देश में होने वाले चुनावों के दौरान सियासी पैंतरों की तरह इस्तेमाल होने वाले हैशटैग का आगे क्या होगा, ये तो पता नहीं लेकिन ट्विटर का निजाम बदलने का असर बॉलीवुड पर दिखने लगा है। शाहरुख खान की फिल्मों को सोशल मीडिया पर बायकॉट करने की कोशिशों में लगे रहने वाले ट्रोल्स की इस बार चल नहीं पा रही है। सूत्र बताते हैं कि यशराज फिल्म्स की नई फिल्म ‘पठान’ के टीजर के बाद से जितनी बार ट्विटर पर हैशटैग #बायकाटपठान (#BoycottPathaan) ट्रेंड कराने की कोशिश हुई, उतनी बार ही ट्विटर ने इसकी एल्गोरिदम बदल दी। ट्विटर पर हिंदी फिल्मों के खिलाफ चलने वाले अभियानों में से फिल्म ‘पठान’ पहली फिल्म है, जिसके खिलाफ कोई बायकाट हैशटैग घंटे भर से भी ज्यादा ट्रेंडिंग नहीं रह सका।
Boycott Pathaan: ‘पठान’ को ट्रोल्स से बचाने में ट्विटर मददगार, समझिए कैसे बदल रहा है ये सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाटर आर्मी के दिन पूरे!
फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की कथित आत्महत्या के बाद से ही बॉलीवुड की तमाम बड़ी हस्तियां सोशल मीडिया पर निशाने पर रही है। फिल्म ‘सड़क 2’ से छिड़ा बायकाट बॉलीवुड का अभियान हाल के दिनों तक तकरीबन हर हिंदी फिल्म का ट्रेलर आते ही ट्रेंड होता रहा है। कहा जाता है कि इसके पीछे पूरी एक टीम काम करती रही है, जिसे तकनीकी भाषा में ‘वाटर आर्मी’ कहा जाता है। इस काम के लिए प्रति ट्वीट, प्रति लाइक और प्रति रीट्वीट पैसे भी मिलते हैं। मुंबई की कुछ एजेंसियां किसी भी हैशटैग को ट्रेंड कराने का ठेका लेती रही हैं और इससे इनकी अच्छी खासी आमदनी होती है। इन एजेंसियों का प्रस्ताव इन हैशटैग को वेरिफाइड अकाउंट से भी ट्वीट कराने का रहता है।
ट्विटर में बदलाव का पहला फायदा
जून 2020 से फिल्म ‘पठान’ की ट्रेलर रिलीज तक ये पहला मौका है जब किसी बॉलीवुड शख्सियत या फिल्म के खिलाफ कोई नकारात्मक हैशटैग ट्विटर पर ट्रेंड नहीं कर पा रहा है। फिल्म ‘पठान’ का ट्रेलर रिलीज होते ही इस फिल्म के बायकॉट का एक हैशटैग ट्विटर पर उभरा और इस हैशटैग को कुछ यूजर्स द्वारा जबर्दस्ती ‘पुश’ किए जाने का अलर्ट ट्विटर कार्यालय में उभरते ही इसके तकनीशियनों ने इसका एल्गोरिदम बदल दिया। ट्विटर के पास ये व्यवस्था रही है कि वह किसी हैशटैग को जबर्दस्ती पुश किए जाने का तुरंत पता लगा सकता है और इसे रोक सकता है।
ट्रोल्स को तलाशेगी नई तकनीकी टीम
सूत्र बताते हैं कि ट्विटर के बदले निजाम में इसकी तकनीकी टीम ने सबसे बड़ा काम जो शुरू किया है, वह है उन यूजर्स का पता लगाना जो किसी भी एक तय समय में एक जैसी पोस्ट साझा करते हैं और जिनमें एक ही हैशटैग का बार बार इस्तेमाल किया जाता है। फिल्म ‘पठान’ का सोशल मीडिया बॉयकाट इसी के चलते नहीं हो पा रहा है। अब ट्विटर पर जब भी कोई हैशटैग एक घंटे में हजार बार से ज्यादा ट्वीट किया जाता है, ट्विटर की एआई तुरंत इसे पकड़ लेती है और इसके बारे में तकनीकी टीम को अलर्ट जारी कर देती है।
अकाउंट्स पर सीधी नजर
ट्विटर पर झुंड बनाकर हैशटैग ट्रेंड कराने वालों की पहचान का ये फायदा इस मामले में बॉलीवुड को मिलता दिख रहा है और इससे बॉलीवुड में खुशी भी देखी जा रही है। लेकिन, इसका नुकसान आने वाले दिनों में उन लोगों को हो सकता है जो किसी भी गाने, ट्रेलर, या पोस्टर को प्रमोट करने के लिए हैशटैग ट्रेंड कराने की कोशिश करते रहे हैं। अब ऐसी कोशिशें विज्ञापन के तहत आएंगी और इसका एल्गोरिदम देखने के बाद ट्विटर संबंधित अकाउंट्स को प्रमोशनल अकाउंट में भी तब्दील करने की पहल कर सकता है।