शरीर और मन दोनों को स्वस्थ बनाए रखने के लिए सभी लोगों को आहार और जीवनशैली पर विशेष ध्यान रखने की सलाह दी जाती है। पर क्या इतना ही काफी है? हालिया अध्ययन बताते हैं कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए आहार और व्यायाम के साथ बेहतर नींद प्राप्त करना भी बहुत आवश्यक माना जाता है। नींद की अवधि और गुणवत्ता में सुधार करने से कई तरह की क्रोनिक बीमारियों के जोखिम से बचा जा सकता है। हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कई कारणों से पिछले कुछ वर्षों में लोगों के लिए अच्छी नींद प्राप्त करना बड़ी चुनौती बन गई है।
Better Sleep Tips: 'मस्क के मंत्र' से सुधरेगी नींद की गुणवत्ता, ये उपाय हो सकते हैं आपके लिए बेहद कारगर
क्या कहते हैं एलन मस्क?
For improved quality of sleep, raise head of your bed by about 3” or 5cm and don’t eat 3 hours before bedtime
एक ट्वीट में एलन मस्क ने नींद की गुणवत्ता पर जोर देते हुए इसे सुधारने के लिए दो उपाय सुझाए हैं। पहला- बिस्तर से सिर को 3-5 सेंटीमीटर की ऊंचाई पर रखें, इसके लिए आप तकिए का प्रयोग कर सकते हैं। दूसरा- सोने से तीन घंटे पहले तक कुछ भी न खाएं।
बेहतर नींद के लिए क्या है विशेषज्ञों की सलाह?
रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के विशेषज्ञ कहते हैं, अगर हम कुछ बातों का ख्याल रख लें तो रात में अच्छी नींद पाना कठिन नहीं है। जो भी लोग नींद की समस्या से परेशान हैं उनके लिए ये टिप्स कारगर हो सकते हैं।
- सोने का समय निश्चित कर लें। एक ही समय पर बिस्तर पर जाएं और सुबह एक ही समय पर रोजाना उठें।
- सुनिश्चित करें कि आपका बेडरूम शांत, अंधेरा और आरामदायक तापमान वाला है।
- टीवी, कंप्यूटर और स्मार्टफोन जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नींद की अवधि में इस्तेमाल न करें।
- सोने से पहले हल्का भोजन ही करे। कैफीन और शराब से बचें।
- सोने से पहले वॉक करने की आदत बनाएं। दिन के दौरान शारीरिक रूप से सक्रिय रहने के उपाय करने से अच्छी नींद में मदद मिल सकती है।
नींद की गुणवत्ता प्रभावित होने से खतरा
अध्ययनों से पता चलता है कि जिन लोगों की नींद पूरी नहीं हो पाती है उनमें कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं के विकसित होने का खतरा हो सकता है।
- नींद पूरी न होने से दिनभर सतर्कता का अभाव रहता है, काम करने का मन नहीं करता।
- रात की नींद पूरी न होने से आपको दिन में बहुत नींद और थका हुआ महसूस हो सकता है।
- नींद की कमी आपके सोचने, याददाश्त और सूचनाओं को संसाधित करने की क्षमता को प्रभावित कर सकती है।
- नींद पूरी न होने से जीवन की गुणवत्ता पर भी नकारात्मक असर हो सकता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।