यशराज फिल्म्स की खोज रहीं अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा के लिए साल 2021 बड़े परदे पर वापसी के इंतजार का साल ही रहने वाला है। उनकी आने वाली फिल्म 'द गर्ल ऑन द ट्रेन' की पहली झलक बुधवार को सामने आ गई और इसी के साथ ये सूचना भी आई कि ये फिल्म अब थिएटर में रिलीज होने नहीं जा रही है। ओटीटी पर फिल्म की रिलीज तय हो चुकी है। परिणीति की सिनेमाघरों में आखिरी फिल्म ‘जबरिया जोड़ी’ 9 अगस्त 2019 को रिलीज हुई थी।
परिणीति चोपड़ा को साल की शुुरुआत में ही लगा झटका, थिएटर में रिलीज नहीं होगी फिल्म 'द गर्ल ऑन द ट्रेन'
हिंदी फिल्मों के कई बड़े कलाकारों की तरह परिणीति चोपड़ा का भी वर्ष 2020 खाली ही बीता। पिछले साल उनकी भी कोई फिल्म रिलीज नहीं हो पाई। वैसे परिणीति चोपड़ा को दिबाकर बनर्जी के निर्देशन में बनी फिल्म 'संदीप और पिंकी फरार' में अर्जुन कपूर के साथ देखा जाता। लेकिन, अचानक से कोरोना वायरस की वजह से देश में लॉकडाउन लागू कर दिया गया और सिनेमाघर बंद हो गए। इस वजह से यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनी ये फिल्म अब तक रिलीज नहीं हुई।
परिणीति चोपड़ा के लिए साल 2021 की शुरुआत रिभु दासगुप्ता के निर्देशन में बनी फिल्म 'द गर्ल ऑन द ट्रेन' से हो रही है। इस फिल्म का प्रीमियर 26 फरवरी को ओटीटी पर होगा। वैसे तो फिल्म को रिलायंस एंटरटेनमेंट ने बड़े पर्दे पर रिलीज करने के लिए बनाया था लेकिन जब सिनेमाघरों के बंद होने के चलते निर्माता फिल्म की कॉस्ट ऑफ मनी पर बढ़ते ब्याज को झेल नहीं पाए तो उन्होंने इस फिल्म को उठाकर ओटीटी के हवाले कर दिया। कॉस्ट ऑफ मनी तो अक्षय कुमार की फिल्म 'सूर्यवंशी' और रणवीर सिंह की '83' की भी बढ़ रही है लेकिन रिलायंस एंटरटेनमेंट ने उन फिल्मों के साथ कोई समझौता न करने की ठान रखी है।
फिल्म 'द गर्ल ऑन द ट्रेन' की कहानी परिणीति चोपड़ा के किरदार मीरा की है। मीरा हर रोज रेलगाड़ी में सफर करती है और वह हर रोज कुछ ऐसे लोगों से मिलती है जो उसे खुश नजर आते हैं। उन्हें देखकर मीरा भी खुश होती है। लेकिन, एक दिन अचानक से जाने अनजाने में वह एक रहस्यमयी हत्या में सलिप्त हो जाती है जिसके बारे में उसे खुद भी नहीं पता होता। वहीं से मीरा की जिंदगी में उथल-पुथल शुरू होती है। यह फिल्म पॉला हॉकिंस के लिखे थ्रिलर उपन्यास 'द गर्ल ऑन द ट्रेन' से प्रेरित है जिस पर हॉलीवुड में पहले ही फिल्म बन चुकी है।
परिणीति चोपड़ा की अर्जुन कपूर के साथ एक ब्लैक कॉमेडी फिल्म 'संदीप और पिंकी फरार' कई साल से रिलीज की कतार में है। फिल्म का सारा काम पूरा हो चुका है, लेकिन फिल्म के रिलीज की साइत नहीं निकल रही। यह फिल्म निर्देशक दिबाकर बनर्जी के लिए ‘डिटेक्टिव व्योमकेश बख्शी’ के तुरंत बाद बनाई थी। टी सीरीज के बैनर तले वह एक बायोग्राफिकल स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 'साइना' भी कर रही हैं लेकिन टी सीरीज के मालिक भूषण कुमार और परिणीति चोपड़ा की ट्यूनिंग अक्सर सही सिगनल न मिलने के चलते बिगड़ती रहती है। परिणीति का गाया एक कमाल गाना भी भूषण ने अरसे से रोक रखा है।
खेसारी लाल यादव की गुंडागर्दी, सड़क पर बस के ड्राइवर को घसीटा