बॉलीवुड में ऐसी कई अभिनेत्रियां हैं, जिन्होंने साउथ इंडस्ट्री से अपने करियर की शुरुआत कर बॉलीवुड में अपनी अदाकारी से खूब नाम कमाया। उन्हीं में से एक हैं रकुल प्रीत सिंह, जो एक फिल्म अभिनेत्री और मॉडल भी हैं। रकुल प्रीत सिंह तेलुगू, तमिल, हिंदी और कन्नड़ फिल्मों में अपनी एक्टिंग का टैलेंट दिखा चुकी हैं। वह अब काफी समय से बॉलीवुड की फिल्मों में काम कर दर्शकों का मनोरंजन करने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन वह हर बार अपनी इस कोशिश में विफल हो जाती है। कॉलेज के दिनों से अपने मॉडलिंग करियर की शुरुआत करने वाली रकुल प्रीत साउथ में काम कर वहां के दर्शकों को प्रभावित करने में सफल रहीं लेकिन हिन्दी सिनेमा में उनका जादू अभी तक नहीं चल पाया है। हाल ही में रकुल प्रीत सिंह की फिल्म 'रनवे 34' सिनेमाघरों में रिलीज की गई है। फिल्म में उनके साथ अजय देवगन और अमिताभ बच्चन को देखा गया लेकिन फिल्म फिर भी दर्शकों को प्रभावित करने में विफल रही। रकुल ने फिल्म में अपने अभिनय के तारीफें जरूर लूटी, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर रही है। ऐसे में जानते हैं कि बीते कुछ समय में थिएटर में आई रकुल प्रीत सिंह की फिल्में दर्शकों को कितना प्रभावित कर पाई। हमारी इस रिपोर्ट में हम आपके सामने रकुल प्रीत सिंह के फिल्मी रिपोर्ट कार्ड को प्रस्तुत करेंगे-
Rakul Preet Singh Movies: 'रनवे 34' से पहले रकुल प्रीत सिंह लगा चुकी हैं फ्लॉप फिल्मों की झड़ी, आठ साल में दी सिर्फ दो हिट फिल्म
फिल्म का नाम- अटैक पार्ट 1
बजट- 70 करोड़ रुपये
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन- 22 करोड़ रुपये
एक मार्च, 2022 को रिलीज हुई यह फिल्म एक एक्शन थ्रिलर फिल्म थी, जिसमें जॉन अब्राहम, रकुल प्रीत सिंह और जैकलीन फर्नांडिस मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म की कहानी रेंजर ऑफिसर द्वारा किए गए मिशन पर आधारित है। फिल्म की रिलीज से पहले यह बहुत चर्चा में थी लेकिन यह दर्शकों को लुभाने में फेल रही।
फिल्म का नाम- दे दे प्यार दे
बजट- 75 करोड़ रुपये
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन- 136 करोड़ रुपये
फिल्म 'दे दे प्यार दे' एक ऐसे व्यक्ति आशीष(अजय देवगन) की कहानी है, जो अपने से आधी उम्र की लड़की आयशा (रकुल प्रीत सिंह) के प्यार में पड़ जाता है। एक दिन वह उसे अपनी पूर्व पत्नी (तबू) और बच्चों से मिलवाने ले जाता है। दोनों एक-दूसरे से बहुत प्यार करते हैं लेकिन एक अनजाने खौफ की वजह से उनके रिश्ते में दरार आ जाती है। इस फिल्म का यह अनोखा कॉन्सेप्ट दर्शकों को भा गया और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया।
फिल्म का नाम- मरजावां
बजट- 38 करोड़ रुपये
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन- 62 करोड़ रुपये
सिद्धार्थ मल्होत्रा स्टारर फिल्म 'मरजावां' एक लव स्टोरी है, जिससे तारा सुतारिया ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिल्म की कहानी रघु के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक गैंगस्टर था और नारायण अन्ना के लिए काम करता था। लेकिन उसे एक जोया नाम की लड़की (तारा) से प्यार हो जाता है। फिल्म में रकुल प्रीत साइड रोल में नजर आ रही हैं। 'मरजावां' को दर्शकों मिलीजुली प्रतिक्रिया मिली, जिसका असर साफ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर भी देखने को मिला।
फिल्म का नाम- अय्यारी
बजट- 65 करोड़ रुपये
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन- 13.41 करोड़ रुपये
'अय्यारी' एक देश भक्ति पर आधारित फिल्म थी, जिसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा, मनोज बाजपेयी और रकुल प्रीत सिंह मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसकी कहानी कर्नल अभय सिंह और मेजर जय बक्शी के इर्द-गिर्द घूमती है। रकुल प्रीत सिंह ने फिल्म में सिद्धार्थ की प्रेमिका का किरदार निभाया है। फिल्म को दर्शकों ने सिरे से नकार दिया और यह बॉक्स ऑफिस पर मुंह के बल गिरी थी।