जम्मू में दो पुलिस थाना क्षेत्रों में हुई खूनी झड़प में कई बातें सामने आ रही हैं। पुलिस तीन पहलुओं को लेकर मामले की जांच कर रही हैं। इसमें हेरोइन की तस्करी, जमीन का विवाद और पैसों का लेन देन शामिल है। जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। मामले की जांच ड्रग्स के साथ जोड़कर भी की जा रही है। क्योंकि घायल बाबर चौधरी पर नशा तस्करी के आधा दर्जन केस दर्ज हैं।
Jammu Murder Case: आरोपी पुलिस वाले ने एके-47 से की थी ताबड़तोड़ फायरिंग, दोहरे हत्याकांड से दहला जम्मू
निलंबित है सादिक, भूपेंद्र सांबा में तैनात
आरोपियों में शामिल हेड कांस्टेबल सादिक चौधरी आईआरपी की 17 बटालियन का जवान है, जो फिलहाल निलंबित है। वहीं, अन्य आरोपी भूपेंद्र सिंह आईआरपी की 12 बटालियन का जवान है, जो इस समय सांबा में तैनात है।
डॉक्टरों के बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम
मृतक आरिफ और साबर का शुक्रवार की शाम 6 बजे डॉक्टरों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया। एसएसपी जम्मू ने इसे लेकर डीसी की अनुमित से अस्पताल में बोर्ड बनवाया और इसके बाद पोस्टमार्टम कराया, ताकि मामले की तह तक जाया जा सके।
जानकारी के अनुसार इस वारदात के वक्त गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत मच गई। एक समय लोगों को ऐसा लगा कि क्षेत्र में मुठभेड़ हो गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी कांस्टेबल भूपेंद्र ने अपनी एके-47 से ताबड़तोड़ फायरिंग की। आरिफ और साबर ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया। लेकिन बाबर और परवीन किसी तरह से भागने की कोशिश करने लगे, बच नहीं पाए। बाबर के सीने और सिर में गोली लगी है।। प्रवीन मौके से फरार हो गया, लेकिन भागते हुए उसकी टांग में भी गोली लगी है।
एसआईटी बनी, एसपी हेडक्वार्टर करेंगे जांच
इस दोहरे हत्याकांड को लेकर एक विशेष जांच टीम गठित कर दी गई है। जिसकी जांच एसपी हेडक्वार्टर रमनीश गुप्ता करेंगेे। उनके साथ डीएसपी शब्बीर, एसएचओ हरजीत सिंह, एसएचओ बिश्नाह और अन्य सहयोग करेंगे।
आरोपी कांस्टेबल सादिक को लेह में ट्रांसफर किया गया था, लेकिन वह ड्यूटी ज्वाइन करने नहीं पहुंचा। इसलिए उसे निलंबित कर दिया गया। वहीं, घायलों में शामिल बाबर चौधरी पर आरएस पुरा पुलिस स्टेशन में 18 एफआईआर दर्ज हैं। इन सभी में साबर के खिलाफ नशा तस्करी, मारपीट और जानलेवा हमले करने के अलावा तेजधार हथियारों का इस्तेमाल करने के केस दर्ज हैं। दो बार बाबर पर पीएसए लग चुका है। तीन महीने पहले ही वह छह महीने की सजा काट कर आया था।
अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। शुरूआती जांच में पैसों का लेनदेन और जमीन का कोई पुराना विवाद बारदात का कारण लग रहा है। ड्रग्स की फिलहाल कोई बात सामने नहीं आई है। एसआईटी गठित कर दी है। केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। - चंदन कोहली, एसएसपी, जम्मू
