywood Flop Films: 2022 में बॉलीवुड की सिर्फ ये फिल्में हुईं हिट, आमिर-अक्षय सबकी लगी फ्लॉप की झड़ी
हिट हुईं सिर्फ ये फिल्में
बात करें 2022 में रिलीज हुई बॉलीवुड की उन फिल्मों की जो बॉक्स ऑफिस पर सफल रहीं तो इनमें विवेक अग्निहोत्री की 'द कश्मीर फाइल्स', आलिया भट्ट की 'गंगूबाई काठियाबाड़ी', कार्तिक आर्यन की 'भूल भुलैया 2',आर माधवन की 'रॉकेट्री द नंबी इफेक्ट', वरुण धवन की 'जुग जुग जियो' हिट साबित हुई हैं। मौजूदा समय की बात करें तो ब्रह्मास्त्र भी बायकॉट के बीच ठीक-ठाक कलेक्शन कर रही है।
अक्षय की लगी फ्लॉप की हैट्रिक
साल 2022 बॉलीवुड के खिलाड़ी कहे जाने वाले अक्षय कुमार के करियर के हिसाब से अच्छा साबित नहीं होता दिखा। 18 मार्च 2022 में रिलीज हुई उनकी फिल्म बच्चन पांडे ने सिर्फ 70 करोड़ का बिजनेस किया और फ्लॉप साबित हुई। इसके बाद ऐतिहासिक कहानी पर आधारित फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' से अक्षय समेत मेकर्स को भी काफी उम्मीदें थीं लेकिन ये भी फ्लॉप साबित हुई। इसके बाद आई फिल्म रक्षाबंधन। जिसका अक्षय कुमार ने जमकर प्रमोशन किया, हालांकि ये फिल्म भी कोई कमाल नहीं दिखा पाई और इस साल की फ्लॉप लिस्ट में शामिल हो गई। वहीं ओटीटी पर रिलीज हुई कठपुतली को भी दर्शकों का कोई खास रिस्पॉन्स मिलता नहीं दिखा।
आमिर खान साख को लगा बट्टा
फिल्म लाल सिंह चड्ढा से आमिर खान पूरे चार साल के बाद दोबारा वापसी की थी। मिस्टर परफेक्टनिश के नाम से मशहूर आमिर खान की ये फिल्म पहले दिन से ही दर्शकों को प्रभावित करने में नाकाम रही। 180 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 70 करोड़ का कारोबार किया था। हालांकि मेकर्स का कहना था कि उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ है क्योंकि फिल्म ने वर्ल्ड वाइड अच्छा कलेक्शन किया है।
जनवरी में ओटीटी पर '36 फार्म हाउस' रिलीज हुई। जिसके बारे में शायद ही किसी को खास पता चला हो इसके बाद फरवरी महीने में ओटीटी पर ही लूप लपेटा, और गहराईयां रिलीज हुईं। इन फिल्मों को भी दर्शकों का कोई खास रिस्पॉन्स नहीं मिली। जबकि सिनेमाघरों में रिलीज हुई बधाई दो भी फ्लॉप साबित हुई थी।