बॉलीवुड की के सेट्स पर दिखने वाली चहल पहल अब गहमागहमी में बदलने लगी है। लॉकडाउन और सुरक्षा नियमावली की वजह से रूकी हुई कई बड़ी फिल्मों की शूटिंग भी दुबारा उसी उमंग के साथ शुरु हो चुकी हैं। इनमें से ही एक फिल्म है 'इंडिया लॉकडाउन', जिसमें श्वेता बासु प्रसाद एक अहम किरदार निभाती नजर आएंगी। इस किरदार की तह तक जाने के लिए श्वेता ने दौरा किया मुंबई के रेड लाइट एरिया का और इस दौरान वहां की सेक्स वर्कर्स से देर तक बातें भी की।
अब मुंबई के रेड लाइट एरिया में दिखी ये अभिनेत्री, कभी पुलिस की रेड में लगा था वेश्यावृत्ति का आरोप
हिंदी फिल्म ‘मकड़ी' से शोहरत बटोरने वाली श्वेता बासु प्रसाद फिल्म 'इंडिया लॉकडाउन' में एक सेक्स वर्कर का ही किरदार निभाएंगी। इस किरदार का नाम इसके निर्देशक मधुर भंडारकर ने मेहरून्निसा रखा है। किरदार की गंभीरता को समझने के लिए भंडारकर और श्वेता ने मुंबई के रेड लाइट एरिया, कमाठीपुरा जाने का फैसला किया। इस दौरान दोनों ने वहां की एक असली मेहरून्निसा से भी मुलाकात की ।
रेड लाइट एरिया में पहली बार जाने के अपने इस अनुभव को साझा करते हुए श्वेता बताती हैं, "मेरा ऐसा मानना है कि मैं जिन किरदारों को निभा रही हूं वे वास्तविक हैं और मै उनमें डुबना चाहती हूं। जब तक मै ये न कर लूं तब तक मैं दर्शकों को इस किरदार के नजदीक नही ला सकती। फिल्म के निर्दशक को ऐसा लगता था कि इस किरदार के लिहाज से मेरी बोलने की शैली बहुत नरम और सभ्य है।”
निर्देशक मधुर भंडारकर के साथ कमाठीपुरा घूमने गईं श्वेता ये भी बताती हैं कि इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य वहां की सेक्स वर्कर्स की बोली को समझना रहा। वह बताती हैं, “तय ये हुआ कि मुझे अपने बात करने की शैली को बदलना होगा। साथ ही किरदार की महत्वपूर्ण बारिकीयों को भी समझना होगा और इससे तालमेल बिठाना होगा ताकि मैं इस किरदार में फिट बैठ पाऊं। मधुर चाहते थें कि मै इन सेक्स वर्कर्स से मिल कर उनकी जिंदगी को नजदीक से देखूं और वे कैसे सोचती हैं, इसको समझूं।”
ये पूछने पर कि ऐसी जगह पर जाने में क्या आपको किसी तरह का संकोच या डर लगा? श्वेता ने जवाब दिया, "मैं पत्रकारिता की छात्रा रही हूं और मैंने ये चीजें देखी भी हैं और फिल्माई भी हैं। वहां मेरा जाना मेरे काम से संबंधित था। हां, अगर कोइ संकोच या भय था तो वह सिर्फ इस बात का था कि जाने अनजाने में मै कोई एसी अनुचित बात न कर दूं या कोई ऐसा सवाल न पूछ लूं, जो उन्हें अच्छा न लगे ।"
श्वेता ने ये जानकारी भी दी कि अपने किरदार को और बेहतर करने के लिए वह इन दिनों पुरानी हिंदी फिल्में भी देख रही हैं। अपने किरदार को गाढ़ा करने के लिए अब तक वह मधुर की बनाई फिल्मों में तबू की फिल्म ‘चांदनी बार’, करिना कपूर की ‘चमेली’ और कोंकणा सेनशर्मा की ‘ट्रैफिक सिग्नल’ देख चुकी हैं। इसके अलावा स्मिता पाटिल और शबाना आजमी की क्लासिक फिल्म ‘मंडी’ भी उन्होंने इस सिलसिले में देखी है।