Devara: इस दिन रिलीज होगा जूनियर एनटीआर की 'देवरा' का दूसरा ट्रेलर, निर्माताओं ने बनाई यह खास योजना
जूनियर एनटीआर ने मुंबई में फिल्म के हिंदी संस्करण का प्रचार किया। वहीं, फिल्म का तेलुगु प्रचार जल्द ही शुरू हो जाएगा और प्रशंसक यह देखने के लिए उत्सुक हैं। फिल्म के ट्रेलर में जूनियर एनटीआर का दमदार अंदाज देखने को मिला था। ट्रेलर को दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। वहीं, फिल्म के प्रचार को और बढ़ाने के लिए निर्माता इसका दूसरा ट्रेलर रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। अब खबर है कि नया ट्रेलर पूरी तरह से कट चुका है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, अब निर्माता फिल्म का दूसरा ट्रेलर रिलीज करने के लिए भी पूरी तरह से तैयार हैं। अब खबर है कि यह दूसरा ट्रेलर कल होने वाले प्री-रिलीज़ इवेंट में लॉन्च किया जा सकता है। नए ट्रेलर में फिल्म में मौजूद बड़े सीक्वेंस को हाइलाइट किए जाने की उम्मीद है। साथ जूनियर एनटीआर का अलग अवतार भी दिखाया जा सकता है। इसमें फिल्म और इसकी कहानी को नए तरीके से दिखाया जाएगा।
वहीं, इस बीच फिल्म के नए गाने को लेकर भी खबर सामने आई थी। फिल्म का नया गाना 'आयुध पूजा' इस हफ्ते बड़े पैमाने पर लॉन्च किया जाएगा, जो फिल्म का ओपनिंग सॉन्ग भी माना जा रहा है। 'देवरा' जूनियर एनटीआर की 30वीं फिल्म भी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेता इस फिल्म में पिता और पुत्र दोनों का किरदार पर्दे पर निभाएंगे।
फिल्म में जान्हवी कपूर, सैफ अली खान के साथ राम्या कृष्णा, प्रकाश राज, श्रीकांत, श्रुति मराटे, नारायण, शाइन टॉम चाको, कलैयारासन, अभिमायु सिंह जैसे अन्य कलाकार भी होंगे। 'देवरा' का निर्माण युवासुधा आर्ट्स और एनटीआर आर्ट्स द्वारा किया गया है। संगीत रचना अनिरुद्ध रविचंदर द्वारा की गई है। यह फिल्म 27 सितंबर 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
