सोमवार से शुरू हो रहे 'एक दूजे के वास्ते 2' की शूटिंग के लिए इसके निर्माताओं ने मुंबई के कोलाहल से दूर भोपाल के शांत इलाके में पूरा सेट लगाया है। यहीं इस धारावाहिक के कलाकारों से अमर उजाला की मुलाकात हुई।
सुमन और श्रवण फिर लौटे एक दूजे के वास्ते, अगला सीजन सोमवार से सोनी टीवी पर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किसी कहानी के दर्शकों की पसंद पर खरा उतरने पर उसका अगला अध्याय या कहें कि अगला सीजन अब भारतीय दर्शकों को भी पसंद आने लगा है। मनोरंजन चैनल सोनी का मशहूर धारावाहिक एक दूजे के वास्ते भी अब अपने अगले अध्याय के साथ लौट रहा है। शो में नए कलाकारों कनिका कपूर और मोहित कुमार के साथ अक्षय आनंद, ममता वर्मा जैसे वरिष्ठ कलाकार भी हैं।
शो को बना रही कंपनी स्टूडियो नेक्स्ट के निर्माता रितेश मोदी बताते हैं, 'एक दूजे के वास्ते के नए सीजन की कहानी का मूल आधार पिछले सीजन जैसा ही है यानी कि बचपन के दोस्त बड़े होने पर कैसे एक गलतफहमी के चलते एक दूसरे से दूर हो जाते हैं। कहानी के मुख्य किरदार सुमन और श्रवण इस बार नए परिवेश और नए कलेवर में दिखेंगे।' एक दूजे के वास्ते 2 में सुमन तिवारी सैन्य पृष्ठभूमि से है और श्रवण एक शरारती, अनुशासनहीन और एक बिगड़ैल लड़का। शो की पृष्ठभूमि को देखते हुए भारतीय सेना के जानकारों की मदद ली गई है। यहां तक कि कलाकारों की वर्दियां तक सेना को कपड़ों की आपूर्ति करने वालों ने ही तैयार की हैं।
शो के लेखक दिलीप झा कहते हैं, 'एक दूजे के वास्ते 2 प्रेम कहानियों की शर्तों को नए सिरे से परिभाषित करता है। सभी प्रेम कहानियां परीकथा की तरह नहीं होती जिसमें अंत में सब खुशी-खुशी रहने लगते हैं। कभी-कभी दो लोगों की किस्मत में एक दूसरे से मिलना और प्यार करना लिखा होता है लेकिन यह जरूरी नहीं कि उनकी कहानी आगे चलकर एक खुशगवार जिंदगी में तब्दील हो जाए।' शो में सुमन तिवारी का किरदार निभा रही कनिका कपूर कहती हैं, 'मुझे सुमन के किरदार में उतरने के लिए अपनी सीखी बहुत सारी चीजों को दरकिनार करना पड़ा। लद्दाख में इस शो के प्रोमो की शूटिंग के वक्त हम बड़े कठिन वक्त से गुजरे हैं। वहां के मौसम का अनुभव हमने इससे पहले कभी नहीं किया था। मैं अभी बहुत कुछ सीख रही हूं और इस समय भोपाल में ही रह रही हूं जो कि बड़ा खूबसूरत शहर है।'
फिल्म हम नौजवान से अपना करियर शुरू करने वाले वरिष्ठ अभिनेता अक्षय आनंद ने इस शो में एक रईस पंजाबी परिवार के मुखिया की भूमिका निभाई है। वह बताते हैं, 'मेरे लिए पंजाबियत को अपने भीतर लाना काफी आसान तो नहीं रहा लेकिन दिल्ली के मेरे बहुत सारे दोस्त पंजाबी हैं। तो मैंने उनके बातचीत करने के लहजे, रुआब से रहने के अंदाज और बिंदास तौर तरीकों को इसमें अपनाया है। दो साल बाद मैं परदे पर दिखने जा रहा हूं तो जाहिर है मेरे प्रशंसकों को मुझसे काफी उम्मीदें भी होंगी। मैं इन उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश कर रहा हूं।'