ये तो सब जानते हैं कि हिंदी सिनेमा के पिछली सदी के महानायक अमिताभ बच्चन और तमिल सिनेमा के सुपरस्टार थलाइवा रजनीकांत एक दूसरे के बहुत अच्छे दोस्त हैं। इन दोनों ने एक साथ हिंदी फिल्म अंधा कानून, गिरफ्तार और हम में काम भी किया। लेकिन, दोनों की दोस्ती का असली राज हम आपको बताते हैं। और वह ये कि रजनीकांत को साउथ का मेगास्टार बनाने में भी अमिताभ बच्चन की बहुत बड़ी भूमिका रही है। रजनीकांत ने अमिताभ बच्चन की तमाम हिंदी फिल्मों का रीमेक तमिल भाषा में कर डाला है और ऐसी हर फिल्म में रजनीकांत ने वही किरदार निभाया जो हिंदी में अमिताभ बच्चन ने निभाया। आइए बताते हैं आपको कुछ ऐसी फिल्मों के बारे में जो पहले हिंदी में हिट हुईं, उसके बाद रजनीकांत ने उन्हें तमिल में भी हिट किया।
लीजिए खुल गया राज रजनीकांत के मेगास्टार बनने का, इतनी सारी फिल्में तो अमिताभ बच्चन की रीमेक कर डालीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तमिल : शंकर सलीम साइमन (1978)
हिंदी : अमर अकबर एंथनी (1977)
अमिताभ की फिल्मों को तमिल में बनाने की शुरुआत तब हुई जब रजनीकांत ने सबसे पहले अमिताभ बच्चन की सुपरहिट फिल्म 'अमर अकबर एंथनी' का उसके रिलीज होने के अगले साल ही तमिल में रीमेक बनाया। 'शंकर सलीम साइमन' के नाम से बनी इस फिल्म में विजय कुमार ने शंकर का, जयगणेश ने सलीम का और रजनीकांत ने साइमन का किरदार निभाया। तमिल बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म हिट रही।
तमिल : बिल्ला (1980)
हिंदी : डॉन (1978)
फिल्मों की पटकथा के प्रतिष्ठित लेखक जोड़ी सलीम जावेद की लिखी फिल्म 'डॉन' का तमिल रीमेक 'बिल्ला' रजनीकांत के करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक है। इस फिल्म के बाद तो अमिताभ बच्चन का नाम भी डॉन ही पड़ गया था। रजनीकांत की इस फिल्म के कई सीन तो हिंदी फिल्म से लेकर ज्यों के त्यों ही इस्तेमाल किए गए थे। इस फिल्म में हेलेन ने वही किरदार निभाया, जो उन्होंने हिंदी फिल्म में निभाया है। बस उनके किरदार का इस फिल्म में नाम रीना था।
तमिल : थी (1981)
हिंदी : दीवार (1975)
सलीम जावेद की ही प्रतिष्ठित लेखक जोड़ी ने एक और फिल्म लिखी 'दीवार'। इस फिल्म को यश चोपड़ा ने अमिताभ बच्चन और शशि कपूर को लेकर बनाया। इस फिल्म को भी रजनीकांत ने तमिल भाषा का रूप दिया। उन्होंने अमिताभ बच्चन के किरदार को तो खुद ही निभाया, वहीं अमिताभ बच्चन के छोटे भाई शशि कपूर का किरदार अभिनेता सुमन को मिला। यह फिल्म भी सुपरहिट रही।
तमिल : मिस्टर भारत (1985)
हिंदी : त्रिशूल (1978)
यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में अमिताभ बच्चन ने एक ऐसे बेटे का किरदार निभाया है जो एक बहुत बड़े बिजनेसमैन से अपनी मां को धोखा देने का बदला लेता है। अमिताभ बच्चन, संजीव कुमार, शशि कपूर, हेमा मालिनी, राखी गुलजार जैसे सितारों से सजी यह फिल्म बहुत बड़ी हिट हुई। इसकी कहानी को लेकर रजनीकांत ने भी एक तमिल फिल्म बनाई और उसमें अमिताभ बच्चन का निभाया किरदार ही निभाया। तमिल में भी इस फिल्म ने खूब नाम कमाया।