किसान आंदोलन का मामला अतंरराष्ट्रीय मीडिया तक पहुंच चुका है और किसानों को विदेशी हस्तियों का पूर्ण समर्थन मिल रहा है। हॉलीवुड गायिका रिहाना के अलावा ग्रेटा थेनबर्ग, मिया खलीफा और जमीला जमील जैसे सितारों ने इस मुद्दे पर अपनी राय ट्वीट के जरिए साझा की है। हालांकि इन सितारों को किसानों का समर्थन दिखाने के चलते विरोध का सामना भी करना पड़ रहा है। हाल ही में ब्रिटिश मॉडल और एक्ट्रेस जमीला जमील ने बताया कि जब भी वो किसानों के समर्थन में कोई बात कह रही हैं तो उन्हें हत्या और रेप की धमकियां मिल रही हैं। जमीला ने ये बात अपने इंस्टाग्राम के जरिए अपने 3 मिलियन फॉलोअर्स के साथ साझा की।
किसान आंदोलन पर बोलने की वजह से मिल रही रेप और हत्या की धमकियां, ब्रिटिश एक्ट्रेस जमीला जमील का दावा
जमीला जमील एक ब्रिटिश मॉडल और अभिनेत्री होने के साथ साथ रेडियो जॉकी, लेखिका, एक्टिविस्ट और बॉडी पॉजिटिव एडवोकेट भी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट लिखकर अपना दर्द साझा किया है। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि, 'मैं बीते कुछ महीनों में बार बार भारत में आंदोलन कर रहे किसानों के पक्ष में बोलती रही हूं और मैं वहां घट रही बातों के बारे में भी बात कर रही हूं। जब भी मैं ये मुद्दा उठाती हूं तो मुझे हत्या और रेप की धमकियां मिलती हैं'।
इस नोट में जमिला ने आगे लिखा कि, 'जब आप मुझे संदेश भेज देने के लिए दबाव बना रहे हैं तो एक बात ध्यान में रखिए कि मैं भी एक इंसान हूं और मेरी भी बर्दाश्त करने की एक सीमा है। मैं भारत में विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों और लोगों के साथ हूं जो अपने अधिकारों के लिए एक लड़ाई लड़ रहे हैं'।
जमील ने आगे लिखा कि, 'मैं उम्मीद करती हूं आप पुरुषों को भी ऐसे मुद्दे पर बोलने के लिए ऐसे ही सवाल उठाते होंगे। जहां तक मैंने देखा है कि जनता की आंखों में पुरुषों पर महिलाओं की तुलना में कम हमले होते हैं। अंत में मैं यही कहना चाहूंगी की जो भी ये सब पढ़ रहा है वो जो बातें घट रही हैं उनके बारे में भी पढ़ें'।
बात करें जमीला की तो वो मशहूर कॉमेडी शो 'द गुड प्लेस' में एक अहम किरदार निभाते नजर आईं थीं। इस सीरीज में उन्होंने तहानी अल जमील का किरदार निभाया था। वहीं वो 'द मिसरी गेम' शो में होस्ट भी रही हैं। इसके साथ ही वो एक रियलिटी शो में बतौर जज भी नजर आ चुकी हैं। जमीला इन दिनों भारत में हो रहे किसान आंदोलन को लेकर सुर्खियों में हैं और अपने फैंस के साथ अपनी राय साझा कर रही हैं।