'टेलीविजन वीकली' कॉलम में हम आपको टीवी की दुनिया की छोटी बड़ी हर खबर बताएंगे जिसने हफ्तेभर सुर्खियां बटोरी। हम आपको टीआरपी से लेकर सीरियल के अंदर तक, इसके साथ ही स्टार्स की निजी जिंदगी के बारे में भी चर्चा में रही खबरों का अपडेट देंगे। तो चलिए आपको बताते हैं कि इस हफ्ते कौन सी पांच खबरों ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी।
'रामायण' के 'सुग्रीव' के निधन से सिमरन खन्ना के तलाक तक, हफ्तेभर की टीवी की पांच खबरें
'रामायण' के 'सुग्रीव' का निधन
'रामायण' (Ramayan) के दोबारा प्रसारण पर जहां सभी दर्शक खुश हैं तो वहीं इस शो से जुड़ी बुरी खबर आई हैं। इस शो में सुग्रीव का किरदार निभाने वाले श्याम सुंदर (Shyam Sundar) का निधन हो गया है। श्याम सुंदर के निधन की खबर से टीवी जगत में हलचल मच गई है। खास बात है कि जिस वक्त 'रामायण' में सुग्रीव से जुड़ा एपिसोड दिखाया जा रहा था उस वक्त ही ये खबर आई। ऐसे में दर्शक इस खबर से सदमे में हैं।
वेरीफाइड हुआ रामायण के राम का ट्विटर अकाउंट
रामायण को फिर से टीवी पर देखकर दर्शक बहुत खुश हैं। रामानंद सागर की रामायण में भगवान श्रीराम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल भी लगातार सोशल मीडिया पर एक्टिव रहकर लोगों से संवाद कर रहे हैं। हाल ही में उनके ट्विटर अकाउंट को वेरिफाइड कर दिया गया।
कोरोना के खिलाफ टीवी कलाकारों ने जारी किया वीडियो कैंपेन
लॉकडाउन की समयसीमा 3 मई तक बढ़ा देने के बाद सरकार दोगुनी तैयारी और गाइडलाइन के साथ आगे बढ़ रही है। चार दिवारी में कैद लोगों को हताशा से दूर रखने के लिए टीवी इंडस्ट्री के कलाकार भी समानांतर प्रयास कर रहे हैं। समाज में आशा की किरण बरकरार रखने के लिए कलर्स ने एक खास पहल की है। कलर्स ने समाजसेवी संस्थान गूंज के साथ मिलकर एक वीडियो कैंपेन चालू किया है। इस वीडियो में कलर्स के मुख्य आठ शो के कलाकार 'हम होंगे कामयाब' गीत गाते हुए दिख रहे हैं।
'रामायण' पर मीम्स बनते ही सामने आए टीवी के लक्ष्मण
टीवी पर रामायण की वापसी के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स भी बन रहे हैं। 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने इन मीम्स पर प्रतिक्रिया दी है। इन्होंने कहा- 'लोगों ने ये मीम्स मेरे पास भेजे हैं, जिन्हें देखकर अच्छा लग रहा है। बुरा बिल्कुल नहीं लगा रहा। मेरे भाई के बच्चे भी मुझे ये मीम्स भेजते रहते हैं। मैं इन्हें एन्जॉय करता हूं।'