तीन साल पहले फिल्म ‘मरुधर एक्सप्रेस’ के गाने ‘तुम चले गए’ से सुधी संगीत श्रोताओं की भर भरकर दाद पाने वाले गायक यासिर देसाई (Yasser Desai) का संगीत सफर उनके नए गाने ‘रंग दरिया’ से रफ्तार पकड़ता दिख रहा है। यासिर के सुपरहिट गाने वैसे तो तमाम हैं लेकिन उनके चाहने वाले जो गाने अपनी प्लेलिस्ट में जरूर रखते हैं, उनमें फिल्म ‘गोल्ड’ का गाना ‘नैना ने बांधी...’ जैसे गानों के अलावा ‘मैंनूं जोगी होना’ और आर्टिकल 15 का गाना ‘नैना ये’ भी शामिल रहे हैं। फिल्म ‘चेहरे’ के गाना ‘रंग दरिया’ के साथ साथ उनका एक और लेटेस्ट गाना 'दिल को करार आया' भी सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है। सिद्धार्थ शुक्ला और नेहा शर्मा स्टारर इस गाने ने यू ट्यूब पर 100 मिलियन व्यूज पूरे कर लिए हैं।
'दिल को करार आया' ने पूरे किए 100 मिलियन व्यूज, यासिर बोले, ‘मुझे श्रोताओं ने यहां तक पहुंचाया’
कामयाबी की इस नई दस्तक से गायक यासिर देसाई (Yasser Desai) इन दिनों काफी खुश हैं। वह कहते हैं, "मैं बहुत खुश हूं। अमिताभ बच्चन, इमरान हाश्मी, क्रिस्टल डिसूज़ा और अनु कपूर जैसे सितारों से सजी फिल्म में गाना गाना मेरे लिए बड़ी बात है। मेरे लिए यह एक सपने के सच होने जैसा रहा है। 'रंग दरिया एक रोमांटिक गाना है जो इमरान हाशमी पर फिल्माया गया है और इमरान हाशमी पर सिनेमा में सुपरहिट रोमांटिक गाने खूब फबते भी हैं।"
कम लोग ही जानते हैं कि यासिर देसाई (Yasser Desai) ने संगीत का अपना सफर तब शुरू कर दिया जब वह सिर्फ 11 साल के थे। पांच साल पहले रिलीज हुई फिल्म ‘बेईमान लव’ से अपना प्लेबैक सिंगिंग सफर शुरू करने वाले यासिरको लोगों ने अब्बास मस्तान की फिल्म ‘मशीन’ के गाने 'तुम्हें चाहना है' ने लोकप्रिय बनाया।
फिल्म इंडस्ट्री में यासिर (Yasser Desai) का अभी पांचवां साल ही चल रहा है और फिल्म निर्देशकों व संगीतकारों को उनकी अनोखी आवाज भाने लगी है। वह कहते हैं, "अब तक सफर बहुत अच्छा रहा है। मैं इस सफर में कुछ अच्छे और कुछ बुरे लोगों से भी मिला। लेकिन यही जिंदगी है और इसी ने मेरे करियर को आकार देने में भी मदद की। जब मैं पीछे मुड़ कर देखता हूं तो मैंने अब तक जो काम किया है मुझे उस पर गर्व है। मैं संगीत के साथ काफी प्रयोग कर रहा हूं और जल्द ही एक म्यूजिक वीडियो में मैं खुद भी नजर आऊंगा।"
हिंदी सिनेमा में बिना किसी फिल्मी परिवार या खेमे के समर्थन के संघर्ष करने को यासिर देसाई (Yasser Desai) भी मुश्किल मानते हैं। लेकिन उनका मानना है कि दर्शक सिर्फ काबिलियत को पहचानते हैं और वही असल निर्णायक भी होते हैं। यासिर कहते हैं, "आउटसाइडर होना, किसी रियलिटी शो का विजेता न होना, किसी बड़े नाम से न जुड़ा होना, इन सबसे मुश्किलें और बढ़ जाती है । लेकिन अंत में ऑडियंस ही है जो किसी को स्टार बनाती है। चाहे वह शाहरुख़ खान हो या अक्षय कुमार या सोनू निगम, इन सबको स्टार ऑडियंस ने बनाया। मेरा कोई म्यूजिकल बैकग्राउंड नहीं है और न ही किसी बड़े म्यूजिक लेबल ने मुझे सपोर्ट किया लेकिन मुझे फिर भी लगातार नए प्रस्ताव मिल रहे है। मैं अपने श्रोताओं पर भरोसा करता हूं और आज जो भी हूं उन्हीं की बदौलत हूं और मैं उनका बहुत शुक्रगुजार हूं।"