हिंदी सिनेमा में जासूसी फिल्मों की लंबी श्रृंखला रही है। रामानंद सागर की फिल्म ‘आंखें’ से लेकर रविकांत नगाइच की फिल्मों ‘फर्ज’ और ‘सुरक्षा’ के अलावा हाल के दिनों में बनी ‘टाइगर’ सीरीज, ‘वॉर’ और अब ‘पठान’ ने जासूसों को फिर से देश के दुश्मनों के खिलाफ लगा दिया है। लेकिन, एक जासूसी दुनिया अब निर्माता दिनेश विजन बसाने जा रहे हैं। ये जासूस जेम्स बॉन्ड टाइप का होकर देश के दुश्मनों से लड़ने वाला नहीं बल्कि फिल्म ‘नाइव्स आउट’ के प्राइवेट डिटेक्टिव बेनियात ब्लॉन्क जैसा होगा। ये दुनिया बसने जा रही है राइटर अनुजा चौहान के नए उपन्यास के किरदारों के साथ, जिस पर फिल्म बनाने का एलान दिनेश विजन ने किया है। शेरलॉक होम्स, करमचंद और हरक्यूल पोयरॉत जैसे जासूसों की कैटेगरी में जो नया नाम शामिल होने जा रहा है, वह है एसीपी भवानी सिंह।
‘एजेंट विनोद’ के निर्माता दिनेश विजन फिर बसाएंगे जासूसी दुनिया, इस उपन्यास पर फ्रेंचाइजी की तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अब जो फिल्म दिनेश विजन बनाने जा रहे हैं उसकी कहानी अनुजा चौहान के उपन्यास ‘क्लब यू टू डेथ’ पर आधारित होगी। इस उपन्यास के मुख्य किरदार एसीपी भवानी सिंह को लेकर अभी से लोगों के बीच खूब किस्सेबाजी होने लगी है और दिनेश विजन को भी लगता है कि इस किरदार को लेकर एक फिल्म फ्रेंचाइजी खड़ी की जा सकती है। भवानी के किरदार के लिए एक सुपरस्टार की तलाश जोरों पर है। कहानी में दो और अहम किरदार भी हैं जो भवानी सिंह के साथ रहकर गुनहगारों की तलाश करते हैं।
उपन्यास ‘क्लब यू टू डेथ’ अनुजा चौहान का छठा उपन्यास है। उनके एक और उपन्यास ‘जोया फैक्टर’ पर बनी फिल्म में सोनम कपूर और दुलकर सलमान ने काम किया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी। लेकिन, इस बार की कहानी दिल्ली टर्फ क्लब में हुए एक मर्डर की कहानी है। कहानी शुरू वहां से होती है जब दिल्ली टर्फ क्लब में एक पर्सनल ट्रेनर दम घुटने से मरा पाया जाता है। शुरू में तो ये हादसा लगता है लेकिन जल्द ही खुलासा ये होता है कि दिल्ली के धन्नासेठों के इस क्लब के एक सदस्य ही ने इस मर्डर को अंजाम दिया है।
एसीपी भवानी सिंह को इस कत्ल की तहकीकात का जिम्मा मिलता है जो अपने दो सहायकों आकाश डोगरा और बाम्बी तोड़ी के साथ इस जुर्म का पर्दाफाश करने निकलता है। भवानी के दोनों सहायक पहले एक दूसरे से प्रेम करते थे लेकिन अब एक दूसरे के लिए एक्स से बढ़कर कुछ भी नहीं हैं। जानकारी के मुताबिक फिल्म में बाम्बी तोड़ी के किरदार के लिए दिनेश विजन ने एक उभरते सितारे को साइन भी कर लिया है।
निर्माता दिनेश विजन अपनी इस नई फिल्म को एक मनोरंजन से भरपूर, गुदगुदाने वाली और रसीली घुमावदार कहानी मानते हैं। वह ये भी कहते हैं कि इस कहानी ने उनको आज के जमाने में एक कहानी सेट करने का मौका दिया है। ये ऐसी कहानी है जो हमें भी आईना दिखाती है और हमारे समाज पर भी एक टिप्पणी करती है। दिनेश के मुताबिक, “मुझे इस फिल्म में जो अच्छा लगा वह ये है कि अनुजा ने एक मर्डर मिस्ट्री होते हुए भी इस फिल्म में अपना हास्य व रूमानियत वाला ट्रेडमार्क स्टाइल बरकरार रखा है।”