छोटे परदे के सर्वाधिक पौराणिक चरित्रों में ‘महादेव’ का आभामंडल अलग ही रहा है। उनकी कहानियां और उनकी लीलाएं अलग अलग धारावाहिकों में अलग अलग कलाकारों के जरिये भारतीय दर्शक देखते ही रहे हैं,लेकिन ऐसा पहली बार हो रहा है जब भगवान शिव की बाल लीलाएं दर्शकों के सामने हैं। एंडटीवी पर शुरू हुए नए धारावाहिक ‘बाल शिव‘ को लेकर इसी वजह से दर्शकों में काफी उत्सुकता भी देखने को मिल रही है। बाल कलाकार आन तिवारी इस धारावाहिक में बाल शिव बने हैं और उन्होंने बीते हफ्ते ही इस धारावाहिक के सेट पर अपना जन्मदिन भी मनाया।
Baal Shiv on &TV: महादेव के सामने दंडवत हुए नन्हे ‘बाल शिव’, बोले, शिव का हर श्लोक जीवन का बीज मंत्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आन तिवारी कहते हैं, ‘‘मैं भगवान शिव का एक भक्त हूं। उनके तमाम श्लोकों को ऊर्जा मंत्र माना जाता है। शिव आराधना का हर मंत्र किसी बीज मंत्र से कम नहीं हैं। उनके दर्शन मात्र से लोगों को सारे कष्टों से छुटकारा मिल जाता है। धारावाहिक के लिए उनका आशीर्वाद लेने मैं भी काशी के विश्वनाथ मंदिर गया। साथ में धारावाहिक के तमाम दूसरे कलाकार भी रहे। मैं कई मंदिरों में गया हूं लेकिन इतना खूबसूरत मंदिर मैंने पहले कभी नहीं देखा। मैं जल्द ही फिर से वहां जाना चाहता हूं।”
आन तिवारी के साथ काशी भ्रमण पर गए धारावाहिक के दूसरे कलाकारों मौली गांगुली, सिद्धार्थ अरोड़ा और शिव्या पठानिया ने काशी की महिमा देखी और अस्सी घाट पर उन्हीं दिनों हुए भव्य देव दीपावली कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। घाट पर मौजूद तमाम शिव भक्तों से भी इन कलाकारों ने मुलाकात की। काशी विश्वनाथ मंदिर की भव्यता देख मंत्रमुग्ध हुई मौली गांगुली कहती हैं, ‘‘काशी विश्वनाथ मंदिर में एक अलग तरह की शांति मिलती है। शिव की नगरी से भगवान शिव का आशीर्वाद लेकर इस शो की शुरूआत करने से बेहतर कुछ और हो ही नहीं सकता था।” कम लोगों को ही पता होगा कि धारावाहिक ‘बाल शिव’ में महादेव का चरित्र निभा रहे सिद्धार्थ अरोड़ा वाराणसी के ही रहने वाले हैं। वह कहते हैं, ‘‘मैं जब भी अपने घर जाता हूं तो काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन जरूर करता हूं।”
सिद्धार्थ ने इस बार धारावाहिक ‘बाल शिव’ के कलाकरों के लिए गाइड का भी काम किया। वह खुद बताते हैं, “इस बार का अनुभव बहुत अलग था क्योंकि मैं अपने बाल शिव परिवार के साथ वहां गया था। यह मंदिर बिल्कुल मेरे घर जैसा है जहां पर बैठकर मैं इस जीवन और इस जीवन में मुझे मिले ढेरों अवसर देने के लिए परम पिता परमेश्वर का धन्यवाद देता रहता हूं। काशी विश्वनाथ मंदिर देश के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है।”
धारावाहिक ‘बाल शिव’ में पार्वती का चरित्र निभा रहीं अभिनेत्री शिव्या पठानिया इस बारे में बताती हैं, ‘‘मैंने काशी विश्वनाथ मंदिर के बारे में बहुत कुछ पढ़ा था लेकिन वहां जाना एक अलग ही अनुभव रहा। मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानती हूं कि मुझे काशी विश्वनाथ मंदिर में भगवान शिव का दर्शन करने और शो के लिये उनका आशीर्वाद पाने का मौका मिला। मंदिर की यात्रा के अलावा, हमने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा भी किया और मुंह में पानी भर देने वाले पकवानों जैसे टमाटर चाट और कुल्हड़ की चाय के साथ लिट्टी चोखा का भी स्वाद चखा।”