आहार की पौष्टिकता का ध्यान रखकर आप शरीर को स्वस्थ रख सकते हैं। ऊर्जा के स्तर को बढ़ाने के साथ इम्युनिटी पावर के लिए भी आहार की पौष्टिकता का ध्यान रखना बहुत आवश्यक माना जाता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को नियमित रूप से हरी सब्जियों और फलों के सेवन की सलाह देते हैं। विभिन्न प्रकार के पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों, जैसे खट्टे फलों और सब्जियों से शरीर को पर्याप्त पोषण मिलता है, इससे इम्यून सिस्टम मजबूत होता है और संक्रामक बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
Immunity Booster: चार चीजें जो आपकी इम्युनिटी को बना देंगी मजबूत, पास भी नहीं भटकेंगी संक्रामक बीमारियां
Immunity Boosting Food: जिन लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है वह कम बीमार होते हैं। गंभीर संक्रामक बीमारियां हों या फिर कैंसर के जोखिम को कम करने में भी मजबूत प्रतिरक्षा प्रणाली की आवश्यकता होती है। आइए जानते हैं कि इम्युनिटी बढ़ाने के लिए क्या खाना चाहिए?
इम्युनिटी को मजबूत करने के उपाय जरूरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अच्छी इम्युनिटी के लिए सबसे जरूरी उपाय है संतुलित आहार का सेवन करना। रोजाना डाइट में ताजे फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और प्रोटीन वाली चीजों को जरूर शामिल करें।
- विटामिन-सी से भरपूर आंवला, संतरा, नींबू और अमरूद इम्युनिटी बढ़ाने में मदद करते हैं, जबकि विटामिन डी और जिंक शरीर की रक्षा प्रणाली को मजबूत बनाते हैं।
- दही, छाछ और फर्मेंटेड फूड्स आंतों की सेहत सुधारते हैं, जिससे इम्यून सिस्टम बेहतर काम करता है।
- खानपान में सुधार के अलावा नियमित व्यायाम भी इम्युनिटी को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है।
- रोजाना 30 मिनट की वॉक, योग, प्राणायाम या हल्की एक्सरसाइज शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाती है और इम्युन सेल्स को एक्टिव रखती है। खासतौर पर योगासन और प्राणायाम तनाव कम करने के साथ-साथ शरीर की अंदरूनी ताकत बढ़ाते हैं।
आइए जानते हैं कि इम्युनिटी पावर को मजबूत बनाने के लिए किन चीजों को आहार में शामिल किया जाना चाहिए?
खट्टे फल जरूर खाएं
आहार में खट्टे फलों को शामिल करना शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूती देने के लिए बहुत आवश्यक है। खट्टे फलों से पर्याप्त मात्रा में विटामिन-सी होता है जो प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाए रखने के लिए बहुत मददगार है। संतरे और नींबू जैसे खट्टे फल विटामिन-सी के अच्छे स्रोत हैं। विटामिन-सी से इम्युनिटी मजबूत होती है जो सर्दी और खांसी के लक्षणों को कम करने में सहायक है।
भोजन में शामिल करें ब्रोकली
ब्रोकली को आहार का हिस्सा बनाकर कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ पाए जा सकते हैं। ब्रोकली विटामिन ए, सी, और ई के साथ फाइबर और कई एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती है, यही कारण है कि इसे सबसे स्वस्थ और पौष्टिकता वाली सब्जियों में से एक माना जाता है। ब्रोकली को कच्चा या उबालकर खाने से इसमें मौजूद पोषक तत्व संरक्षित रहते हैं जिससे शरीर को लाभ मिलता है।
डेयरी उत्पाद हैं जरूरी
दूध-दही और पनीर जैसे डेयरी उत्पाद आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ा सकते हैं। दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स आंत में पाए जाने वाले लाभकारी बैक्टीरिया को पोषण देते हैं, जिससे भोजन का पाचन आसान होता है। इसके अलावा इसमें कैल्शियम, विटामिन्स और कई प्रकार के मिनरल्स की अधिकता होती है जिससे शरीर को स्वस्थ और पौष्टिक रखने में मदद मिलती है।
पपीता बहुत लाभकारी फल
विटामिन-सी से भरपूर पपीता हमारे शरीर के लिए बहुत फायदेमंद है। पपीते में पैपिन नामक पाचक एंजाइम होता है, जिसमें एंटी-इंफ्लामेटरी गुण होता है। इसके अलावा पपीता में उचित मात्रा में पोटैशियम, मैग्नीशियम और फोलेट की भी मात्रा होती है जो आपके शरीर को स्वस्थ रखने और पाचन को मजबूती देने के लिए बहुत फायदेमंद है। इसे आहार का हिस्सा जरूर बनाएं।
---------------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।