Summer Travel Tips: गर्मियों के मौसम में लोग घूमने की इच्छा तो रखते हैं लेकिन कई बार बजट न होने के कारण वह सफर पर नहीं जा पाते। ऐसे में कम पैसों में यात्रा के लिए आपको थोड़ी सी प्लानिंग की जरूरत होती है। प्लान करके यात्रा करने से आप कम पैसों में अच्छी जगह की सैर कर सकते हैं। गर्मियों में अधिकतर लोग किसी हिल स्टेशन पर जाना पसंद करते हैं। दिल्ली के पास कई सारे हिल स्टेशन हैं, जहां के नजारे बहुत ही खूबसूरत हैं और गर्मियों की छुट्टियों के लिए ये हिल स्टेशन परफेक्ट हैं लेकिन अगर आपके पास बजट कम हैं तो भी आप इन हिल स्टेशन पर कम पैसों में जा सकते हैं। कहीं घूमने जाना हो तो परिवहन में आपके बहुत सारे पैसे खर्च हो जाते हैं। बजट में यात्रा करने के लिए ऐसे परिवहन का चयन करें, जिसका किराया भी कम हो और यात्रा में आनंद भी आए। इसके लिए आप फ्लाइट, ट्रेन या ट्रैक्सी की बजाए बस से सफर करें। फ्लाइट और ट्रेन का किराया तो ज्यादा होता ही है, साथ ही अपने गंतव्य पर पहुंच कर स्थानीय जगहों पर घूमने के लिए आपको अलग से पैसे खर्च करने पड़ते हैं। वहीं अगर आप बस से यात्रा कर रहे हैं तो सरकारी बसों का विकल्प अपना सकते हैं। इनका किराया अन्य प्राइवेट बसों से कम होता है। आइए जानते हैं गर्मियों में दिल्ली से हिल स्टेशन पर जाने के लिए सरकारी बसों का किराया कितना है, ताकि जेब पर न बढ़े बोझ और कम पैसों में कर सकें यात्रा।
Summer Travel Tips: दिल्ली से हिल स्टेशन जाने के लिए इन बसों से करें सफर, किराया है सबसे कम
दिल्ली से देहरादून बस का किराया
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून बहुत ही खूबसूरत और शांत जगह है। अगर आप गर्मियों में देहरादून जाने की योजना बना रहे हैं तो दिल्ली के कश्मीरी गेट से आपको बस मिल जाएगी। दिल्ली से देहरादून के लिए जनरथ बस का किराया 555 रुपये है। 36 सीटर बस से आप छह घंटे में देहरादून का सफर तय कर लेंगे। वहीं वोल्वो का किराया 770 रुपये से शुरू हुआ है। देहरादून में राजाजी नेशनल पार्क, टपकेश्वर मन्दिर और वन अनुसंधान संस्थान देख सकते हैं।
दिल्ली से ऋषिकेश का किराया
उत्तराखंड की आध्यात्म नगरी ऋषिकेश के सौंदर्य और शांत माहौल में गर्मी की छुट्टियां मनाने की सोच रहे हैं तो कम पैसों में यात्रा करने के लिए दिल्ली से ऋषिकेश जाने वाली बस से सफर करें। जनरथ बस से आप 569 रुपये का टिकट लेकर 250 किलोमीटर की दूरी साढ़े पांच से 6 घंटे में तय कर सकेंगे। वोलवो का किराया 787 रुपये है।
मनाली ट्रिप के लिए सरकारी बस का किराया
हिमाचल प्रदेश में भी बहुत सारे खूबसूरत हिल स्टेशन हैं। इनमें से सबसे प्रसिद्ध हिल स्टेशनों में मनाली का नाम है। आप दिल्ली से मनाली के लिए हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग की बस से सफर कर सकते हैं। बस का किराया 870 रुपये से लेकर 1580 रुपये तक का है। सुबह 6:40 बजे से लेकर रात 10 बजे तक आपको हिमाचल प्रदेश टूरिज्म की 13 अलग अलग बसे मिल सकती हैं। दिल्ली से मनाली जाने के लिए आपको लगभग 15 घंटे से लेकर 17 घंटे लग सकते हैं।
शिमला के लिए बस किराया
पर्यटकों के पसंदीदा हिल स्टेशन में शिमला का नाम सबसे पहले आता है। गर्मियों में शिमला ट्रिप पर जाना चाहते हैं तो कम पैसों में दिल्ली से शिमला का सफर तय करने के लिए हिमाचल प्रदेश ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन की बस आपको मिल जाएगी। दिल्ली से शिमला तक सफर सरकारी बस से करने के लिए 547 रुपये से 924 रुपये तक किराए में खर्च करने होंगे। पहली बस सुबह 8:5 पर रवाना होती है और आखिरी बस रात 11 बजे दिल्ली से निकलती है। लगभग 9 से 10 घंटों में आप शिमला पहुंच जाएंगे।