आठ साल पहले सिनेमा का अपना पूरा कारोबार वाल्ट डिजनी कंपनी को बेच चुके फिल्म निर्माता रॉनी स्क्रूवाला अपनी नई प्रोडक्शन कंपनी खड़ी करने में शिद्दत से लगे हुए हैं। वह लगातार नई फिल्मों का एलान कर रहे हैं और ये फिल्में एक के बाद एक शूटिंग शुरू होने की लाइन में लगती जा रही हैं। रॉनी की पांच फिल्में निर्माण के विभिन्न चरणों में हैं और इनमें सबसे पहले जिस फिल्म की शूटिंग शुरू होती दिख रही है, वह है काफी छोटे बजट की फिल्म, सितारा।
रॉनी स्क्रूवाला बने हिंदी सिनेमा के नए एनाउंसर मैन, ये पांच फिल्में शूटिंग शुरू होने के इंतजार में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रोहिंटन सोली उर्फ रॉनी स्क्रूवाला की कंपनी यूटीवी सॉफ्टवेयर कम्यूनिकेशंस ने तमाम विदेशी कंपनियों के साथ मिलकर खूब देसी कंटेंट बनाया। वाल्ट डिजनी को अपने साथ मिलाया। दोनों ने मिलकर काफी काम किया और फिर एक दिन बताते हैं कि रॉनी ने अपना ये पूरा साम्राज्य 1.4 अरब अमेरिकी डॉलर में वाल्ट डिजनी को बेच दिया। इस सौदे की बंदिशें पूरी होने के बाद से रॉनी फिर मैदान में हैं। इस बार उन्होंने कंपनी बनाई आरएसवीपी के नाम से।
इस कंपनी की अरसा पहले घोषित फिल्म 'सितारा' की शूटिंग फिर से शुरू होने वाली है। लंबी बंदी के बाद इस फिल्म के मुख्य कलाकार राजीव सिद्धार्थ और शोभिता धुलिपाला सेट पर वापस लौटने के लिए तैयार हैं। इस फिल्म की शूटिंग आठ नवंबर से शुरू होगी। फिल्म की कहानी एक आजाद ख्यालों वाली इंटीरियर डिजाइनर और एक महत्वकांक्षी बावर्ची के प्रेम संबंधों की है। ये अपने रिश्ते की गहराइयों और उनकी खामियों को जानते हैं और उनके साथ भी एक दूसरे को अपनाने की कोशिश करते हैं।
रॉनी स्क्रूवाला ने अपने इस नए प्रोडक्शन हाउस की शुरुआत वर्ष 2014 में की। और लव पर स्क्वेयर फुट, लस्ट स्टोरीज, कारवां, केदारनाथ, उरी- द सर्जिकल स्ट्राइक, सोनचिड़िया, द स्काई इज पिंक जैसी फिल्में बनाते हुए यह लगातार तरक्की भी कर रहा है। उनके इस प्रोडक्शन हाउस में बनी आदित्य धर की फिल्म 'उरी- द सर्जिकल स्ट्राइक' अब तक की सबसे बड़ी हिट फिल्म है। आगे उन्होंने कुछ और भी नई फिल्मों की घोषणा कर रखी है जिनमें 'रश्मि रॉकेट', 'सैम मानेकशॉ', 'तेजस' और 'पिप्पा' शामिल हैं।
'रश्मि रॉकेट' का निर्देशन आकर्ष खुराना करेंगे जिसमें तापसी पन्नू मुख्य भूमिका निभाने वाली हैं। यह फिल्म एक गुजराती लड़की की कहानी है जो दौड़ने में माहिर है। तापसी इस किरदार के लिए जी तोड़ मेहनत भी कर रही हैं। मेघना गुलजार के निर्देशन में बन रही फिल्म 'सैम मानेकशॉ' फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ की बायोग्राफी ड्रामा फिल्म होगी जिसमें सैम मानेकशॉ का किरदार विकी कौशल निभाएंगे। सैम मानेकशॉ वर्ष 1971 में पाकिस्तान से हुए युद्ध के दौरान भारतीय सेना के प्रमुख थे।