हिंदी सिनेमा के शो मैन संजय लीला भंसाली और सिनेमा के सुल्तान सलमान खान एक बार फिर आमने सामने हैं। दोनों ने अपने अपने अगले तमाशे के लिए एक ही मैदान चुना। लेकिन, सुल्तान का दांव एक बार फिर शो मैन पर भारी पड़ा और उन्हें मैदान छोड़कर जाना ही पड़ा। मामला दोनों की अगली फिल्मों गंगूबाई काठियावाड़ी और राधे की शूटिंग से जुड़ा है और इनकी शूटिंग के चलते ही दोनों एक बार फिर आमने सामने हुए। आगे पढ़िए कि पूरा किस्सा क्या है?
भंसाली और सलमान फिर आए आमने-सामने, मामला बढ़ने से पहले इस तरह निकला मुसीबत का हल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भंसाली ने सलमान खान को लेकर फिल्म 'इंशाअल्लाह' की शुरुआत इसी साल की थी, लेकिन सलमान को एक तो अपने किरदार में दम नहीं नजर आया। दूसरे वह इस बात से ज्यादा खफा थे कि इस फिल्म में पैसा उन लोगों का लग रहा है जिनसे सलमान की पटती नहीं है। मामला जब आर या पार का हुआ तो सलमान ने पहला तीर छोड़ा और भंसाली से खुद को निशाने की जगह से हटा लिया। फिल्म बंद हो गई। बात आई गई हो गई। दोनों ने एक दूसरे की तारीफें भी की और लोगों को लगा कि मामला खत्म।
सलमान खान दिल में भले आते हों, लेकिन समझ में अच्छे अच्छों को नहीं आते। सलमान की एक टीम लगातार खबर रखे रही कि भंसाली की अगली फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी का सेट कहां लग रहा है। स्टूडियो की बुकिंग हो गई। कलाकारों को तारीखें समझा दी गईं। लोकशन बता दी गई और यहां तक कि कॉल टाइम तक पर चर्चा हो गई तो सलमान खान ने फिर पैंतरा बदला। और, मामला फिर भंसाली के गले में हड्डी की तरह अटक गया।
भंसाली अगले हफ्ते से आलिया भट्ट स्टारर फिल्म की शूटिंग मुंबई के महबूब स्टूडियो में शुरू करने की तैयारी महीनों से करते रहे हैं। अब सलमान खान की टीम ने इसी स्टूडियो में उनकी अगली फिल्म राधे की शूटिंग करने के लिए डेरा जमा लिया है। जाहिर, एक म्यान में जैसे दो तलवारें नहीं रह सकतीं वैसे ही भंसाली और सलमान एक ही स्टूडियो में एक ही समय नहीं रह सकते। सलमान का घर महबूब स्टूडियो से फर्लांग भर की दूरी पर भी नहीं है। ये उनकी फिल्मों की शूटिंग का मोस्ट फेवरिट स्पॉट है। यहीं पर सलमान खान अपने चहीते निर्देशक प्रभुदेवा के साथ फिल्म राधे की शूटिंग 4 नवंबर से शुरू करने जा रहे हैं।
भंसाली को ये बात पता चली तो उन्होंने अपनी टीम से खूब विचार विमर्श किया। सबने यही समझाया कि एक अहाते में दो शेरों का एक साथ रहना ठीक नहीं है। सूत्र बताते हैं कि भंसाली ने अब अपनी फिल्म की शूटिंग गोरेगांव फिल्म सिटी में शिफ्ट करने का फैसला कर लिया है। बताया जाता है कि भंसाली बिना वजह के किसी भी तरह के विवाद में नहीं उलझना चाहते हैं और पूरा ध्यान फिल्म पर देना चाहते हैं।
पढ़ें: इन सात फिल्मों में हीरोज की हुई धमाकेदार एंट्री, सीट पर चढ़कर दर्शकों ने बजाई थीं सीटियां