आने वाले जुम्मे को हिंदी सिनेमा के ‘भाईजान’ यानी सलमान खान 54 साल के हो जाएंगे। 29 दिसंबर को हिंदी फिल्म जगत में बतौर हीरो उनके 30 साल भी पूरे हो रहे हैं। इस दौरान उन्होंने अभिनय के अलावा फिल्मों के लिए कहानियां लिखी, गाने गाए और फिल्में बनाई भी। सलमान के नाम सबसे ज्यादा नए कलाकारों को मौका देने का भी रिकॉर्ड रहा है लेकिन क्या आप जानते हैं कि सलमान ने किन किन निर्देशकों को उनकी पहली फिल्म में मौका दिया। सलमान के जन्मदिन के मौके पर हम आपको ऐसे ही कुछ निर्देशकों के नाम बताने जा रहे हैं।
इन 10 निर्देशकों की पहली फिल्म के लिए राजी हुए सलमान, ज्यादातर की चमकी किस्मत तो कुछ हो गए गुमनाम
सूरज बड़जात्या
29 दिसंबर 1989 को रिलीज हुई फिल्म 'मैंने प्यार किया' के लिए सलमान खान को फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेता का पुरस्कार हासिल किया। इस फिल्म में उन्होंने पहली बार प्रेम का किरदार निभाया और इसी फिल्म से लॉन्च हुईं नई हीरोइन भाग्यश्री। भाग्यश्री के बेटे अभिमन्यु दासानी अब खुद हीरो बन चुके हैं। और इस फिल्म से बतौर निर्देशक लॉन्च हुए सूरज बड़जात्या के बेटे जल्द ही सलमान खान के साथ अपनी पहली फिल्म बतौर निर्देशक शुरू करने वाले हैं। फिल्म मैंने प्यार किया सलमान और सूरज दोनों के लिए गेम चेंजर साबित हुई।
सोहैल खान
फिल्म इंडस्ट्री में पूरे परिवार को साथ लेकर चलने वालों में अगर किसी सितारे का नाम सबसे पहले आता है तो वह हैं सलमान खान। साल 1997 में सलमान खान ने अपने छोटे भाई सोहैल खान की बतौर निर्देशक पहली फिल्म 'औजार' में काम किया। फिल्म में सलमान के अलावा संजय कपूर और शिल्पा शेट्टी भी मुख्य भूमिका में थे। फिल्म की कहानी दो दोस्तों के ऊपर आधारित है।
अतुल अग्निहोत्री
सलमान खान की बहन अलवीरा का विवाह मशहूर अभिनेता अतुल अग्निहोत्री से हुआ है। दर्जनों फिल्मों में काम करने के बाद जब अतुल अग्निहोत्री का सितारा अभिनय के क्षेत्र में डूबने लगा तो सलमान ने उन्हें निर्देशक बना दिया। साल 2004 में रिलीज हुई सलमान खान फिल्म 'दिल ने जिसे अपना कहा' से वह निर्देशक बने और खुद सलमान ने इस फिल्म में लीड रोल किया। इसके बाद साल 2008 में अतुल ने सलमान की ही फिल्म 'हैलो' का भी निर्देशन किया। जब सलमान को लगा कि अतुल बतौर निर्देशक चल नहीं पाएंगे तो उन्होंने अपने जीजा को अपनी फिल्मों का परमानेंट प्रोड्यूसर बना दिया।
पुनीत इस्सर
दुर्योधन के किरदार के लिए घर-घर में पहचाने जाने वाले पुनीत ने ढेरों फिल्मों और टीवी सीरियल में अभिनय और सह निर्देशक के तौर पर काम करने के बाद 2004 में सलमान खान अभिनीत फिल्म 'गर्व' का निर्देशन किया। सलमान के अलावा इस फिल्म में शिल्पा शेट्टी, अरबाज खान और अमरीश पुरी भी अहम किरदार में थे। सलमान खान ने इस फिल्म में पुलिस अफसर का किरदार निभाया।