अपने नाम के साथ बिहार का नाम जोड़ने से कतराने वाले उदीयमान अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के बाद नेपोटिज्म का मुद्दा खूब उछला। करण जौहर तब इंटरनेट पर ट्रोल्स के निशाने पर रहे और अब भी वह इन हमलों से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। सब कुछ ठीक चल रहा होता तो शायद इस महीने वह 26 साल पहले रिलीज हुई एक सुपरहिट फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ के रीमेक पर काम कर रहे होते। उनकी मंशा यही थी। लेकिन, पहले कोरोना, फिर वंशवाद का मुद्दा और अब ड्रग्स पार्टी में आ रहे उनके नाम से लगता यही है कि धर्मा प्रोडक्शंस को लगी नजर हाल फिलहाल उतरने वाली नहीं है। देव आनंद के बेटे सुनील आनंद को लेकर फिल्म ‘कार थीफ’ से अपना करियर बतौर निर्देशक शुरू करने वाले समीर मलकान ने अपनी दूसरी ही फिल्म में हिंदी सिनेमा को एक सुपरहिट जोड़ी दे डाली। फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ से कुछ ही हफ्तों पहले रिलीज हुई थी अक्षय कुमार, सैफ अली खान और काजोल की फिल्म ‘ये दिल्लगी’। अक्षय और सैफ की कॉमिक टाइमिंग लोगों को इसमें पसंद आई। इस फिल्म के हैंगओवर का फायदा मिला फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ को। पहले ‘एक अनाड़ी एक खिलाड़ी’ के नाम से बनने जा रही ये फिल्म 23 सितंबर 1994 को रिलीज हुई और इसने कामयाबी के जो झंडे गाड़े, उसने अक्षय और सैफ की झोली में बतौर जोड़ीदार कई और फिल्में भी बना डालीं। और, हां, एक एफआईआर भी।
बाइस्कोप: जब रवीना के सामने खुल गई अक्षय कुमार की पोल, इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान हुआ ‘ब्रेकअप’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खिलाड़ी सीरीज की दूसरी फिल्म
फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ अक्षय की खिलाड़ी सीरीज की फिल्मों में गिनी जा सकने वाली दूसरी फिल्म है। 1992 में उनकी फिल्म ‘खिलाड़ी’ रिलीज हुई और उसके दो साल बाद आई फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’। इस फिल्म के बाद अक्षय ने साल 1995 में ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी’, 1996 में ‘खिलाड़ियों का खिलाड़ी’, 1997 में ‘मिस्टर और मिसेज खिलाड़ी’, 1999 में ‘इंटरनेशनल खिलाड़ी’, 2000 में ‘खिलाड़ी 420’ और साल 2012 में ‘खिलाड़ी 786’ जैसी फिल्में की हैं। इन फिल्मों को खिलाड़ी सीरीज की फिल्मों के तहत गिना जाता है। ध्यान रहे कि इन सारी फिल्मों का एक दूसरे से कोई लेना देना नहीं है, बस खिलाड़ी शब्द अक्षय कुमार की एक्शन इमेज से चिपक चुका है, खासतौर से फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ का रिव्यू कुछ ऐसे वेबसाइट्स पर प्रकाशित होने के बाद जिन पर सिर्फ हॉलीवुड की एक्शन फिल्मों के रिव्यू प्रकाशित हुआ करते थे। वहीं से अक्षय को एक्शन हीरो का तमगा भी मिला और अक्षय कुमार की टीम की ये उनकी ब्रांडिंग की पहली बड़ी और सफल कोशिश भी मानी जाती है।
सैफ के करियर की पहली सुपरहिट फिल्म
