शरीर को स्वस्थ और फिट रखने के लिए पौष्टिक चीजों का सेवन करते रहना सबसे आवश्यक माना जाता है। ऐसे आहार हमारे लिए आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति करते हैं, ये हमें शारीरिक और मानसिक दोनों तरह से फिट बनाए रखने के लिए भी आवश्यक हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हमें रोजाना आहार के माध्यम से कई प्रकार के विटामिन्स और पोषक तत्वों की जरूरत होती है। विटामिन सी-डी की जरूरतों के बारे में अक्सर बात की जाती रही है, पर क्या आप विटामिन-के के बारे में जानते हैं?
Vitamin-K Deficiency: इस विटामिन की कमी हार्ट-हड्डियों की बढ़ा सकती है दिक्कत, जानिए आहार से कैसे प्राप्त करें
विटामिन-के की आवश्यकता
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, विटामिन के हमारे शारीरिक और मानसिक दोनों सेहत के लिए जरूरी है। हड्डियों और रक्त के लिए विटामिन-के तो जरूरी है ही साथ ही अध्ययनों में इसे मॉर्निंग सिकनेस को कम करने और संज्ञानात्मक (मानसिक) क्षमता को बढ़ाने के लिए भी आवश्यक माना जाता है। वैश्विक स्तर पर हृदय रोग और इसके कारण बढ़ते जोखिमों को कम करने के लिए भी विटामिन-के को आहार मे ंशामिल किया जाना चाहिए।
हृदय और हड्डियों के लिए बहुत जरूर है ये विटामिन
अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि आहार में विटामिन-के वाली चीजों की मात्रा को बढ़ाकर आप हृदय और हड्डियों की सेहत में सुधार कर सकते हैं। विटामिन के, रक्तचाप को कंट्रोल रखने में मददगार करता है, जो हृदय को स्वस्थ रखने के लिए बहुत आवश्यक है। यह हृदय को शरीर में रक्त को स्वतंत्र रूप से पंप करने में सक्षम बनाता है।
अध्ययनों से पता चलता है कि विटामिन-के हड्डियों को मजबूती देने और रखरखाव के लिए भी जरूरी है, ये हड्डियों के घनत्व में सुधार करता है और फ्रैक्चर के जोखिम को कम करता है।
विटामिन-के की कमी हो सकती है खतरनाक
विटामिन के का निम्न स्तर कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं को बढ़ाने वाला हो सकता है। इसकी कमी से अनियंत्रित रक्तस्राव का खतरा बढ़ा जाता है। विटामिन-के की कमी वैसे तो वयस्कों में दुर्लभ है, नवजात शिशुओं में इसका खतरा अधिक देखा जाता रहा है। विटामिन के, वसा में घुलनशील विटामिन भी है। ये लिवर और मस्तिष्क, हृदय, अग्न्याशय की कई प्रकार की समस्याओं को कम करने के लिए आवश्यक है।
विटामिन-के वाले खाद्य स्रोत
विटामिन-के की दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए आहार में कुछ प्रकार के खाद्य पदार्थों को शामिल करना आपके लिए लाभकारी है।
- हरी पत्तेदार सब्जियां, जैसे केल, पालक, शलजम, साग, कोलार्ड, सरसों का साग और हरी पत्ती सलाद को आहार का हिस्सा बनाएं।
- ब्रसेल्स स्प्राउट्स, ब्रोकली, फूलगोभी और पत्तागोभी जैसी सब्जियां विटामिन के का अच्छा स्रोत हैं।
- मछली, मांस, अंडे भी इस विटामिन का अच्छा स्रोत हैं।
-----------------
नोट: यह लेख स्वास्थ्य विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।