कोविड 19 प्रोटोकॉल न मानने के चलते देश में भले इससे प्रभावित लोगों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हो रही हो लेकिन दुनिया के तमाम बड़े देशों ने कोरोना की पहली लहर से ही अच्छे खासे सबक सीखकर अपनी दुनिया पटरी पर लानी शुरू कर दी है। वहां थिएटर फिर से कारोबार शुरू कर रहे हैं और जिन फिल्मों की रिलीज साल भर पहले अटक गई थीं, वे फिल्में फिर से सिनेमाघरों का रुख कर रही हैं। इन फिल्मों की लिस्ट में सबसे अहम फिल्म है ‘ए क्वाइट प्लेस पार्ट 2’, जो पिछले साल मार्च में रिलीज होने वाली थी।
A Quiet Place Part 2: लौट आई सन्नाटे में दिल दहलाने वाली कहानी की अगली कड़ी, एवलिन की बढ़ी चुनौतियां
फिल्म ‘ए क्वाइट प्लेस’ तीन साल पहले रिलीज हुई थी। ये उन्हीं दिनों की बात है जब फिल्म के निर्देशक जॉन क्रैसिंस्की की सीरीज ‘जैक रयान’ की दुनिया भर में खूब तारीफ हो रही थी। जॉन क्रैसिंस्की का करियर बतौर अभिनेता ‘द ऑफिस’ से रॉकेट की तरह सिनेमा के आसमान में उड़ा और फिल्म ‘द क्वाइट प्लेस’ ने उनको एक काबिल निर्देशक के रूप में सिनेमा में स्थापित किया। वैस निर्देशन तो वह 2009 में शुरू कर चुके थे। फिल्म ‘ए क्वाइट प्लेस’ की सीक्वेल का ट्रेलर उनकी स्टोरी टेलिंग थोड़ा और आगे ले जाता दिखता है।
फिल्म ‘ए क्वाइट प्लेस पार्ट2’ को पिछले साल मार्च में रिलीज होना था। अमेरिका में इसके प्रेस शोज तक शुरू हो चुके थे। सब कुछ ठीक चल रहा था कि कोरोना का कहर शुरू हो गया। तब से अब जाकर इसकी नई रिलीज डेट आई है। एक फ्रेंचाइजी के तौर पर आगे बढ़ रही कहानी में जॉन क्रैसिंस्की एक बार फिर अपनी पत्नी एमिली ब्लंट को निर्देशित कर रहे हैं। कहानी वहीं से आगे बढ़ी है जहां पिछली फिल्म में ये रुकी थी।
एमिली ब्लंट की फिल्म ‘ए क्वाइट प्लेस पार्ट 2’ में एवलिन के रूप में वापसी हुई है। उसके दोनों बच्चे रेगन और मार्कस तो हैं ही इस बार उसे अपने नवजात को भी उन विचित्र जीवों से बचाना है जो आवाज सुनकर हमला करते हैं। लेकिन, इस बार मामला उनके घर के बाहर खुले में हैं। फिल्म की टैगलाइन कहती भी है, सन्नाटा हुए कुछ ज्यादा ही वक्त गुजर गया है। तो सन्नाटा इस बार जब टूटेगा तो क्या कहर बरपेगा, इसकी एक झलक है फिल्म ‘ए क्वाइट प्लेस पार्ट 2’ का ये ट्रेलर।
संयोग यहां ये भी है कि कोरोना के चलते घरों में सिमटी दुनिया को जब पड़ोसियों की भी सुध होने लगी है तो एवलिन के परिवार का भी साथ देने वाले कुछ फरिश्ते सामने आए हैं। फिल्म की कहानी को इसके निर्देशक जॉन क्रैसिंस्की आज के हालत से भी जोड़ते रहे हैं। अपने हाल के इंटरव्यूज में वह दुनिया के मौजूदा हालात और फिल्म की अंतर्धारा को लेकर काफी कुछ बातें भी कर चुके हैं। फिल्म अमेरिका में 28 मई को रिलीज होने जा रही है। भारत में फिल्म को पैरामाउंट पिक्चर्स की सहयोगी कंपनी वॉयकॉम 18 रिलीज करेगी।