कंगना रणौत की शानदार अदाकारी वाली फिल्म ‘थलाइवी’ को हिंदी पट्टी के दर्शकों ने सिरे से नकार दिया है। फिल्म ने कोरोना की दूसरी लहर के बाद रिलीज हुई हिंदी फिल्मों में से सबसे खराब प्रदर्शन किया है। फिल्म के तमिल और तेलुगू संस्करणों को भी खास तवज्जो वहां के दर्शकों से मिली नहीं है। फिल्म को लेकर सिने कारोबारियों को ज्यादा उम्मीदें भी नहीं थीं और हिंदी पट्टी के तमाम मल्टीप्लेक्सेज में फिल्म इसलिए रिलीज नहीं हुई क्योंकि इसके निर्माताओं ने फिल्म के हिंदी संस्करण को फिल्म की रिलीज के दो हफ्ते बाद ही ओटीटी पर रिलीज करने का फैसला पहले ही कर लिया था।
Thalaivii Box Office Day 1: खराब मार्केटिंग ने डुबोई ‘थलाइवी’ की लुटिया, पहले दिन कमाए सिर्फ इतने
‘थलाइवी’ के हिंदी संस्करण का कलेक्शन कोरोना की दूसरी लहर के बाद रिलीज हुई हिंदी फिल्म ‘चेहरे’ से भी कम बताया जा रहा है। फिल्म के कलेक्शन कम होने की वजह एक तो इसे मिले सिनेमाघरों की संख्या है, दूसरे इसकी नॉन मेट्रो शहरों और कस्बों में मार्केटिंग देखने वालों ने उन इलाकों में फिल्म का प्रचार ही नहीं किया जहां कंगना के प्रशंसक सबसे ज्यादा तादाद में हैं।
निर्देशक ए एल विजय की फिल्म ‘थलाइवी’ को कंगना रणौत की अब तक की सबसे दमदार अदाकारी वाली फिल्म माना जा रहा है। खुद कंगना को भी उम्मीद रही कि ये फिल्म उन्हें भारतीय सिनेमा की सबसे ऊंची पायदान पर ले जाने में सफल रहेगी। लेकिन, फिल्म की कहानी से हिंदी क्षेत्र के दर्शकों का सीधा कनेक्ट न बनने और दूसरे उन तक पहुंचने वाले संचार माध्यमों में फिल्म के बारे में ढंग से प्रचार प्रसार न करने से भी फिल्म के कारोबार को काफी नुकसान पहुंचा है। हिंदी सिनेमा का सबसे ज्यादा कारोबार महाराष्ट्र के सिनेमाघर बंद होने से अब दिल्ली-यूपी और ईस्ट पंजाब वितरण क्षेत्रों से ही हो रहा है, लेकिन कंगना के कद्रदान उच्च मध्यमवर्गीय परिवारों तक फिल्म के रिलीज की सूचना ही फिल्म ‘थलाइवी’ के निर्माताओं ने नहीं पहुंचाई।
फिल्म ‘थलाइवी’ की गलत मार्केटिंग नीति का खामियाजा अब फिल्म के कारोबार को उठाना पड़ रहा है। शुक्रवार को फिल्म ट्रेड के पहले आंकड़ों के मुताबिक कंगना की ये बहुचर्चित और बहुप्रतीक्षित फिल्म हिंदी संस्करण से सिर्फ 25 लाख रुपये ही कमा सकी। इमरान हाशमी की फिल्म ‘चेहरे’ ने पहले दिन इससे ज्यादा कमाई की थी। फिल्म ‘थलाइवी’ का पूरे देश में पहले दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन सिर्फ सवा करोड़ रुपये बताया जा रहा है जो कंगना रणौत जैसी दिग्गज अदाकारा के कद को देखते हुए बहुत कम माना जा रहा है। फिल्म के तमिल और तेलुगू संस्करणों ने करीब एक करोड़ रुपये की कमाई पहले दिन की है। ट्रेड को उम्मीद थी कि फिल्म के पहले दिन का कलेक्शन कम से कम दो करोड़ रुपये के करीब रहेगा।
कोरोना की दूसरी लहर के बाद खुले सिनेमाघरों में रिलीज हुई पहली हिंदी फिल्म ‘बेलबॉटम’ ने रिलीज के पहले दिन करीब 2.75 करोड़ रुपये की कमाई बॉक्स ऑफिस पर की थी। वहीं, फिल्म ‘चेहरे’ का पहले दिन का नेट कलेक्शन ट्रेड से मिली जानकारी के मुताबिक सिर्फ 40 लाख रुपये रहा और ये अमिताभ बच्चन व इमरान हाशमी की फिल्म के लिहाज से उम्मीद से काफी कम माना गया। वहीं महीने के पहले शुक्रवार को रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्म ‘शांग ची एंड द लीजेंड ऑफ द टेन रिंग्स’ ने रिलीज के पहले दिन महाराष्ट्र को छोड़कर देश में बाकी जगहों पर 50 फीसदी क्षमता के साथ खुले सिनेमाघरों में पहले ही दिन सवा तीन करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी।