बीते दिनों दिल्ली का मालवीय नगर स्थित बाबा का ढाबा काफी चर्चा में आया था। लॉकडाउन के बीच कांता प्रसाद के ढाबे में कोई नहीं आता था। जिससे उन्हें आर्थिक हानि हो रही थी। जिसे देखते हुए यूट्यूबर गौरव वासन ने उनका एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। ये वीडियो साझा करते ही कुछ ही घंटों में ट्रेंड हुआ और देखते ही देखते बाबा का ढाबा पर भीड़ लग गई। लेकिन अब कांता प्रसाद की मदद करने वाले के ऊपर उन्होंने खुद धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है।
Baba Ka Dhaba: मशहूर करने वाले ने ही की धोखाधड़ी, फिल्मी सितारों ने 'कांता' के लिए लगाई थी मदद की गुहार
कांता प्रसाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही बॉलीवुड सेलेब्स भी उनकी मदद के लिए आगे आ गए थे। कई फिल्मी सितारों ने लोगों से उनकी मदद करने की अपील की थी। रवीना टंडन ने तो लोगों से वहां जाकर अपनी सेल्फी भी मांगी थी जिसे वो खुद पोस्ट कर सकें।
दरअसल जब से वीडियो वायरल हुआ था तब बॉलीवुड के तमाम सेलिब्रिटीज रवीना टंडन, स्वरा भास्कर, रितेश देशमुख, सोनम कपूर, सुनील शेट्टी जैसे सितारे मदद के लिए आगे आए थे। स्वरा ने बाबा का ढाबा को लेकर कई पोस्ट साझा किए थे। जिनके जरिए उन्होंने लोगों से वहां पहुंचने की अपील की थी। इसके अलावा बाकी भी सभी सितारों ने लोगों से वहां पहुंचकर कांता प्रसाद की मदद के लिए गुहार लगाई थी। साथ ही कई सितारों में उनके लिए पैसे भी ट्रांसफर किए थे। लेकिन शायद यही पैसे कांता प्रसाद के लिए मुसीबत का सबब बन गए।
अभिनेता अपारशक्ति खुराना तो खुद बाबा का ढ़ाबा पर खाना खाने के लिए गए थे। उन्होंने इस दौरान एक सेल्फी भी क्लिक की और उसे सोशल मीडिया पर लोगों के साथ साझा भी किया था। उन्होंने पोस्ट को साझा करते हुए लिखा था, 'गौरव वासन से वादा किया था कि जब दिल्ली आऊंगा तो बाबा का ढाबा पर कुछ खाऊंगा। आखिरकार हमने खाया। सबसे अच्छा मटर पनीर खाया। गौरव आप पर गौरव है हम सबको, जो भी आपने बाबा के लिए किया'।
क्या है पूरा मामला
हाल ही में बाबा का ढाबा के मालिक कांता प्रसाद ने यूट्यूबर गौरव वासन के ऊपर पैसे के हेरफेर का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वासन ने जानबूझकर केवल अपने और अपने परिवार/दोस्तों के बैंक विवरण और मोबाइल नंबर दानदाताओं के साथ साझा किए और शिकायतकर्ता को कोई भी जानकारी प्रदान किए बिना विभिन्न प्रकार के भुगतानों के माध्यम से दान की भारी राशि एकत्र की।
पढ़ें: इन अभिनेत्रियों ने किया था शाहरुख खान के साथ डेब्यू, कोई रहा हिट तो कोई फ्लॉप