कोरोना महामारी की वजह से देशभर में लगातार हालात बिगड़ते जा रहे हैं और अब कोरोना संक्रमित मरीज़ों को इलाज मिलने में भी कठिनाई हो रही है। ऐसे में अभिनेता सोनू सूद लोगों की मदद के लिए लगातार आगे आ रहे हैं और उन्होंने अब सभी से खास अपील भी की है। सोनू सूद खुद भी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी वो लोगों की मदद करने से पीछे नहीं हट रहे हैं।
'टीवी रिमोट छोड़िए, देश जोड़िए', कोरोना से बिगड़ते हालात देखकर सोनू सूद की खास अपील
सोनू सूद ने ट्वीट करते हुए कहा कि, 'टीवी रिमोट छोड़िए,देश को जोड़िए। दूसरे की जान बचाएंगे, तभी तो जी पाएंगे।' दरअसल, सभी लोग अपने-अपने घरों में बैठकर टीवी पर कोरोना महामारी से बिगड़े हालातों का जायजा लेकर सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट कर रहे हैं। इसे देखते हुए अभिनेता ने ये ट्वीट किया है।
टीवी रिमोट छोड़िए,
देश जोड़िए।
दूसरों की जान बचाएंगे,
तभी तो जी पाएंगे।
सोनू सूद ने पिछले दिनों खुद के कोरोना संक्रमित होने के बारे में बताते हुए ट्वीट कर लिखा था कि, 'नमस्कार दोस्तों, मैं आपको सूचित करना चाहता हूं कि COVID-19 का मेरा टेस्ट पॉजिटिव आया है। इसलिए मैंने खुद को क्वारंटीन कर लिया है। चिंता की कोई बात नहीं है। मैं अपना ख्याल रख रहा हूं। चिंता मत लीजिए इससे मुझे आपको मदद करने के लिए और समय मिल गया है। याद रखिए मैं हमेशा आपके साथ हूं।'
सोनू सूद कोरोना संक्रमित होने के बाद भी आराम नहीं कर रहे हैं। वो लगातार लोगों की मदद कर रहे हैं। हाल ही में उनसे किसी ने अस्पताल में बेड दिलाने की मदद मांगी थी। जिस पर अभिनेता ने लिखा था कि, 'उन्हें 15 मिनट के अंदर आईसीयू में बेड मिलेगा। तैयार रहिये, उनको बचाते हैं।'
सोनू सूद लगातार मदद के लिए आगे आ रहे हैं पिछले दिनों अभिनेता ने जरूरतमंदों को रेमडेसिविर और इंदौर में दस ऑक्सीजन सिलेंडर भिजवाए हैं। इसके पहले उन्होंने बच्चों की बोर्ड परीक्षाओं को भी स्थगित करने पर अपना समर्थन दिया था। बता दें, कोरोना महामारी के चलते हुए लॉकडाउन के दौरान अभिनेता सोनू सूद ने कई प्रवासी मजदूरों और जरूरतमंदों की मदद की थी। उनके द्वारा मदद का ये सिलसिला आज भी लगातार जारी है।
