बीते एक साल के आंकड़े उठाकर देखें तो पता चलता है कि दुनियाभर में कई ऐसी बीमारियों का खतरा एक बार फिर से बढ़ने लगा है जिनके मामले एक समय में काफी कंट्रोल हो गए थे। खसरा (मीजल्स) रोग उनमें से एक है जो पिछले कुछ समय से कई यूरोपीय देशों के लिए गंभीर चिंता का कारण बना हुआ है।
Alert: ब्रिटेन-अमेरिका में दहशत फैलाने वाली ये बीमारी अब भारत में भी पहुंची, मणिपुर में सामने आए 11 मामले
- विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और यूनिसेफ के डेटा से पता चलता है कि यूरोपीय देशों में खसरे के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं।
- अब खसरा के मामले भारत में भी बढ़ते हुए देखे जा रहे हैं। खबरों के मुताबिक मणिपुर में खसरे का प्रकोप देखा जा रहा है, जहां कम से कम 11 लोगों को इसका शिकार पाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मणिपुर में खसरा के मामले सामने आए
मणिपुर के स्वास्थ्य अधिकारियों ने सूचना दी है कि जिन 11 लोगों में खसरे का पता चला है उनमें से 10 मरीजों को टीके की एक भी खुराक नहीं मिली थी। अधिकारियों ने लोगों से टीका लगवाने का आग्रह करते हुए कहा कि इन इलाकों में किए गए एक त्वरित सर्वेक्षण में टीकाकरण में भारी अंतर का पता चला है, जो चिंताजनक है।
जिला प्रशासन ने संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करने और टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए एक बैठक बुलाई। अधिकारियों ने कहा, टीकाकरण के प्रति लोगों की हिचकिचाहट ने मौजूदा स्थिति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सभी लोगों को इस बीमारी से बचाव के लिए वैक्सीनेशन पर विशेष जोर देने की आवश्यकता है।
(ये भी पढ़िए- दुनियाभर में 3 करोड़ से ज्यादा बच्चों पर मंडरा रहा है खसरा रोग का खतरा)
मामले इतने कम फिर क्यों है चिंता?
भारत में खसरे को लेकर चिंता इसलिए है क्योंकि हाल के महीनों में दुनिया के कई देशों में इस बीमारी का भयंकर प्रकोप देखा गया है। हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका में खसरे के मामले अप्रैल के दूसरे हफ्ते तक 700 से ऊपर पहुंच गए थे। बच्चे इस संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित देखे जा रहे हैं, कई रोगियों को अस्पतालों में भी भर्ती करने की जरूरत पड़ी है।
बढ़ते खतरे को देखते हुए यूएस सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) ने लोगों का टीकाकरण कराने और संक्रमण बढ़ने की रफ्तार को कंट्रोल करने के लिए कई टीमों को तैनात किया है। अमेरिका में साल 2024 की तुलना में इस बार खसरा के मामले दोगुने से अधिक हैं।
वैक्सीनेशन में कमी ने बढ़ाई मुश्किलें
विश्व स्वास्थ्य संगठन और यूनिसेफ द्वारा जारी आंकड़े बताते हैं कि दुनियाभर में 3 करोड़ से ज्यादा बच्चों को पूरी तरह से एमएमआर वैक्सीन नहीं लगाया गया है वहीं 1.43 करोड़ बच्चों को वैक्सीन की एक भी डोज नहीं लगी है। मीजल्स, मम्प्स और रूबेला (एमएमआर) वैक्सीनेशन को खसरे की रोकथाम के लिए सबसे प्रभावी माना जाता रहा है।
अमेरिका के अलावा ब्रिटेन में भी इस बीमारी का प्रकोप देखा जा रहा है। ब्रिटेन को साल 2017 में, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मीजल्स फ्री घोषित कर दिया था, वहां इस रोग के मामले फिर तेजी से बढ़ने लगे हैं।
डरा रहे हैं आंकड़े
भारत कुछ दशकों पहले तक खसरा से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में से एक रहा था, हालांकि टीकाकरण को बढ़ावा देकर इस रोग के जोखिमों को पिछले वर्षों में काफी कम कर दिया गया था। आंकड़ों के मुताबिक साल 2017 से 2021 के बीच भारत में खसरे के मामलों में 62% की गिरावट आई, इस दौरान प्रति दस लाख जनसंख्या पर 10.4 से घटकर 4 मामले रह गए थे।
हालांकि कोरोना महामारी के दौरान राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान पर भी असर देखा गया जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे खसरे के टीके से चूक गए। लिहाजा देश के कई हिस्सों से पिछले दिनों बच्चों में खसरा के मामले बढ़ते हुए रिपोर्ट किए जा रहे हैं। इसको लेकर विशेषज्ञों की टीम ने अलर्ट किया है।
--------------
नोट: यह लेख डॉक्टर्स का सलाह और मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।