70 के दशक में बॉलीवुड इंडस्ट्री में कई बेहतरीन अभिनेत्री रहीं, जो अपनी अदाकारी के साथ-साथ खूबसूरती की वजह से भी लोगों के दिलों पर राज करती थीं। इस लिस्ट में योगिता बाली का नाम भी शामिल है, जो आज बेशक सिनेमा जगत से दूर हैं, लेकिन अपने समय में योगिता बाली ने कई हिट फिल्में देकर फैंस को अपना दीवाना बनाया हुआ था। आज योगिता बाली अपना जन्मदिन मना रही हैं। 13 अगस्त 1952 को मुंबई में जन्मी योगिता बाली अभिनेता जसवंत और हर्षदीप कौर की बेटी हैं। फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखने की वजह से योगिता बाली का झुकाव हमेशा सिनेमा की तरफ रहा और फिर उन्होंने भी साल 1971 में फिल्म 'परवान' से सिनेमा की दुनिया में कदम रख दिया।
Yogita Bali: किशोर कुमार की तीसरी पत्नी थीं यह अभिनेत्री, तलाक लेकर थाम लिया था मिथुन चक्रवर्ती का हाथ
योगिता बाली की जिंदगी में किशोर कुमार की एंट्री
किशोर कुमार सिनेमा जगत के मशहूर गायक और अभिनेता थे, जिन्हें आज की जनरेशन भी पसंद करती है। अभिनेता ने चार शादियां की थीं, जिसमें योगिता बाली उनकी तीसरे नंबर की पत्नी थीं। दोनों पहली बार फिल्म ‘जमुना के तीर’ में साथ दिखे थे। ये वो समय था जब किशोर कुमार की दूसरी पत्नी मधुबाला का निधन हो गया था और वह जिंदगी में अकेले रह गए थे। ‘जमुना के तीर’ फिल्म रिलीज तो नहीं हुई, लेकिन इस शूटिंग के दौरान किशोर कुमार और योगिता बाली के बीच नजदीकियां बढ़ गईं, जिसके बाद योगिता और किशोर कुमार ने परिवार के खिलाफ जाकर साल 1976 में शादी रचा ली। हालांकि, दोनों का रिश्ता ज्यादा नहीं चला और महज दो साल में दोनों अलग हो गए।
मिथुन चक्रवर्ती और योगिता की शादी
कहा जाता है कि योगिता बाली की जिदंगी में मिथुन चक्रवर्ती की एंट्री तब ही हो गई थी जब वह किशोर कुमार की पत्नी थीं और मिथुन के लिए ही योगिता ने किशोर कुमार से अलग होने का फैसला लिया था। मिथुन और योगिता ने फिल्म ‘ख्वाब’ में साथ काम किया और साथ काम करते करते ही दोनों एक-दूसरे को दिल दे बैठे थे। किशोर कुमार को तलाक देने के एक साल बाद ही योगिता ने मिथुन चक्रवर्ती का हाथ थाम लिया था और दोनों ने साल 1979 में शादी कर ली। शादी के बाद मिथुन और योगिता तीन बेटों के माता-पिता बने। उनकी एक गोद ली हुई बेटी भी है।
प्रमुख फिल्में
मिथुन चक्रवर्ती से शादी करने के बाद योगिता बाली ने सिनेमा से दूरी बना ली और अपनी निजी जिंदगी में बिजी हो गईं। उनकी प्रमुख फिल्मों की बात करें तो वह 'परवाना', 'मेमसाब', 'समझौता', 'झील के उस पार', 'धमकी', 'अजनबी', 'नागिन', 'चाचा भतीजा', 'कर्मयोगी' जैसी कई फिल्मों में नजर आईं। हालांकि, यह भी सच है कि शानदार फिल्मों में काम करने के बाद भी योगिता खुद की वो पहचान नहीं बना पाई थीं जिससे वह अपने समय में रेखा, श्रीदेवी और हेमा मालिनी जैसी अभिनेत्रियों को टक्कर दे पाए।
कमेंट
कमेंट X