छोटे परदे पर गायन से संबंधित रियलिटी शोज की लोकप्रियता शुरू से खूब रही है। फिल्मी गानों से लेकर भजनों तक के कंपटीशन भी इन चैनलों पर होते रहे हैं लेकिन इन प्रतियोगिताओं के निर्णायकों में पहली बार हिंदी के किसी कवि को शामिल किया जा रहा है। जी हां, हिंदी के चर्चित कवि कुमार विश्वास जल्द ही जी टीवी के एक सिंगिंग रियलिटी शो ‘स्वर्ण स्वर भारत’ में बतौर निर्णायक नजर आएंगे। शो में उनके साथ कैलाश खेर और सुरेश वाडेकर जैसे प्रतिष्ठित गायक भी जज बने हैं। शो के संचालक की जिम्मेदारी मिली है बीजेपी सांसद और अभिनेता रवि किशन को। जी टीवी के मुताबिक इस कार्यक्रम की संकल्पना 'आजादी के अमृत महोत्सव’ को मनाने के लिए की गई है। और, इसमें शामिल होने वाले प्रतिभागी सिर्फ भक्ति गीत ही गाएंगे।
Swarn Swar Bharat: जी टीवी ने बनाया भक्तिगीतों का अनोखा रियलिटी शो, कुमार विश्वास भी निर्णायकों में शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भक्ति गायन रियलिटी शो ‘स्वर्ण स्वर भारत’ के बारे में गायक कैलाश खेर कहते हैं, “प्रधानमंत्री की पहल आजादी के अमृत महोत्सव में रियलिटी शो ‘स्वर्ण स्वर भारत’ हमारा विनम्र योगदान है। हम दर्शकों को भक्ति संगीत के माध्यम से उनकी जड़ों तक वापस ले जाने का प्रयास करेंगे। ‘स्वर्ण स्वर भारत’ न केवल प्रतिभाशाली गायकों को अपनी गायन क्षमता दिखाने का एक मंच प्रदान करेगा बल्कि उन्हें भारतीय संस्कृति और हमारे मूल्यों की गहरी समझ को प्रदर्शित करने का भी मौका देगा। भारत के समृद्ध भक्ति संगीत को भारत और विदेशों में जी टीवी की पहुंच के माध्यम से वैश्विक दर्शकों तक ले जाने के लिए मैं उत्सुक हूं।”
इसी साल पद्मश्री से सम्मानित किए गए गायक सुरेश वाडकर का मानना है, “इस शो के माध्यम से हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति को भावपूर्ण भक्ति संगीत के माध्यम से पूरी दुनिया के सामने पेश करने का प्रयास किया जाएगा। मुझे यकीन है कि हमारी जड़ों से जुड़ा नया संगीत और आख्यान निश्चित रूप से दर्शकों को बांधे रखेंगे। शो के लिए डॉ कुमार विश्वास और कैलाश खेर के साथ शूटिंग करना मेरे लिए खुशी की बात है।”
वहीं, लोकप्रिय कवि कुमार विश्वास कहते हैं, “एक कवि के रूप में मुझे लगता है कि एक भक्ति और देशभक्ति गीत का असली सार एक गायक के प्रस्तुत करने के तरीके से जीवंत हो जाता है। अभिव्यक्ति और भावनाओं के सही संतुलन के साथ प्रत्येक शब्द केवल हमारी संस्कृति की सहज समझ से आ सकता है। यह एक गायक के लिए सबसे महत्वपूर्ण पहलू है जो उन्हें श्रोता से जुड़ने में मदद करता है। ‘स्वर्ण स्वर भारत’ पर, हम एक ऐसे गायक की तलाश में हैं जो सुर, भाव और सार के तत्वों को जोड़ता है।”
भक्ति गायन रियलिटी शो ‘स्वर्ण स्वर भारत’ के संचालक रवि किशन भी अपने इस नए धारावाहिक को लेकर काफी खुश हैं। वह कहते हैं, "मैं कई टीवी शो का हिस्सा रहा हूँ, लेकिन यह पहली बार है जब मुझे एक सिंगिंग रियलिटी शो की मेजबानी करने का ऐसा अनूठा अवसर मिला है जो भक्ति शैली के आसपास केंद्रित है और दर्शकों को उनकी सांस्कृतिक जड़ो तक वापस ले जाने का प्रयास करता है।”