Movie Review: कॉमेडी कपल
अनुभव सिंह बस्सी का बस नाम ही काफी है। शक्ल याद आते ही हंसी आती है। किसी फिल्म की ओपनिंग अगर बस्सी के सीन से हो रही है तो ये तो पक्का है कि कहानी का टेकऑफ कहीं से कोई हिचकोले नहीं देने वाला। तो बस जी5 की नई फिल्म आपको कॉमेडी की एक ऐसी ही मैच्योर उड़ान पर ले जाती है जिसमें ज़िंदगी की कड़वी हकीकत भी है और सपनों की मीठी फंतासी भी। खुद पर ही हंसने की कॉमेडी में एक अलग विधा रही है, फिल्म ‘कॉमेडी कपल’ के निर्देशक नचिकेत सामंत ने इसे ही आगे बढ़ाया है।
Comedy Couple on ZEE5: रोमांस में कॉमेडी के ये हैं साइड इफेक्ट्स, हंसी हंसी में कायदे कानूनों पर चोट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्म ‘कॉमेडी कपल’ कहानी गुड़गांव में रहने वाले एक हसीन जोड़े की कहानी है। दीप शर्मा आईटी का बड़ा इंजीनियर है। घर वालों ने उस पर अपने जीवन के सारे सपने निछावर कर दिए हैं। पिता समझता है कि बेटा सेटल हो चुका है। लेकिन, बेटा है कि उसने अपने लाइफ का मोटो ही अलग बना रखा है, ‘नेवर सेटल’। उसकी लाइफ और वर्क दोनों की पार्टनरशिप जोया बत्रा के पास है। बातचीत में भी वह अपना नाम ही जोड़ी के तौर पर पहले रखा जाना पसंद करती है। दीप के दीये का असली तेल वह ही है। दोनों दीया और बाती हम की तरह अपनी कॉमेडी की लौ जलाए रखने के लिए लाइफ की बत्ती लगा देते हैं। और, इस सारी तिकड़म बिगड़म को ले आते हैं अपनी स्टैंड कॉमेडी में। दोनों का दावा है कि वह देश के पहले स्टैंड अप ‘कॉमेडी कपल’ है, और फिल्म को निर्देशक ने टिकाया भी इसी प्वाइंट पर है।
निर्देशक नचिकेत सामंत ने अपनी फिल्म ‘कॉमेडी कपल’ के दोनों मुख्य किरदारों को उनका अलग अलग जोन दे रखा है। साकिब का किरदार बात बात पर झूठ बोलता है और जोया के जीने की कला अलग है। दोनों का जोड़ विपरीत का आकर्षण है, अपोजिट अट्रैक्ट्स, लेकिन दोनों प्यार एक दूसरे को नेक्स्ट लेवल का करते हैं। दीप अगर जोया को बीयर बताए और कैसे कैसे बीयर का तापमान बदलने पर पानी, शर्बत पीते पीते अपने एक्ट में गौमूत्र पीने पर आ जाए, जोया को कतई नहीं अखरता। वैसे ही जोया भी अपनी लाइफ क्राइसिस को भरी महफिल में चुटकुला बनाकर उछाल देती है। साकिब और श्वेता के बीच एक केमिस्ट्री बनती यहां दिखाई देती है, ये केमिस्ट्री धीमी आंच पर पकती चाय की तरह है जिसकी खुशबू इसकी फिल्म ‘कॉमेडी कपल’ की सीक्वेल का सिगनल भी देती है।
फिल्म ‘कॉमेडी कपल’ का पूरा दारोमदार दरअसल इसके निर्देशक नचिकेत सामंत पर है। बिकास रंजन मिश्रा की अतरंगी सी एक कहानी पर लिखा स्क्रीप्ले भले कहीं कहीं लोचे ले जाता हो लेकिन इश्क का केमिकल लोचा नचिकेत ने संभाले रखा है। हां, फिल्म में एकाध किरदार आकर फिल्म की लंबाई जरूर बढ़ा देते हैं, लेकिन नचिकेत ने जैसा टेक ऑफ स्मूथ रखा है, वैसे ही कहानी की लैंडिंग भी बहुत अच्छे तरीके से कराई है। बीच हवा में थोड़ा बहुत टर्बुलेंस तो हर फ्लाइट में होता ही है।
फिल्म ‘कॉमेडी कपल’ की सीक्वेल के लिए इसमें जो सबक निकलते हैं, वो ये कि स्क्रीनप्ले जितना चुस्त हो उतना ही मजा आता है। एडीटिंग फिल्म की शानदार है ही। बीच कहानी में किरदारों का अलग नजरिया समझाने के लिए उनके ‘मन की बात’ को ब्लैक एंड ह्वाइट में समझाना एक और नया प्रयोग है इस फिल्म की मेकिंग में। प्रणय मनचंदा की मौजूदगी फिल्म में युवाओं को खींचने का काम करती है तो राजेश तेलंग ने यहां अपनी अदाकारी का एक अलग ही तेवर दिखा दिया है। आमतौर पर हाशिये पर रहने वाले इस अभिनेता ने यहां सेंटर प्लेस पाया और अदाकारी की जो सीधी किक मारी है, वो जाकर गोल में ही अटकती है।
फिल्म 'कॉमेडी कपल' आप यहां देख सकते हैं : https://www.zee5.com/movies/details/comedy-couple/0-0-213623