आज के बाइस्कोप की फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ का जिक्र करते समय कुछ देर पहले मैंने पुलिस में दर्ज एक एफआईआर का जिक्र किया था, ये एफआईआर दर्ज हुई थी इस फिल्म के दूसरे हीरो सैफ अली खान के खिलाफ। सैफ अली खान को बड़े अरमानों के साथ यश चोपड़ा ने अपनी फिल्म ‘परंपरा’ में लॉन्च किया था। साथ में उस समय के दिग्गज कलाकार आमिर खान, विनोद खन्ना और सुनील दत्त भी थे, लेकिन फिल्म फ्लॉप हो गई। इसके बाद उनकी अगली फिल्म ‘आशिक आवारा’ भी कोई खास कमाल बॉक्स ऑफिस पर नहीं दिखा पाई। इंडस्ट्री में ये चर्चा होने लगी थी कि पटौदी के नवाब मंसूर अली खान और शर्मिला टैगोर का ये बेटा ज्यादा दूर तक जा नहीं पाएगा। सैफ की दो और फिल्में ‘पहचान’ और ‘इम्तिहान’ भी जब फ्लॉप हो गईं तो उनके करियर का टर्निंग प्वाइंट बनकर आई फिल्म ‘ये दिल्लगी’। इस फिल्म में पहली बार लोगों ने सैफ के काम की तारीफ की।
सैफ की फ्लॉप फिल्मों का पहला रिकॉर्ड
निर्देशक नरेश मल्होत्रा को फिल्म ‘ये दिल्लगी’ यश चोपड़ा ने उनसे फिल्म ‘डर’ का पूरा सेटअप ले लेने के बाद दी थी। कम लोगों को ही पता होगा कि फिल्म ‘डर’ की पूरी कहानी और कलाकारों पर पहला काम फिल्म एडीटर से डायरेक्टर बने नरेश मल्होत्रा ने ही किया था। ‘ये दिल्लगी’ के कुछ ही हफ्तों बाद रिलीज हो गई थी फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ और इसी फिल्म के बाद लोगों ने सैफ अली खान को पहचानना भी शुरू कर दिया। सैफ और अक्षय ने इसके बाद फिल्म ‘तू चोर मैं सिपाही’, ‘कीमत’ ‘आरजू’ और ‘टशन’ में भी साथ काम किया है। लेकिन, फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ की रिलीज के बाद सैफ अली खान के खिलाफ जो एफआईआर दर्ज हुई उसने सैफ के करियर पर बहुत बुरा असर डाला। फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ के बाद फिल्म ‘कच्चे धागे’ उनकी अगली हिट फिल्म रही और इस बीच उनके खाते में बैक टू बैक 12 फ्लॉप फिल्में दर्ज हुईं। ये इनके करियर का वैसा ही कुछ दौर रहा, जैसा फिल्म ‘रेस 2’ के बाद सीधे फिल्म ‘तानाजी’ के हिट होने का रहा।
‘समलैंगिक’ कहने वाले की कर दी पिटाई
अब चलिए आपको बता ही देते हैं कि आखिर सैफ अली खान के खिलाफ फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ की रिलीज के बाद एफआईआर दर्ज क्यों हुई? सैफ अली खान की दबंगई का हिंदी सिनेमा का ये पहला ऐसा किस्सा रहा जिसकी तरफ पूरी दुनिया का ध्यान गया। सैफ अली खान इसके बाद एक रेस्तरां में मारपीट के बाद भी गिरफ्तार हो चुके हैं। फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ के बाद का किस्सा घर में घुसकर मारपीट करने का है। हुआ यूं था कि उस समय समलैंगिंक अधिकारों के चर्चित एक्टिविस्ट अशोक राव कवी से उनका पंगा हो गया था। कवी ने अपने एक आलेख में फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ में सैफ अली खान और अक्षय कुमार के ब्रोमांस को समलैंगिक प्रेम समझा और इस बारे में विस्तार से लिखा भी। कवी का ये भी तब कहना था कि एक टीवी शो में शर्मिला टैगोर को लेकर की गई एक टिप्पणी से भी सैफ उनसे काफी नाराज थे। कवी की दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक सैफ अली खान एक दिन उनके घर आए और उन्हें चेहरे पर जोर से हिट किया। उन्हें बचाने आईं उनकी मां के साथ भी सैफ ने बदतमीजी की। ये मुकदमा लंबा चला। कवी का आरोप रहा है कि पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई नहीं की। बाद में सैफ के अदालत पहुंचकर अपने व्यहार के लिए माफी मांगने के बाद ही इस मामले की इति हो सकी। सैफ का पंगा पब्लिक था तो फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ में एक पंगा अक्षय कुमार का भी चल रहा था जो थोड़ा पर्सनल था।