नाना पाटेकर और तनुश्री दत्ता का विवाद धीरे-धीरे बढ़ रहा है। पर्दे पर नाना की गुस्सैल इमेज के बीच अब ऐसी आवाजें भी आ रही हैं कि वह पर्सनल लाइफ में भी काफी अकेले हैं। हालांकि यह बात किसी से छुपी नहीं है परंतु आमतौर पर इसकी चर्चाएं दबा दी जाती रही हैं। तनुश्री द्वारा नाना पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने के बाद इंडस्ट्री के कुछ लोग धीरे-धीरे इस पूर्व मिस इंडिया के पक्ष में आवाज उठाने लगे हैं मगर यह भी सच है कि कोई नाना के खिलाफ खुल कर नहीं कह रहा।
नाना के साथ फिल्में कर चुकीं रवीना टंडन ने इंडस्ट्री के इस रवैये पर सवाल उठाए हैं और डिंपल कपाड़िया का एक पुराना वीडियो सामने आया है जिसमें वह नाना के व्यक्तित्व के डार्क साइड की बात कर रही हैं। रवीना ने हाल में अपने ट्वीट में कहा कि यह दुखद है कि नाना-तनुश्री मामले का कोई चश्मदीद या सुबूत नहीं है। लेकिन तय है कि इस घटना ने तनुश्री का जीवन बदल दिया। रवीना ने लिखा कि उन्होंने नाना के साथ फिल्म में किया है और उनके हिंसक गुस्से के बारे में भी सुना परंतु कभी मैंने वह पक्ष देखा नहीं है। वैसे सच यही है कि उन्हें कई मौकों पर मेरी मदद ही की।
वहीं डिंपल एक पुराने टीवी इंटरव्यू में कहती नजर आ रही हैं कि नाना के दो पक्ष हैं अच्छा और बुरा। उन्होंने कहा कि जहां तक नाना की अभिनय प्रतिभा का सवाल है तो उसका कोई मुकाबला नहीं। वह गजब के प्रतिभाशाली हैं। उनकी प्रतिभा देखती हूं तो लगता है कि उनके सौ खून भी माफ हैं। सब कुछ माफ है। मेरी जान भी ले लो। उनका मुझ पर इतना असर है। एक व्यक्ति के रूप में वह मेरे साथ बहुत-बहुत अच्छे रहे। अच्छे दोस्त हैं। लेकिन मैंने उनका भयावह रूप भी देखा है। वैसे तो हरेक इंसान में यह डार्क साइड होता है और उसे सबसे छुपा कर संभाल कर रखा जाता है। डिंपल ने नाना के साथ 'प्रहार', 'अंगारे', 'क्रांतिवीर' और 'वेलकम बैक' जैसी करीब आधा दर्जन फिल्मों में काम किया है।
उल्लेखनीय है कि नाना पर तमाम आरोप जड़ते हुए तनुश्री ने नाना पर यह भी आरोप लगाया कि महिलाओं के प्रति उनका हिंसक इतिहास है। इंडस्ट्री में तमाम लोग यह जानते हैं परंतु चुप रहते हैं। उन्होंनें कई बार महिलाओं का अपमान किया, अभिनेत्रियों पर हाथ उठाया, उन्हें सताया है परंतु यह बातें कभी पत्र-पत्रिकाओं ने नहीं छापी। उधर, रवीना टंडना का कहना कि आज सोशल मीडिया है इसलिए सब बातें सामने आ जाती हैं।
10 साल पहले ऐसी बातें फिल्मी पत्रिकाओं में गॉसिप बना कर तड़केदार भाषा में छापी जाती थीं तो कोई विश्वास नहीं करता था। एक दौर में आयशा जुल्का और मनीषा कोइराला से नाना के रिश्तों की बातें हुआ करती थीं। कहा जाता है कि दोनों ने उनका गुस्सा कई बार झेला। परंतु ये हीरोइनें नाना-तनुश्री के मुद्दे पर अभी तक खामोश हैं। न ही इन्होंने नाना के साथ अपने रिश्तों या उनके द्वारा अपने संग किए गए अच्छे या बुरे बर्ताव की ही कभी बात की है।