गोरखनाथ मंदिर में आयोजित मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में पहुंचीं बांसगांव तहसील क्षेत्र के सिरसिया गांव निवासी चंदा सिसक पड़ीं। बोलीं, महराज जी! दो माह हो गए, मेरे कलेजे के टुकड़े के हत्यारों को पुलिस नहीं ढूंढ सकी।
Janta Darbar: महिला ने लगाई गुहार, महराज जी! कलेजे के टुकड़े के हत्यारों को नहीं ढूंढ रही पुलिस, सीएम बोले-जल्द करें गिरफ्तारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए हुए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इसी तरह चिलुआताल इलाके के अमवा की रहने वाली जलुसा देवी ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके पति जुगानी निषाद की तीन महीने पहले गांव के ही कुछ लोगों ने हत्या कर दी। आरोप लगाया कि पुलिस हत्यारों से मिल गई है। आरोपी क्षेत्र में बेखौफ घूम रहे हैं। शिकायत कोई सुन नहीं रहा है।
जनता दर्शन के दौरान सर्वाधिक शिकायतें पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आने पर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निचले स्तर पर काम नहीं हो रहा। तत्काल ऐसे मामलों में गिरफ्तारी की जाए। अब तक इन मामलों में कार्रवाई क्यों नहीं हुई, इसका स्पष्टीकरण भी लिया जाए। किसी भी दशा में थाने स्तर की शिकायतें मुख्यालय तक नहीं पहुंचनी चाहिए। थाने पर ही न्याय मिलना चाहिए। दोषी और लापरवाह पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की जाए। जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने एक दिव्यांग युवती का उत्साह बढ़ाते हुए विश्वास दिलाया कि उसकी हर संभव मदद की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम में सुबह आठ बजे से 150 से अधिक फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निस्तारण कराने का निर्देश दिया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दौरे की वजह से मुख्यमंत्री को जनता दर्शन से थोड़ा जल्दी निकलना पड़ा। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने यात्री निवास एवं हिंदू सेवाश्रम मिलाकर करीब 750 फरियादियों की शिकायतें सुनीं।
इस दौरान कमिश्नर रवि कुमार एनजी, डीआईजी जे. रविंद्र गौड, डीएम कृष्णा करुणेश, एसएसपी डॉ. विपिन ताडा, एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई, सीएम कैंप कार्यालय के ओएसडी मोतीलाल सिंह, अजय सिंह समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद रहें।
मां को भरोसा दिलाया, बच्चों को किया दुलार
हिंदू सेवाश्रम में आयोजित जनता दर्शन में महिलाओं के साथ उनकी गोद में छोटे बच्चों को देख मुख्यमंत्री भावुक हो गए। उन्होंने पहले महिलाओं की फरियाद सुनीं और जल्द निस्तारण का भरोसा दिलाया। फिर, बच्चों के लिए चाकलेट मंगाकर उन्हें खिलाया। बच्चों के सिर पर हाथ फेरकर उन्हें दुलारा, उनके नाम पूछे। एक मां की गोद में साल भर की बिटिया को देख मुख्यमंत्री ने खुद रैपर फाड़कर उसे अपने हाथों से चाकलेट खिलाया।
दर्शन-पूजन कर गोशाला पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह मठ से बाहर आए तो उन्होंने शिवावतारी गुरु गोरखनाथ का दर्शन पूजन किया। उसके बाद अपने गुरु महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर पहुंच आशीर्वाद लिया। फिर भ्रमण करते गोशाला पहुंचे। जहां नव निर्मित महायोगी गुरु गोरखनाथ गो सेवा केंद्र का निरीक्षण किया। अपने श्वान कालू एवं गुल्लू को बिस्कुट खिलाया। उसके बाद जनता दर्शन के लिए पहुंचे।