कोरोना की दूसरी लहर के धीमे पड़ने के साथ ही फिल्म जगत की हलचल धीरे धीरे असर दिखाने लगी हैं। सोनी पिक्चर्स की फिल्म ‘डोंट ब्रीद 2’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता रही और भले फिल्म भारत में अपनी हाइप के हिसाब से कारोबार करने में सफल न हो पाई हो, सोनी पिक्चर्स के पास हॉलीवुड फिल्मों के बड़े तुरुप के इक्के अभी बाकी हैं। सोनी पिक्चर्स की दो अंग्रेजी फिल्में ‘स्पाइडर मैन: नो वे होम’ और ‘वेनम 2- लेट देयर बी कार्नेज’ इस साल कारोबार के लिहाज से बेहद अहम फिल्में मानी जा रही हैं। लेकिन, सोनी पिक्चर्स की भारतीय शाखा के पास ऐसा कोई तुरुप का पत्ता नहीं है जिस पर फिल्म जगत के लोगों की उम्मीदें टिक सकें। इसकी दो हिंदी फिल्में ‘डायल 100’ और ‘हेलमेट’ सीधे ओटीटी पर रिलीज होकर दर्शकों को प्रभावित नहीं कर सकीं। तमाम ओटीटी दर्शक तो अब याद भी नहीं रखना चाहते कि वे ‘हेलमेट’ जैसी फिल्म देखने के लिए अपने जीवन के दो घंटे बर्बाद कर चुके हैं। सोनी पिक्चर्स की सात और हिंदी फिल्में इन दिनों निर्माण के विभिन्न चरणों में हैं। इनमें से एक फिल्म ‘निकम्मा’ में शिल्पा शेट्टी एक बार फिर से बड़े परदे पर वापसी की कोशिश करती दिखाई देंगी।
न्यू रिलीज: ‘डायल 100’ और ‘हेलमेट’ ने ब्रांड बाजार में डुबोया सोनी पिक्चर्स का नाम, अब इन सात फिल्मों पर टिकी आस
रेंसिल डिसिल्वा की फिल्म ‘डायल 100’ और सतराम रमानी निर्देशित फिल्म ‘हेलमेट’ रिलीज होने के बाद अगर किसी को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है तो वह है सोनी पिक्चर्स के ब्रांड को। सोनी पिक्चर्स की अंग्रेजी फिल्में देखने वाले दर्शकों के मन में बहुत अच्छी छवि रही है लेकिन इसकी भारतीय शाखा अब तक ढंग की हिंदी फिल्में बनाना नहीं सीख पाई है। सतराम रमानी के बाद अभी चार और नए निर्देशक ये कंपनी हिंदी सिनेमा में लॉन्च करने वाली है और राम माधवानी के बैनर तले बन रही फिल्म ‘डाइव’ को छोड़कर किसी दूसरी फिल्म में हिट का स्पार्क फिलहाल नहीं नजर आ रहा।
सोनी पिक्चर्स के साथ मिलकर राम माधवानी और अमृता इन दिनों बड़े परदे की पहली ऐसी हिंदी फिल्म बना रहे है जिसे एक अलग तरह की ‘सरवाइवल’ स्टोरी कह सकते हैं। रेणुका कुंजरू की लिखी इस फिल्म से एड फिल्म मेकर नितिन परमार सिनेमा में अपनी बोहनी करने जा रहे हैं। फिल्म का नाम ‘डाइव’ रखा गया है और इसकी बहुत सारी शूटिंग पानी के नीचे होनी है। ‘सांड़ की आंख’ फिल्म लिखने वाले बलविंदर सिंह जनुजा को सोनी पिक्चर्स फिल्म ‘तेरा क्या होगा लवली’ से डायरेक्टर बनाने जा रही है। इस फिल्म के लीड कलाकार रणदीप हुड्डा और इलियाना डी क्रूज हैं।
अगले कुछ महीनों में रिलीज होने वाली सोनी पिक्चर्स की हिंदी फिल्मों में जर्मन फिल्म ‘रन लोला रन’ की आधिकारिक हिंदी रीमेक ‘लूप लपेटा’ भी शामिल है। फिल्म की हीरोइन तापसी पन्नू हैं और उनके साथ लीड रोल में दिखेंगे ताहिर राज भसीन। तापसी की दो फिल्में ‘हसीन दिलरुबा’ और ‘एनाबेल सेतुपति’ इस साल ओटीटी पर रिलीज हो चुकी हैं। उनकी तीसरी फिल्म ‘रश्मि रॉकेट’ भी ओटीटी की लाइन में लग चुकी है। फिल्म ‘लूप लपेटा’ के भी ओटीटी पर ही रिलीज होने की चर्चाएं मुंबई फिल्म जगत में चलती रही हैं।
अभिनेत्री भाग्यश्री के बेटे अभिमन्यु दासानी को स्टार बनाने की कोशिशें भी सोनी पिक्चर्स की भारतीय शाखा पूरी शिद्दत से कर रही है। कंपनी ने अभिमन्यु की दो फिल्मों पर पैसा लगा रखा है। नामचीन निर्देशक उमेश शुक्ला को उन्हें फिल्म ‘आंख मिचौली’ में निर्देशित करने की जिम्मेदारी मिली है। वहीं शब्बीर खान उन्हें लेकर एक फिल्म ‘निकम्मा’ लंबे अरसे से बना रहे हैं। इस फिल्म में शिल्पा शेट्टी को सरप्राइज आइटम बनाया गया था लेकिन उनके पति राज कुंद्रा की पोर्न फिल्मों के मामले में हुई गिरफ्तारी ने सारा हाइप बेकार कर दिया है।
