कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल के ठीक पास में बने सिन्टा भवन की दूसरी मंजिल इस बार ठहाकों से गुलजार रही। भारत में अपनी तरह के पहले कॉमेडी स्केच शो ‘शुगरकोटेड करेला’ में कोई डेढ़ दर्जन कलाकारों ने पांच प्रहसन प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन करने का प्रयास किया। निर्देशक नीलतरणी प्रताप और शो रनर कृष्ण हुड्डा की इस मिली जुली कोशिशों में सामाजिक व्यवस्था पर खूब तंज कसे गए। इन पांचों प्रहसनों में सबसे ज्यादा तालियां मिलीं ‘एयर कॉन’ को और कोटा में छात्रों की आत्महत्या पर बने व्यंग्य ‘डेड स्टूडेंट सोसाइटी’ ने भी लोगों को खूब झकझोरा।
Sugarcoated Karela: एयरलाइंस ने ‘पॉटी’ के वजन के हिसाब से बनाया सर्विस बिल, अंधेरी पुल बना कमाई का ऐसा धंधा
अरनव केडिया, प्रसाद बोरकर, सॉरिन देसाई और विशाल अग्रवाल के लिए नाटकों से सजी ये शाम पहले प्रहसन ‘डेड स्टूडेंट सोसाइटी’ से शुरू हुई। कॉमेडी स्केचेज का ये शो कुछ कुछ पुअर थियेटर जैसा ही है, जिसमें सब कुछ कलाकारों को अपने शारीरिक हावभाव दिखाकर ही करना होता है। पंखा हो या ड्रम सब कुछ यूं निखारना होता है कि दर्शकों को लगे अमुक चीज वाकई मंच पर मौजूद है। कहानी कोटा में छात्रों के बार बार आत्महत्या करने की घटनाओं से प्रेरित है और तंज है सीधे सीधे उनसे कोचिंग संचालकों पर जिनका पूरा ध्यान पैसे पर है, बच्चों की जान की उन्हें कोई परवाह ही नहीं।
‘शुगरकोटेड करेला’ में इस हास्य प्रहसन के अलावा सबसे ज्यादा लोगों को ‘एयर कॉन’ की प्रस्तुति पसंद आई। बीच में ‘दिल रुबा दिल टूटा’, ‘ब्राउन ब्लड’ और ‘डोंट माइंड द गैप’ के कलाकार भी दर्शकों को हंसाने की कोशिश करते रहे। लेकिन, ‘एयरकॉन’ से दर्शकों का रिश्ता सीधे बनता दिखाई दिया। सीट सेलेक्शन से लेकर खाने पीने के सामान तक हर चीज पर टिकट की फीस के अलावा पैसे वसूल करने के एयरलाइंस के बढ़ते चलन को इस प्रहसन ने बहुत सटीक तरीके से दर्शाया। नाटक के उस हिस्से पर तो पूरा वेदा कुनबा थियेटर ठहाकों से गूंज उठा जब यात्री के दीर्घशंका जाने पर एयर होस्टेस ने वजन के हिसाब से सेवा शुल्क तय कर दिया।
द निगेटिव नाट्य ग्रुप की प्रस्तुति ‘शुगरकोटेड करेला’ की प्रस्तुति इसके पहले आरामनगर के नाट्यमंचों पर हो चुकी है लेकिन इसकी इतने विशाल स्तर पूरी तरह पेशेवर ये पहली प्रस्तुति थी। अभिनय के अलावा टीम को बैकस्टेज भी मदद करने वाली अभिनेत्री अभिलाषा एफएनयू बताती हैं कि हमारी टीम में सभी पेशेवर अभिनेता शामिल हैं। इनके अलावा कुछ ऐसे लोग भी समूह में जुड़े हैं, जिन्होंने विदेशी स्कूलों से फिल्ममेकिंग सीखी है, और मुंबई आने के बाद अभिनय उनको रास आ गया है।
Salman Khan: गोलीबारी मामले में सलमान की पूर्व प्रेमिका सोमी अली ने जताई चिंता, कहा- 'मैं कभी नहीं चाहूंगी...'
प्रहसन ‘एयर कॉन’ में मिस्टर कोठारी बने अभिनेता राघव गोयल इस शाम के सबसे पसंदीदा अदाकार रहे। उन्होंने ‘डोंट माइंड द गैम’ में भी पान मसाला खाते हुए कर्मचारी की भूमिका शानदार तरीके से निभाई। राघव के अलावा पहले नाटक ‘डेड स्टूडेंट सोसाइटी’ में अभिलाषा एफएनयू की मादक, मोहक अदाएं भी दर्शकों को खूब भाईं। इन नाटकों में एलेक, अनिका अग्रवाल, अंजली मिश्रा, ध्रुव कपिला, फातिमा काजी, जतिन आहूजा, जोशुआ चिन, प्रसाद बोरकर, राजवीर वशिष्ठ, ऋषभ कीर्ति, शीतल साहनी, ओसामा जहीर, विशाल अग्रवाल और विश्वजीत निषाद ने भी अपने अपने किरदारों में रंग जमाने का पूरी कोशिश की।
Orry: बड़ा पाव को भारतीय बर्गर समझ बैठे थे ओरी, बोले- इसे खाने के बाद दो दिन तक बाथरूम में ही रहा
